विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: कैरा नाइटली- आंखों में चमक लिए अभिनेत्री
कैरा नाइटली ने ब्रिटेन के टीवी तथा वहां की फिल्मों में कई भूमिकाएं की। उसने कभी किसी अभिनय स्कूल में प्रशिक्षण नहीं पाया, उसमें अभिनय की जन्मजात प्रतिभा है। उसे स्कूल के दौरान ही कई टीवी कार्यकर्मों में अभिनय का अवसर प्राप्त हुआ था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर आपने ‘पाइरेट्स ऑफ करिबियन: द कर्स ऑफ द ब्लैक पर्ल’ (2003), जेन ऑस्टिन के उपन्यास पर आधारित फिल्म ‘प्राइड एंड प्रज्युडीज’ (2005) या फिर ‘अटोनमेंट’ (2007) देखी है तो आप कैरा नाइटली को कभी भुला न पाएंगे। ‘पाइरेट्स ऑफ करिबियन: द कर्स ऑफ द ब्लैक पर्ल’ की एलिजाबेथ स्वान, ‘प्राइड एंड प्रज्युडीज’ की एलिजाबेथ बेनेट और ‘अटोनमेंट’ की सिसिलिआ टैलिस दर्शकों के हृदय पर अमिट छाप छोड़ जाती है।
अगर आपने ये फिल्में नहीं देखी हैं तो गुरिंदर चड्ढ़ा की ‘बेंड इट लाइक बेखम’ तो अवश्य देखी होगी उसमें जेस (परमिंदर नागरा) की ब्रिटिश सहेली जुलिएट (कैरा नाइटली) तो आपको अवश्य याद होगी।
कैरा नाइटली 26 मार्च 1985 को रिचमंड (लंदन) में नाटककार शर्मन मैक्डोनल्ड और अभिनेता बिल नाइटली के घर पैदा हुई। ब्रिटेन में पैदा हो कर कैरा ने हॉलीवुड पर राज किया है। अभिनय कैरा को घुट्टी में मिला है। बचपन से वह अभिनय कर रही है और शुरु से ही उसके एजेंट भी रहे हैं। लेकिन बचपन में उन्हें पढ़ने-लिखने में कठिनाई थी जिसे चिकित्सीय भाषा में डिस्लेक्सिया कहते हैं।
मगर इस अपंगता की कभी पुष्टि नहीं हुई क्योंकि उसे कभी भी ब्रिटिश डिस्लेक्सिया एसोशिएशन की औपचारिक परीक्षा में नहीं बैठाया गया। परिवार ने उसके साथ खूब मेहनत की और एक समय आया जब वह इस कमी से मुक्त हो गई।
ब्रिटेन के टीवी और फिल्मों में किया है काम
कैरा नाइटली ने ब्रिटेन के टीवी तथा वहां की फिल्मों में कई भूमिकाएं की। उसने कभी किसी अभिनय स्कूल में प्रशिक्षण नहीं पाया, उसमें अभिनय की जन्मजात प्रतिभा है। उसे स्कूल के दौरान ही कई टीवी कार्यकर्मों में अभिनय का अवसर प्राप्त हुआ। कैरा ने ब्रिटिश टीवी पर चार्ल्स डिकेंस के ‘ओलिवर ट्विस्ट’, ‘द बिल’, ‘द ट्रेजर सीकर्स’ आदि में काम किया। फिर रोमानिया जा कर वॉल्ट डिज्नी की फिल्म में काम किया।
इसी तरह कई फिल्मों में काम करते हुए उसे ‘बेंड इट लाइक बेखम’ में काम मिला फिर तो उसकी ख्याति पूरे विश्व में फैल गई। यह फिल्म लंदन में बसे प्रवासी भारतीयों से जुड़ी है। जेस और उसकी दोस्त जुलिएट यानी कैरा नाइटली दोनों फुटबॉल के पीछे पागल हैं। दोनों बहुत अच्छी खिलाड़ी हैं। असल में जुलिएट के कारण ही जेस को टीम में स्थान मिला है।
एक दिन जेस पार्क में खेल रही थी कि उस पर जूलिएट (केरा नाइटली) की निगाह पड़ती है, उसे जेस के खेल में दम नजर आता है, वह खुद हाउनस्लो हैरिअर्स की महिला टीम के लिए खेलती है। उसके कहने पर कोच जो (जोनाथन राइस-मेयर्स) उसे टीम में ले लेता है। फिर शुरु होती है दोनों की दोस्ती। शुरु से कैरा ने अभिनय से दर्शकों तथा समीक्षकों का ध्यान आकर्षित किया है।
अभिनय के साथ-साथ कैरा नाइटली ने अपनी शिक्षा जारी रखी, उसने क्लासिक्स, इंग्लिश लिटरेचर तथा पोलिटिकल हिस्ट्री में शिक्षा प्राप्त की। हालांकि एक समय आया जब उसे अभिनय के लिए शिक्षा छोड़नी पड़ी। ‘प्योर’ में वह एक नशीलची वेट्रेस बनी, ‘ए मिडसमर नाइट’स ड्रीम पर ‘द सीजन्स ऑल्टर’ में हेलेना बनी। फिर तो वह एक के बाद एक फिल्म करती गई।
‘डॉक्टर ज़िवागो’ की हिरोइन की भूमिका की, ‘लव एक्चुअली’ में जूलिएट की भूमिका की। सने टाइम-ट्रेवलिंग थिलर ‘द जैकेट’ में काम किया, इसी फिल्म में उसने पहली बार अमेरिकन लहजे का प्रयोग किया इसके पहले वह ब्रिटिश लहजे में ही संवाद बोलती थी। उसकी फिल्म ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन: डेड मैन’स चेस्ट’ ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई की।
'आना कैरेनीना' में किया अभिनय
महान रूसी लेखक लियो टॉल्सटॉय के उपन्यास ‘आना कैरेनीना’ में कैरा ने आना कैरेनीना की भूमिका निभाई उसके साथ केरेनीन की भूमिका में जूड लॉ की बड़ी अच्छी कैमेस्ट्री है। इसमें काउंट एलैक्सेई व्रोन्स्की की भूमिका में एरॉन टेलर जॉनसन को देखते बनता है। पूरी फिल्म रूसी समाज की संड़ाध को विस्तार से दिखाती है। इस फिल्म के सेट की भव्यता चकित करती है।
2012 की फिल्म ‘आना कैरेनीना’ के निर्देशक जो राइट हैं। उन्होंने पहले भी कैरा नाइटली को अपनी फिल्म में नायिका बनाया है। इस फिल्म की पटकथा प्रसिद्ध नाटककार टॉम स्टॉपर्ड ने तैयार की है। उपन्यास का यह एक अनोखा संस्करण है। तकरीबन पूरी फिल्म स्टेज सेटिंग पर फिल्माई गई है। नाटकीयता से भरपूर अभिनय। यहां तक कि घुड़दौड़ की प्रतियोगिता का प्रमुख दृश्य भी स्टेज पर फिल्माया गया है। यह फिल्म तकनीकि का भरपूर उपयोग करती है।
शैली के क्या कहने, प्रकाश-छाया, कैमरे के एंग्ल्स, पल-पल बदलते सेट, परदा, पोशाक, जेवरात, फर्नीचर, स्केटिंग रिंग, एडीटिंग। ओह! क्या नहीं है यहां! सब कुछ इतना चमकता हुआ, इतना आकर्षक है कि दर्शक इन सब में खो जाता है। कैरा नाइटली एक कुशल अभिनेत्री है, उसने आना की आंतरिक संवेदनाओं-भावनाओं को बखूबी उभारा है।
डॉन्स में प्रशिक्षित कैरा नाइटली ने 2013 में अपने बॉयफ्रेंड जेम्स रिघटन से शादी की और उनकी दो बेटियां हैं। जॉनी डेप उनके मनपसंद अभिनेता हैं और दोनों ने ‘पारेट्स ऑफ कैरेबियन’ शृंखला में साथ काम किया है। आंखों में चमक और शरारत लिए, खुद को टॉमबॉय मानने वाली कैरा को कैथरीन हेप्बर्न तथा विवियन ली पसंद हैं।
कैरा मानती है कि अभिनेता को अवलोकन-निरीक्षण में कुशल होना चाहिए और इसके लिए वह घंटों कैफे में बैठ कर लोगों के बात-व्यवहार का निरीक्षण करती हैं। कैरा को जूते इक्कट्ठे करने का खब्त है। पहने या न पहने पर जूते खरीदती जाती है। मीडिया के साथ खुली होने के बावजूद कैरा मीडिया में कभी अपने निजी जीवन की बात नहीं करती है।
कैरा का एक अर्थ काला भी होता है मगर कैरा अभिनय की बुलंदियों को छूने के साथ चैरिटी के काम में खूब रुचि लेती है। कैरा संयुक्त राष्ट्रसंघ के एमनेस्टी इंटरनेशनल प्रचार अभियान से जुड़ी है। एक फिल्म में अपनी आवाज के एवज में मिले पूरे पैसों को दान कर दिया, इसी तरह 2006 गोल्डन ग्लोब पुरस्कार समारोह में पहनी अपनी पोशाक चैरिटी में दे दी, जिसकी एक बड़ी रकम मिली। चैरिटी दल के साथ इथोपिया की यात्रा की। घरेलू हिंसा के खिलाफ कैरा ने ‘कट’ नाम के एक वीडियो में भी काम किया है।
कैरा नाइटली ने लगातार बहुत काम किया है अब वह कुछ दिन ब्रेक लेकर आराम करने के मूड में है। कैरा को कई बार कई पुरस्कारों के लिए नामित किया गया। फिल्म ‘अटोनमेंट’ केलिए कैरा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का बाफ्टा पुरस्कार प्राप्त हुआ।
-------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।