फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   history of world cinema, Hilary Ann Swank is an American actress and her films

विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: हिलरी स्वांक- मिलियन डॉलर बेबी

Wed, 09 Aug 2023 04:39 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Wed, 09 Aug 2023 04:39 PM IST
सार

अभिनय की श्रेष्ठता के लिए ब्रैन्डन टीना की भूमिका हेतु हिलरी को 2000 का सर्वोत्तम अभिनेत्री का ऑस्कर प्राप्त हुआ। इस फिल्म के लिए हिलरी को गोल्डन ग्लोब, द न्यू यॉर्क फिल्म क्रिटिक्स, द लॉस एंजेल्स फिल्म क्रिटिक्स, द ब्रॉडकास्ट फिल्मक्रिटिक्स एसोशिएशन, द शिकागो फिल्म क्रिटिक्स तथा द नेशनल बोर्ड ऑफ रिव्यू का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

विज्ञापन
history of world cinema, Hilary Ann Swank is an American actress and her films
अभिनेत्री हिलेरा स्वांक - फोटो : Twitter

विस्तार

अगर आपने ‘द नेक्स्ट कराटे किड’ फिल्म देखी है, तो आप इस ‘मिलियन डॉलर बेबी’ को कभी भुला नहीं पाएंगे। यह ‘मिलियन डॉलर बेबी’ यानि दो ऑस्कर विजेता हिलरी स्वांक 30 जुलाई 1974 को जूडी स्वांक तथा स्टीफन माइलेक स्वांक के घर जन्मी थी। इसे विरासत के रूप में मैक्सिकन, जर्मन, इंग्लिश तथा स्कॉटिश रक्त मिला है। बचपन में वह वाशिंगटन में रह रही थी और नौ वर्ष की उम्र में उसने ‘द जंगल बुक’ नाटक में मोग्ली की भूमिका की। उसने जूनियर ओलिम्पिक्स तथा तैराकी स्टेट चैम्पियनशिप जीती। जिम्नास्टिक्स में भी वह कुशल थी। जब उसकी मां लोस एन्जेल्स आ गई तो हिलरी ने पेशेवर के रूप में अभिनय प्रारंभ किया। 

विज्ञापन


उसकी पहली फिल्म ‘बफी द वैम्पायर स्लेयर’ थी मगर उसे विश्व प्रसिद्धि मिली ‘द नेक्स्ट कराटे किड’ से। इस भूमिका को पाने के लिए उसे कठिन प्रतिस्पर्द्धा का सामना करना पड़ा था। सैंकड़ों लड़कियों में से हिलरी को चुना गया था। कराटे किड फिल्म की एक शृंखला है- हिलरी चौथी कड़ी में है। इसमें दो भिन्न संस्कृति के लोगों की अनोखी दोस्ती चित्रित है। मिस्टर मियागी (पैट मोरिटा) जापान से है जबकि जूली (हिलरी स्वांक) अमेरिकन है।
विज्ञापन


मिस्टर मियागी जूली को कराटे का प्रशिक्षण देता है। कराटे का मूल केरल का मार्शल आर्ट कलरी है। कराटे बहुत कठिन कला है। कराटे का मतलब है आत्म-अनुशासन, आत्म नियंत्रण। यह कला आत्म-रक्षा का नायाब तरीका सिखाती है। जूली इस कला में महारत हासिल करती है। क्रिस्टोफर कैन की इस फिल्म में प्रशिक्षण की पूरी प्रक्रिया दर्शक को बांधे रखती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


फिर आई किम्बर्ली पियर्स की ‘बॉयज डोन्ट क्राई’ करीब दो घंटे की इस फिल्म में हिलरी ने एक ग्रामीण क्षेत्र के ट्रान्सजेंडर की भूमिका की है। यह उसके जीवन और प्रेम को प्रदर्शित करती है।

अभिनय की श्रेष्ठता के लिए ब्रैन्डन टीना की भूमिका हेतु हिलरी को 2000 का सर्वोत्तम अभिनेत्री का ऑस्कर प्राप्त हुआ। इस फिल्म के लिए हिलरी को गोल्डन ग्लोब, द न्यू यॉर्क फिल्म क्रिटिक्स, द लॉस एंजेल्स फिल्म क्रिटिक्स, द ब्रॉडकास्ट फिल्मक्रिटिक्स एसोशिएशन, द शिकागो फिल्म क्रिटिक्स तथा द नेशनल बोर्ड ऑफ रिव्यू का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

तरह-तरह की भूमिका करने वाली हिलरी स्वांक को साइंस-फिक्शन फिल्में करना पसंद नहीं है। उन्हें चुनौती भरी भूमिकाएं करना अच्छा लगता है। ऐसी भूमिकाएं जहां बाधाओं के बावजूद स्त्री अपने जीवट से जुटी रहती है और कठिनाइयों को पार करती हुई विजई होती है, अपना लक्ष्य प्राप्त करती है।


फिल्म ‘मिलियन डॉलर बेबी’

इसके बाद आई ‘मिलियन डॉलर बेबी’ (2004)। सवा दो घंटे की इस फिल्म के निर्देशक प्रसिद्ध अभिनेता क्लिंट ईस्टवुड हैं। साथ ही उन्होंने इसमें अभिनय भी किया है। हिलरी और क्लिंट ईस्टवुड के साथ ही फिल्म में मॉर्गन फ्रीमैन हैं। तीन मंझे अभिनेताओं के काम का फल हुआ 4 ऑस्कार, जिसमें एक हिलरी (सर्वोत्तम नायिका) के नाम रहा।

इतना ही नहीं हिलरी को इस फिल्म के लिए नेशनल सोसायटी ऑफ फिल्म क्रिटिक्स, द स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड, द ब्रॉडकस्ट फिल्म क्रिटिक्स तथा गोल्डेन ग्लोब पुरस्कार भी मिला। इस फिल्म को देखते हुए मूल तमिल तथा हिन्दी में बनी ‘साला खडूस’ की याद आना स्वाभाविक है। 

असल में ‘साला खडूस’ देखते हुए इस फिल्म की याद आनी चहिए। ‘मिलियन डॉलर बेबी’ में एक युवती मैगी का स्वप्न है कि वह पेशेवर बॉक्सर बने। जब वह प्रशिक्षण के लिए जाती है तो वहां उसका सामना एक भयंकर गुस्सैल कोच से होता है। वह बहुत हिचकिचाहट के साथ उसे प्रशिक्षण देने को राजी हो जाता है। धीरे-धीरे वह मैगी की दृढ़ता तथा सीखने की प्रतिभा का कायल होता जाता है और एक समय आता है जब दोनों में दोस्ती पनपने लगती है।

इस भूमिका के लिए हिलरी स्वांक ने खूब मेहनत की थी तथा इसी कारण उसका अभिनय सफल रहा। हर भूमिका में उतरने की कायल हिलरी ने इस भूमिका के लिए अपने बाल कटा लिए और लड़कों की पोशाक में रहने लगी। कई बार जब वह इसी वेश में बाहर जाती तो लोग धोखा खा जाते।

history of world cinema, Hilary Ann Swank is an American actress and her films
फिल्म द होम्समैन का दृश्य - फोटो : Twitter

स्काई डाइविंग, रिवर राफ्टिंग, स्कीइंग जैसी आउटडोर एक्टिविटी पसंद करने वाली तथा स्वयं को आध्यात्मिक मानने वाली हिलरी स्वांक ने हॉलीवुड के कई बड़े-बड़े अभिनेताओं के साथ काम किया है। ऊपर हम क्लिंट ईस्टवुड तथा मोर्गन फ्रीमैन की बात देख आए हैं।

‘द गिफ्ट’ में वह केट ब्लैंचेट तथा किआनू रीव्स के साथ है, तो क्रिस्टोफर नोलैन (जिन्होंने अभी-अभी अपनी फिल्म ‘ओपनहाइमर’ से दर्शकों का दिल जीत लिया है) की ‘इन्सोम्निया’ में उसके साथ एल पैचिनो तथा रॉबिन विलियम्स हैं। उसने स्कारलेट जॉनसन (द ब्लैक डहिलिया’) में भी काम किया है। ‘फ्रीडम राइटर्स’, ‘द रीपिंग’, ‘पी. सी. आई लव यू’ उसकी कुछ अन्य फिल्में हैं।


साल 2014 की फिल्म ‘द होम्समैन’

आप अपना भाग्य बदल सकते हो, कहने वाली हिलरी स्वांक ने 2014 में ‘द होम्समैन’ फिल्म में काम किया। वैसे यह फिल्म स्त्रियों के बारे में है, भले ही इसका नाम होम्समैन क्यों न हो। पांच पुरस्कार जीतने वाली इस फिल्म को अभिनेता टॉमी ली जॉन्स ने निर्देशित किया है और इसमें उन्होंने भूमिका भी की है।

दो घंटे की इस फिल्म में ये स्त्रियां साहस का प्रतीक हैं। यहां पुरुष असहाय तथा किनारे खड़ा होकर देखने वाला है। यह विचित्र फिल्म बहुत संवेदनशीलता के साथ बनाई गई है। तीन स्त्रियां अपना मानसिक संतुलन खो बैठी हैं, उन्हें इलाज के लिए लम्बी यात्रा कर चर्च तक पहुंचाना है। पुरुष इस कार्य को करने से जब इंकार कर देते हैं, तो मेरी बी कडी (हिलरी स्वांक) इस जिम्मेदारी को लेती है। सहायता केलिए वह पियक्कड़ जॉर्ज ब्रिग्स (टॉमी ली जन्स) को लेती है, कोई और राजी नहीं है।

मध्यवय की मेरी अविवाहित है और अपना खेत खुद जोतती है। बरसों से उसकी इच्छा एक पियानो खरीदने और उस पर भजन (hymns) बजाने की है। मेरी और ब्रिग्स दोनों सामान्य नहीं हैं। तीनों औरतों का परिचय देख कर रीढ़ में सिहरन हो जाती है।

हिलरी के अनुसार जब आप वास्तविक चरित्र की भूमिका कर रहे होते हैं तो आप पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होती है, बहुत शोध करनी होती है। उसे बहुत बुरा लगा जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा, ‘हिलरी, आप कब एक प्रेटी लड़की की भूमिका करने जा रही हैं?’ हिलरी के अनुसार किसी रिश्ते में सबसे महत्वपूर्ण है जब आप दोनों साथ-साथ विकसित हो सकते हैं।

शुरू में हिलरी को बॉक्सिंग पसंद नहीं थी। उन्हें लगता था कि ये क्या बात हुई कि किसी को मारा जाए और मार खाने की इच्छा रखी जाए। हिलरी ने इसके  लिए खास प्रशिक्षण लिया और सही तैयारी और अवसर के कारण सफलता मिली।

प्रेटी लड़की की भूमिका न करने के बावजूद हिलरी फिल्मों में खास लगती है।



-----------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): 
यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed