{"_id":"675c3b9ff3dc7d80620e4f8b","slug":"union-health-minister-jp-nadda-appeals-to-public-give-rest-to-congress-give-work-to-bjp-in-raipur-2024-12-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"'कांग्रेस को आराम दो, बीजेपी को काम दो': जेपी नड्डा का जनता से आह्वान; बोले- अब ना बदलियो सही के सही रहियो","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'कांग्रेस को आराम दो, बीजेपी को काम दो': जेपी नड्डा का जनता से आह्वान; बोले- अब ना बदलियो सही के सही रहियो
Fri, 13 Dec 2024 07:20 PM IST
ललित कुमार सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर
अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर
Published by: ललित कुमार सिंह
Updated Fri, 13 Dec 2024 07:20 PM IST
सार
JP Nadda Chhattisgarh Visit: छत्तीसगढ़ सरकार के एक साल पूरा होने पर शुक्रवार को जनादेश परब में शिरकत करने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रायपुर पहुंचे।
विज्ञापन
ग्रॉफिक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
JP Nadda Chhattisgarh Visit: छत्तीसगढ़ सरकार के एक साल पूरा होने पर शुक्रवार को जनादेश परब में शिरकत करने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रायपुर पहुंचे। इस दौरान राज्य की बीजेपी सरकार की एक साल की उपलब्धियां गिनाई। साइंस कॉलेज ग्राउंड में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए छत्तीसगढ़ की जनता से आह्वान किया कि 'कांग्रेस को आराम दो, बीजेपी को काम दो'। विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान बीजेपी का नारा 'अब ना सहिबो, बदल के रहिबो' को याद दिलाते हुए कहा कि 'अब ना बदलियो ना डर के रहियो'। अब छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की सुशासन की सरकार है।
विज्ञापन
विज्ञापन
राहुल गांधी पर साधा निशाना
जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव में जनता से कहा था कांग्रेस को वोट दो। आप इधर से एक, दो, तीन, चार गिनोगे और उधर से 72 हजार खटाखट-खटाखट आपके खाते में आ जायेंगे। अब कांग्रेस का खोटा सिक्का नहीं चलेगा। वह लोगों का हक छीन कर मेवा खाने वाली पार्टी है। जनता से आह्वान करते हुए कहा कि इसलिये कांग्रेस को आराम दो, बीजेपी को काम दो। कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार की बहुप्रतिक्षित योजना महतारी वंदन को कांग्रेस की ओर बंद कर देने की बात पर कहा कि प्रदेश में महतारी वंदन योजना चलती रहेगी। देश और प्रदेश में महतारी वंदन योजना नहीं बल्कि कांग्रेस का भविष्य ही बंद हो जाएगा।
विज्ञापन
पीएम मोदी की गारंटी पूरी की
उन्होंने कहा कि राज्य में बीजेपी की सरकार बनते ही पीएम मोदी की गारंटी पूरी हुई। सीएम विष्णुदेव साय शपथ लेते ही मोदी की सभी गारंटी पूरी की। बीजेपी सरकार बनते ही 18 लाख गरीब परिवार को पीएम आवास दिए गये। महतारी वंदन योजना लागू की गई। माता-बहनों को हर महीने एक हजार रुपये दे रहे हैं। 2100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी हो रही है। धान का दो साल का बकाया बोनस दिया गया। प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर जोरदार जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि भूपेश सरकार करप्शन की सरकार थी। फूट डालो राज करो की सरकार थी। छत्तीसगढ़ पीएससी में आज नौजवानों को नौकरी के लिए पारदर्शी तरीके से परीक्षा की व्यवस्था की गई है। भूपेश बघेल सरकार में इसमें भी भ्रष्टाचार किया गया, उनके खिलाफ भाजपा सरकार कार्रवाई कर रही है।
भारत अगले पांच साल में दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की डबल इंजन की सरकार जनता की सेवा के लिए लगातार काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार होने की वजह से लोगों को डबल फायदा हो रहा है। आज भारत विश्व की पांचवी बड़ी आर्थिक शक्ति है। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान से उठकर 5वें स्थान पर पहुंच गई है। अगले पांच साल में हम दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। देश के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। केन्द्रीय मंत्री ने कार्यक्रम में 1124 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
कांग्रेस जनता से बरगला रही है कि महतारी वंदन योजना नहीं चलेगी लेकिन बीजेपी विश्वास दिलाती है कि ‘महतारी वंदन योजना तो चलती रहेगी’, लेकिन कांग्रेस का खोटा सिक्का नहीं चलेगा। महतारी वंदन योजना बंद नहीं होगी, लेकिन कांग्रेस का भविष्य बंद हो जाएगा। कांग्रेस एक परजीवी पार्टी है, जो अपने गठबंधन सहयोगियों को भी ले डूबती है। परिवारवादी पार्टियां अब भारत में नहीं चल सकतीं। देश की जनता ने जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार दिया है। हमने महाराष्ट्र में इसका एक ज्वलंत उदाहरण देखा है। कांग्रेस खुद को राष्ट्रीय पार्टी कहती है लेकिन वह सत्ता के लालच में राष्ट्रीय हित के साथ खिलवाड़ कर रही है।
जॉर्ज सोरोस अस्थिरता फैलाने के लिए फंडिंग कर रहा, उनका राहुल और सोनिया से क्या है संबंध हैं
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि OCCRP, FDL-AP और Open Society जैसी संस्थाएं झूठ फैलाकर देश में अस्थिरता पैदा करती हैं। ऐसे संस्थाओं को फंड करने वाले भारत विरोधी जॉर्ज सोरोस और सोनिया गांधी के तार आपस में जुड़े हुए हैं। जॉर्ज सोरोस खुलेआम भारत में अस्थिरता फैलाने के लिए फंडिंग करता है। हर बार संसद सत्र से पहले देश को बदनाम करने और देश की अर्थव्यवस्था को तबाह करने के लिए देशविरोधी ताकतें नया शिगूफा छोड़ती हैं और राहुल गांधी उसके आधार पर संसद को ठप कर देते हैं। पूरा देश ये जानना चाहता है कि जॉर्ज सोरॉस, राहुल गांधी और सोनिया गांधी के बीच क्या संबंध हैं? जॉर्ज सोरॉस जैसे देश की उन्नति के बीच में आने वाले देशविरोधी लोग और उनके एजेंडे को भारत में लागू करने वाले गिरोह को नकारना जरूरी है। ऐसे लोगों के समर्थन में खड़े होने वालों को भी रोकना होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार ने नक्सलवाद पर नकेल कसा है। गरीबों के लिए घर बन रहे हैं। युवाओं को नौकरी मिल रही है। रेलवे का बजट नौ गुना बढ़ा है।पांच नए मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। IIT भिलाई परिसर का उद्घाटन हुआ है और राजनंदगांव में देश की सबसे बड़ी बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली बनाई जा रही है। स्मृति भवन पार्टी की विचारधारा को और मजबूत बनाने का आधार स्तंभ बनेगा। इसमें हमारे मनीषी और आदरणीय नेताओं की जो मूर्तियाँ लगाई गई है, वह कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करेंगी, उन्हें नई ऊर्जा देगी।
नड्डा ने कहा कि आज से 21 वर्ष पूर्व संसद पर आतंकवादी हमला हुआ था, जिसकी सुरक्षा के लिए 9 जवानों ने अपने प्राण न्यौछावर किए थे। भाजपा उन सभी वीर सैनिकों को नमन करती है। आज से एक वर्ष पूर्व, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनी थी। यह एक गर्व का अवसर है कि हम एक साल बाद फिर से एकत्रित होकर इस अवधि में हुए विकास कार्यों पर चर्चा कर रहे हैं। भाजपा ने अपने सभी वादों को पूरा किया है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के शासन में अंतर स्पष्ट है। पांच वर्ष पहले राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ आकर जनता को झूठे वादे करते हुए कहा था कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही जनता के 1,2,3 गिनते ही महिलाओं के खातों में 72,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए जाएंगे, लेकिन कांग्रेस ने जनता को धोखा दिया और राज्य को पांच वर्षों तक अंधकार में रखा। जिसके बाद, छत्तीसगढ़ की जनता ने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बीजेपी और विष्णु देव साय पर विश्वास जताया। भाजपा सरकार ने आते ही पहली कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना को लागू किया और महतारी वंदन योजना की पहली किश्त देने की तैयारी की। यही अंधकार और उजाले का फर्क है। जनता को उजाले को बनाए रखना चाहिए ताकि अंधकार फिर से न लौटे। भारतीय जनता पार्टी की नीति, नीयत, नेतृत्व और पार्टी एवं सरकार के कार्यक्रम साफ दिल से छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा करने के लिए समर्पित हैं। भाजपा सत्ता का उपयोग जनता की सेवा के लिए करती है, जबकि कांग्रेस सत्ता का उपयोग उपभोग करने के लिए करती है। भाजपा जनता के लिए संघर्ष करती है, जबकि कांग्रेस जनता को धोखा देकर अपने घर भागती है। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति आभार व्यक्त करती है, क्योंकि छत्तीसगढ़ की जनता ने राज्य में भाजपा की सरकार बनाई और लोकसभा में भाजपा को 10 सीटें जिताते हुए छत्तीसगढ़ को एक नए विजन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
नड्डा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, अपराधीकरण, तुष्टिकरण, वोट बैंक की राजनीति और "फूट डालो, राज करो" की नीति पर आधारित थी जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश में राजनीति की एक नई संस्कृति विकासवाद की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज रिपोर्ट कार्ड की राजनीति की जाती है। कभी किसी पार्टी ने इस तरह से यह करने की हिम्मत नहीं दिखाई कि वो जनता को आकर बताएं कि एक वर्ष में उन्होंने क्या-क्या कार्य किए। भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रो-एक्टिव, प्रो रिस्पान्सिव, प्रो-रिस्पॉन्सिबल और प्रो डेवलपमेंट वाली सरकार है। भाजपा गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, शोषित, दलित, युवा और किसान के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसीलिए आज कृषि उन्नति योजना में लगभग 24 लाख 75 हजार लोगों को 3100 रुपये धान खरीदी के दिए जा रहे हैं। इसी तरह से किसानों का बीते दो साल का हक, 3716 करोड़ रुपये जो भूपेश बघेल डकार गए थे, वो किसानों को दिया जा रहा है। दलित और आदिवासी भाइयों को सिंचाई के लिए निशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
तेंदुपत्ते इकट्ठे करने वाले 14 लाख आदिवासी भाइयों को मिलने वाले पैसे को बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति बोरा किया गया है। कांग्रेस पार्टी जनता को बरगला रही है कि महतारी वंदन योजना अब नहीं चलेगी, लेकिन भाजपा यह विश्वास दिलाती है कि ‘महतारी वंदन योजना तो चलती रहेगी’, लेकिन कांग्रेस का खोटा सिक्का नहीं चलेगा। महतारी वंदन योजना तो बंद नहीं होगी, लेकिन कांग्रेस का भविष्य बंद हो जाएगा। आज 7 हजार नई नौकरियों के लिए आवेदन मंगवाया जा रहा है, उसमें भी 5 वर्ष की उम्र की छूट दी जा रही है। गरीबों के लिए पीएम आवास योजना के लिए 2044 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, 18 लाख लोगों के लिए ग्रामीण आवासों की स्वीकृति दी गई है। पीएम मोदी ने 29 अक्टूबर को आयुष्मान वय वंदन योजना लागू की, जिसके तहत लगभग 50,000 कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के किसी भी व्यक्ति को धर्म, जाति, आय और वर्ग के आधार पर बिना भेदभाव के अंतिम सांस तक 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जाएगा। पूरे देश में 6 करोड़ बुजुर्गों को यह कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसमें से छत्तीसगढ़ में 50,000 कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
पहले छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के कारण शाम 4 बजे के बाद निकलना खतरे से खाली नहीं होता था, लेकिन अब राज्य में भाजपा सरकार बनने के एक वर्ष के भीतरविष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद को करारा जवाब दिया गया है। 1500 से अधिक नक्सली या तो गिरफ्तार किए गए हैं या उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है। राज्य में नक्सलवाद को खत्म करने के लिए हमारे सुरक्षा बलों, सीआरपीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस की बदौलत 222 नक्सलियों को मार गिराया गया है। नक्सलवाद से प्रभावित लोगों के पुनर्वास की भी व्यवस्था की गई है।
नड्डा ने कहा कि भारत डिजिटल इंडिया के रूप में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर किए जाने वाले कुल डिजिटल लेन-देन का 43% अकेले भारत में हो रहा है। यूपीआई प्रणाली को 7 देशों में लागू किया गया है। देश का निर्यात ₹62 लाख करोड़ तक पहुंच गया है और निवेश में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रसायन के निर्यात में 106% और दवाओं के निर्यात में 128% की वृद्धि के साथ भारत "दुनिया का औषधालय" बन गया है। छत्तीसगढ़ में अन्न योजना के तहत 2 करोड़ लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। भारत में अत्यधिक गरीबी 1% से भी कम रह गई है और 23 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं। छत्तीसगढ़ के लिए टैक्स डिवोल्यूशन में पांच गुना और अनुदान सहायता में 3.5 गुना वृद्धि हुई है। डबल इंजन सरकार राज्य के लोगों को विकास और कल्याण का लाभ दे रही है। स्मार्ट सिटी, अटल नगर, बिलासपुर, या रायपुर जैसे स्थानों पर लगभग 2,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। छत्तीसगढ़ में रेलवे का बजट नौ गुना बढ़ाया गया है और डबल इंजन सरकार ने राज्य को 5 नए मेडिकल कॉलेज दिए हैं। आईआईटी भिलाई के परिसर का उद्घाटन किया गया है और राजनांदगांव में देश की सबसे बड़ी बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली बनाई जा रही है। 3000 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है और पीएम ग्रामीण सड़क योजना के तहत गांवों को सड़कों से जोड़ा जा रहा है। बस्तर और बिलासपुर में दो नए हवाई अड्डे भी बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विष्णुदेव साय सरकार ने ‘जो कहा था वो किया है, और जो नहीं कहा था वो भी किया है।’
कांग्रेस, जो कभी मोदी जी का विरोध करती थी, अब पूरे देश का विरोध करने में लगी है। कांग्रेस एक परजीवी पार्टी है, जो अपने गठबंधन सहयोगियों को भी ले डूबती है। OCCRP जैसी संस्थाएं, जो झूठ फैलाकर देश में अस्थिरता पैदा करती हैं। ऐसे संस्थाओं को फंड करने वाले भारत विरोधी जॉर्ज सोरोस और सोनिया गांधी के तार आपस में जुड़े हुए हैं। जॉर्ज सोरोस ने भारत में अस्थिरता फैलाने के लिए फंडिंग की है। हर बार संसद सत्र से पहले ऐसी रिपोर्टें प्रकाशित की जाती हैं, जिन्हें विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद में उठाते हैं और अस्थिरता का माहौल बनाते हैं। 18 जुलाई 2021 को पेगासस रिपोर्ट प्रकाशित हुई और 19 जुलाई 2021 को संसद सत्र शुरू हुआ। इसी तरह 2002 के गुजरात दंगों पर बीबीसी की रिपोर्ट 17 जनवरी 2023 को प्रकाशित की गई, जबकि संसद सत्र 30 जनवरी से शुरू होने वाला था। 10 मई 2024 को, जब लोकसभा चुनाव चल रहे थे, वैक्सीन पर रिपोर्ट लाई गई, ताकि सरकार को निशाना बनाया जा सके। पूरा देश ये जानना चाहता है कि ओसीसीआरपी, ओपन सोसायटी, जॉर्ज सोरॉस, राहुल गांधी और सोनिया गांधी के बीच क्या संबंध हैं, जो भारत की स्थिरता को चुनौती देना चाहते हैं लेकिन यह नया भारत है, जो आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकास के पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जॉर्ज सोरॉस ने खुलेआम स्वीकार किया है कि वह भारत में करोड़ों रुपये का निवेश केवल मोदी सरकार को हटाने के उद्देश्य से करेंगे। ऐसे देशविरोधी तत्व और उनके साथ खड़े होने वाले नेताओं को जनता को पहचानना होगा। जनता को देशविरोधी षड्यंत्रों से सावधान रहना चाहिए और उन ताकतों को परास्त करना चाहिए जो भारत की प्रगति में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। जॉर्ज सोरॉस जैसे देश के विकास और देश की उन्नति के बीच में आने वाले देशविरोधी लोग और उनके एजेंडे को भारत में लागू करने वाले गिरोह को नकारना आवश्यक है। ऐसे लोगों के समर्थन में खड़े होने वालों को भी रोकना होगा।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद को राष्ट्रीय पार्टी कहती है लेकिन वह वास्तव में सत्ता के लालच में राष्ट्रीय हित के साथ खिलवाड़ कर रही है। छत्तीसगढ़ की जनता को राज्य में भूपेश बघेल और दिल्ली में राहुल गांधी से सावधान रहने की जरूरत है। संसद में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा विपक्ष का पक्ष रखते हुए अपनी ही हिमाचल की सरकार की आलोचना करने लगी। यह कहते हुए कि उनके शासित राज्यों में किसानों और बागवानों की स्थिति बदतर है। कांग्रेस नेताओं को सत्ता की भूख ने इस कदर अंधा कर दिया है कि वे यह भी नहीं समझते कि क्या बोलना है और क्या नहीं। जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ की जनता के एक वर्ष पहले लिए गए फैसले की सराहना की, जब जनता ने ‘अब न सहिबो, बदल के रहिबो’ का नारा देते हुए कांग्रेस की भ्रष्टाचारी सरकार को हटाकर भाजपा की सरकार बनाई। अब भाजपा छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जा रही है।
स्मृति मंदिर का लोकार्पण
स्मृति मंदिर के लोकार्पण पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि स्मृति भवन आने वाले समय में कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करेंगी और उनको नई ऊर्जा देगी। कार्यालय महज कोई बिल्डिंग या इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं बल्कि कार्यकर्ता निर्माण का जीवंत संपर्क स्थान होता है और कार्यकर्ताओं को संस्कार देने में कार्यालय की बहुत बड़ी भूमिका होती है। इस मंदिर में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, राजपरिवार से आकर महिला सशक्तिकरण के लिए अपना पूरा जीवन बलिदान करने वाली राजमाता सिंधिया जी की मूर्ति लगाई है, ऋषि दधीचि की तरह संगठन की रचना करने वाले कुशाभाऊ ठाकरे और भारतीय जनसंघ को भारतीय जनता पार्टी के रूप में समाज में प्रतिस्थापित करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाने वाले भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की भी मूर्ति लगाई गई है।