India Vs SA: दिल्ली पुलिस कांस्टेबल के बेटे से हारी दक्षिण अफ्रीकी टीम
संजू आईपीएल की राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान भी हैं। आईपीएल में 168 मैचों में संजू ने 4419 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 25 अर्द्धशतक हैं। टेस्ट मैचों में उन्हें अपने मौके का इंतजार है।
विस्तार
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसके घर में पहले टी-20 मुकाबले में शतक लगाकर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। टीम इंडिया ने डरबन में 202 रन बनाए, जिसमें आधे से अधिक 107 रन अकेले संजू सैमसंग के नाम रहे। संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर यह स्कोर बनाया, जबकि बाकी टीम दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के आगे लड़खड़ाती दिखी। संजू सैमसन ने अपनी शतकीय पारी में 7 छक्के और 10 चौक लगाए। भारत यह मैच 61 रनों से जीता।
30 वर्षीय संजू सैमसन मूलतः केरल के तिरुवनन्तपुरम जिले के निवासी हैं। उनके पिता दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल हुआ करते थे। पिता स्पोर्ट्समैन भी थे और उन्होंने फुटबॉल की संतोष ट्रॉफी में दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया था। पिता का सपना था कि वो बेटे संजू को क्रिकेटर बनाएं।
संजू सैमसन के शुरुआती कोच यशपाल थे। संजू सैमसन ने क्रिकेट खेलना शुरू करते ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाना शुरू कर दिया था। ध्रुव पांडव ट्रॉफी में उन्होंने अंडर-13 की टीम में दिल्ली का भी प्रतिनिधित्व किया।
...ताकि बेटा खेल सके क्रिकेट
बेटा अच्छा क्रिकेटर बन सके, इसके लिए पिता ने दिल्ली पुलिस से वॉलंटरी रिटायरमेंट तक ले लिया था। वो संजू सैमसन को लेकर केरल लौट आए, जहां संजू ने मास्टर्स क्रिकेट क्लब, तिरुवनन्तपुरम में खेलना शुरू किया। ऐसा नहीं है कि संजू केवल क्रिकेट पर ध्यान दे रहे थे, वो पढ़ाई में भी अच्छे थे। उन्होंने इंग्लिश लिटरेचर में बीए की डिग्री हासिल की। बचपन में एक समय संजू का सपना आईपीएस अफसर बनने का था।
संजू सैमसन ने वर्ष 2007 में अंडर- 13 क्रिकेट में केरल टीम की कप्तानी की। संजू ने टीम को केएससीए इंटर स्टेट टूर्नामेंट में विजय दिलाई। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 973 रन बनाए थे, जिसमें 5 मैचों में चार शतक शामिल थे।
संजू सैमसंग केरल की अंडर-16 टीम का भी हिस्सा रहे। उन्होंने गोवा के खिलाफ विजय मर्चेंट ट्रॉफी में 138 गेंदों पर डबल सेंचुरी लगाई थी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए संजू को थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ा। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ जुलाई 2015 में अपना पहला टी-20 मुकाबला खेला।
टेस्ट मैचों के लिए इंतजार
छह साल के बाद उन्हें वनडे टीम में शामिल किया गया और जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ संजू ने अंतरराष्ट्रीय वनडे में पदार्पण किया। हालांकि, टेस्ट में अब तक उन्हें टीम में खेलने का मौका नहीं मिला है। संजू के 16 वनडे मैचों में 510 रन हैं, जिसमें एक शतक शामिल है। 34 टी-20 मैचों में उन्होंने 701 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं।
संजू आईपीएल की राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान भी हैं। आईपीएल में 168 मैचों में संजू ने 4419 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 25 अर्द्धशतक हैं। संजू एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं।
इन दिनों टी-20 क्रिकेट में भारत की जीत का आधार बने हुए हैं। वैसे, संजू टेस्ट क्रिकेट खेल पाएंगे, इसकी उम्मीद अब कम नजर आती है, लेकिन बीसीसीआई को चाहिए, इस प्रतिभावान क्रिकेटर को वनडे में मौका देता रहे।
-----------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।