फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Jeevan Dhara Enjoy every moment of life

जीवन धारा: जीवन के हर पल का आनंद उठाएं

Mon, 19 Jan 2026 07:45 AM IST
लव गौर माता अमृतानंदमयी
माता अमृतानंदमयी Published by: लव गौर Updated Mon, 19 Jan 2026 07:45 AM IST
सार

जैसे कोई फिल्म देखते समय हम जानते हैं कि यह केवल फिल्म है, तभी उसका आनंद ले पाते हैं, उसी तरह जीवन को भी एक दिव्य लीला की तरह देखें। उससे पहचान न बनाएं, बल्कि उसे समझें।

विज्ञापन
Jeevan Dhara Enjoy every moment of life
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला प्रिंट

विस्तार

जीवन का सबसे गहन और मूल्यवान पाठ यही है कि संसार में रहते हुए भी उससे बंधना नहीं है। कर्म करें, पर कर्म का बोझ न ढोएं। जीवन में हम सबको कर्म करना है, पर यह भी ध्यान रहे कि हमें उससे बंधे नहीं रहना है। जो भी करना है, उसे पूरे प्रेम और समर्पण से करें, फिर उसे ईश्वर को अर्पित कर आगे बढ़ जाएं। एक कर्म पूरा हुआ, तो उसे छोड़ दें। दूसरा आया, उसे अपनाएं, पर उससे चिपके न रहें। जीवन यात्रा में अतिरिक्त बोझ रास्ते को कठिन बना देता है, ठीक उसी तरह अनावश्यक इच्छाएं, असंयमित सपने और मोह हमारी आत्मा को थका देते हैं।
विज्ञापन


इतिहास साक्षी है कि बड़े-बड़े राजा और विजेता भी अंत समय में शांति नहीं पा सके, क्योंकि उन्होंने जीवन भर धन, सत्ता, संबंधों, और सबसे बढ़कर अहंकार का संग्रह किया। सिकंदर महान ने संसार का बड़ा भाग जीत लिया, पर मृत्यु के सामने वह भी विवश था। उसकी अंतिम इच्छा थी कि ताबूत में दोनों ओर छेद बनाकर उसके दोनों हाथ बाहर निकाले जाएं और हथेलियां खुली रखी जाएं, ताकि संसार देख सके कि जो सारे विश्व पर कब्जा जमाना चाहता था, संसार से खाली हाथ विदा ले रहा है। वह अपना शरीर भी साथ न ले जा सका। इसलिए, मृत्यु के द्वार पर वही व्यक्ति शांत होता है, जिसने जीवन में निर्लिप्तता, यानी सांसारिक मोहमाया से दूर रहने की कला सीख ली हो। जीवन भर जो कुछ भी हम कमाते हैं, वह यहीं छूट जाता है। जब यह शरीर ही साथ नहीं जाता, तो फिर किसी चीज की लालसा रखने का क्या अर्थ है? निर्लिप्तता जीवन से भागना नहीं, बल्कि जीवन को सही दृष्टि से देखना है। लिप्तता मन पर भार डालती है, निर्लिप्तता उस भार को उतार देती है। जितना बोझ बढ़ता है, उतना ही तनाव बढ़ता है और जितना बोझ उतरता है, उतनी ही शांति गहराती है। निर्लिप्तता अपने आप नहीं आती, उसके लिए जागरूकता चाहिए। जागरूकता से संकल्प जन्म लेता है, और संकल्प से आंतरिक स्वतंत्रता।
विज्ञापन


आज मनुष्य का मन नकारात्मक विचारों से भरा है, इसलिए भीतर कहीं न कहीं मुक्ति की पुकार भी है। हम सब यात्री हैं। जैसे रेल या बस में मिलने वाले सहयात्री हमारे साथ कुछ दूर तक ही होते हैं, वैसे ही जीवन में मिलने वाले लोग, स्थान और परिस्थितियां भी। प्रेम करें, सीखें, उसे बांटें, पर यह भी स्मरण रहे कि एक दिन इस दुनिया से विदा होना ही है। जब यह स्मृति भय नहीं, बोध बन जाए, तो हर क्षण आपको सही दिशा दिखाएगी। जब आप सच में अनासक्त होते हैं, तो जीवन ही नहीं, मृत्यु के भी साक्षी बन जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


जैसे कोई फिल्म देखते समय हम जानते हैं कि यह केवल फिल्म है, तभी उसका आनंद ले पाते हैं, उसी तरह जीवन को भी एक दिव्य लीला की तरह देखें। उससे पहचान न बनाएं, बल्कि उसे समझें।


सूत्र: त्याग करना सीखें
संसार एक रंगमंच है, जहां हमें केवल अपना सर्वश्रेष्ठ अभिनय करना है, कहानी का नायक नहीं बनना। जब हम कर्म को कर्तव्य मानकर ईश्वर को सौंप देते हैं, तो चित्त भारी नहीं होता। संग्रह अहंकार को बढ़ाता है, जबकि त्याग आत्मा को शुद्ध करता है। इसलिए, अपनी ऊर्जा वस्तुओं को बटोरने में नहीं, बल्कि स्वयं को जानने में लगाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed