फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   Priyanka Gandhi's visit to Chhattisgarh

CG: केंद्र सरकार पर बरसीं प्रियंका, बोलीं- किसान 27 रुपये में कर रहे गुजारा; मोदी के दोस्त रोज कमा रहे करोड़ों

Thu, 21 Sep 2023 02:44 PM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर
अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर Published by: विजय पुंडीर Updated Thu, 21 Sep 2023 02:44 PM IST
सार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहीं। भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन के नाम से एक बड़ी जनसभा को संबोधित की। इस दौरान केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

विज्ञापन
Priyanka Gandhi's visit to Chhattisgarh
प्रियंका गांधी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर हमला किया। महंगाई, बेरोजगारी और मोदी सरकार की नीतियों को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि  किसान एक दिन में 27 रुपये कमा रहे हैं तो वहीं पीएम मोदी के उद्योगपति दोस्त एक दिन में 1,600 करोड़ रुपये कमा रहे हैं।  

विज्ञापन


सुआ नर्तकों के साथ प्रियंका गांधी ने किया नृत्य
छत्तीसगढ़ में सुवा नाच बेहद लोकप्रिय है। दीपावली के आसपास सुवा को एक टोकरी में रखकर महिलाएं यह नृत्य करती हैं।  इसके माध्यम से वे अपने सुखदुख साझा करती हैं। सुवा गीत के माध्यम से वे अपनी आवाज की भी अभिव्यक्ति करती हैं और अपने समय के समाज के बारे में भी बताती हैं। तोते के जैसे हरे वस्त्रों में समूह में किया गया यह नृत्य बेहद आकर्षक होता है। प्रियंका गांधी ने जब यह नृत्य देखा तो वे भी सुआ नर्तकों के साथ समूह में शामिल हो गईं और साथ ही थिरकने लगीं।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन




स्टालों का अवलोकन किया
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिला सम्मेलन में विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया।



'पीएम मोदी के पास नहीं है महंगाई बढ़ने का जवाब'
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में जी-20 सम्मेलन कराया। कोई नहीं कहता कि यह बुरी चीज है। अच्छा है देश का मान सम्मान बढ़ता है। अच्छा है 27 हजार करोड रुपये इन्होंने खर्च किए हैं यशोभूमि को बनाने में। 20,000 करोड़ रुपये इन्होंने नए संसद भवन को बनाने में खर्च किए हैं। वो आठ हजार करोड़ के हवाई जहाज में उड़कर जाते हैं। उन्होंने सिर्फ अपने लिए आठ हजार करोड़ में दो हवाई जहाज खरीदे हैं, लेकिन वह आपको जवाब नहीं दे पाए कि महंगाई क्यों बढ़ी है, आपकी सड़कें टूटी क्यों है, आपको रोजगार क्यों नहीं मिल रहा है?

'भिलाई में पड़ी थी आधुनिक भारत की नींव'
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत बम्लेश्वरी मैया और छत्तीसगढ़ महतारी की जयघोष से की। इसके बाद कहा कि आज मुझे यहां आकर बहुत गर्व महसूस महसूस हो रहा है। साल 1955 में नेहरू गांधी ने भिलाई स्टील प्लांट की नई रखी थी। आज भलाई पूरे देश के लिए मिसाल है। यहां पूरे देशभर के लोग एकजुट होकर काम कर रहे हैं। सही मायने में आधुनिक भारत की नींव यही डली थी। यहां आने पर पर सभी को गर्व महसूस होता है। यह देश की एकजुटता और उद्यमशीलता का प्रतीक है।

कहानी की जिक्र करते हुए बताई राजनीति
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के एक हाथ में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की कलश है, तो दूसरे हाथ में विज्ञान और तकनीक का ब्रह्मास्त्र भी है। यहां पर एक अलग तरह की राजनीति हो रही है। मैंने अपने एक अनुभव से देखा कि यह राजनीति क्या है। उन्होंने एक कहानी का जिक्र करते हुए कहा कि मैं 12-13 साल की थी। मेरे मित्र अनोखेलाल अमेठी से आए हैं। जब मेरे पिताजी प्रधानमंत्री थे, तब वो अमेठी गए थे। एक बार उनके साथ मैं भी अमेठी दौरे पर गई थी। 

इस दौरान उन्होंने गांव में कुछ लोगों से बातचीत की, उस समय अचानक एक महिला मेरे पिताजी को जोर-जोर से डाटने लगी। इससे मैं डर गई। उसने कहा कि सड़क पर पानी भरा है, कुछ नहीं हो रहा है। यह उसे समय की राजनीति है जब प्रधानमंत्री को एहसास होता था कि जनता क्या चाहती है। मैंने पिताजी से पूछा आपको बुरा नहीं लगा। उन्होंने कहा यह मेरा कर्तव्य है, यह उस महिला का कर्तव्य है कि मुझे याद दिलाए और बताएं कि यहां क्या समस्या है। उस समय की राजनीति और आज की राजनीति में बहुत फर्क है। 

यूपी की भाजपा सरकार पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने कहा कि 'करीब 40 साल बीत गए और मैं अब बूढ़ी होने वाली हूं। यूपी सरकार और भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि मैं यूपी में काम कर रही थी। एक मोहल्ले में गई थी। इस दौरान एक महिला मिली। मैंने उससे पूछा गैस सिलेंडर है, वो बोली है दीदी खाली पड़ा है, मैंने कहा भर सकती हो, बोली नहीं भर सकती, पैसे नहीं है। मैंने पूछा घर पर काम कौन करता है। वह बोली रोजगार नहीं मिलते आजकल। मोहल्ले में क्या-क्या समस्या है, उसने कहा कि बिजली है पर बिजली लाइट नहीं आती। नल है पर पानी नहीं आता। सड़क है पर खराब है। मैंने पूछा फिर वोट किसको दोगी। वह बोली कि मैं वोट तो उसी विधायक को दूंगी। मैंने पूछा वह तुम्हारे लिए क्या किया है तो उसने जाति और धर्म की बात करने लगी।'

'केंद्र सरकार धर्म व जाति के नाम पर जज्बातों से खेल रही'
उन्होंने कहा कि तब की राजनीति और आज की राजनीति में बहुत फर्क है। जनता तब भी जागरूक थी और अब भी अभी जागरुक है, लेकिन अब उसके जज्बातों से खेला जा रहा है। धर्म की बातें हो रही हैं, जाति की बात हो रही है और इसमें इनका राजनीतिक इस्तेमाल होता है। उनका राजनीतिक इस्तेमाल इसलिए होता है, क्योंकि जब आपका ध्यान उसे तरफ होते हैं, जहां आपके जज्बात हैं। आपके धर्म, जाति की बात है, तो आप नहीं पूछेंगे कि मेरी सड़क तुमने क्यों नहीं ठीक की, तो आप नहीं पूछेंगे कि मेरे लिए पानी क्यों नहीं आ रहा है, तो आप नहीं पूछेंगे कि मेरे पति के लिए मेरे लिए रोजगार आपने क्यों नहीं दिया। केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि यह एक बहुत बड़ी राजनीतिक साजिश है। लोगों का ध्यान भटकाया जा रहा है, ताकि आप सही सवाल न कर सकें। अफसोस की बात है, लेकिन यही राजनीति चल रही है।

'भूपेश सरकार का एक विजन है'
जी20 अच्छी चीज है, सबको गर्व होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इस देश के गरीब, इस देश के मिडिल क्लास को भूल जाएं। आज छत्तीसगढ़ में एक ऐसे प्रदेश की सरकार है, जो पुरानी वाले राजनीति के उसूलों पर चल रही है। केंद्र सरकार ने गरीबों से मिडिल क्लास से उनका हक छीन लिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश की सरकार ने एक-एक पैसा आपकी जेब में डाला है। महिलाओं के लिए जितनी भी स्कीम में हैं। वह इसी भावना को मन में रखते हुए बनाई गई है। महिलाएं इस देश की रीढ़ की हड्डी हैं। महिलाएं पूरे समाज का, परिवार का बोझ उठाती हैं। महिलाओं को और भी सशक्त बनाने के लिए भूपेश बघेल सरकार काम कर रही है। 10 लाख से अधिक महिलाएं 2018 से स्व सेवा समूह से जुड़ी हैं। मैं उनसे बातचीत की, जो पहले काम नहीं पा रही थी, अब उन्हें मौका मिल गए हैं।  थोड़े-थोड़े पैसा इकट्ठे कर छोटा से व्यापार शुरू किया है। उसे छोटे से व्यापार के जरिए अपने बच्चों को पढ़ा लिखा कर आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने भूपेश सरकार की कई योजनाओं का बखान किया। भूपेश सरकार का एक विजन है। वह आपके आज के लिए नहीं कल के लिए भी काम कर रहे हैं। 

केंद्र सरकार पर साधा निशाना
बीजेपी पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कह कि सत्ता के पीछे बहुत लोग दौड़ते हैं। खासतौर पर नेता लोग बहुत दौड़ते हैं और मैं अपने अनुभव में देखा है कि कई ऐसे नेता होते हैं, जो सत्ता के लिए जीते हैं। महत्वाकांक्षी होते हैं और सत्ता इसलिए चाहते हैं ताकि उनका मान सम्मान बढ़े उनके पैसे इकट्ठे हो। उनके बड़े-बड़े महल बने। लेकिन एक अलग तरह के भी नेता होते हैं, जो सत्ता इसीलिए चाहते हैं ताकि इसके जरिए वह जनता की भलाई कर सकें। मैं गर्व से करती हूं कि आज छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व है, जो इसी तरह की सत्ता से जनता की सेवा कर रही है। केंद्र सरकार प्रदेश की सहायता नहीं करती है। केंद्र सरकार की जो नीतियां हैं उनके तहत जितनी भी देश की संपत्ति थी, जो एयरपोर्ट थे, बंदरगाह थे, सब बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दिए गए। जो आपकी संपत्ति थी, वह आज आपकी नहीं रही। ऐसी सरकार के बीच प्रदेश में जो सरकार है, वह आपके हित की रक्षा कर रही है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की तमाम ऐसी नीतियां है, जिसे जनता को नुकसान हो रहा है। 

भूपेश सरकार की तारीफ की
गरीब, मीडिल क्लास के लोग महंगाई से पीस रहे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने इस दौर में आपकी महंगाई के लिए कई काम किए हैं। आज छत्तीसगढ़ का किसान खुश है। छत्तीसगढ़ में ही खेती किसानी करने वाले लोग आगे बढ़ रहे हैं। बाकी सभी जगह किसान डीजल, खाद यूरिया, बीज के दाम बढ़ाने की वजह से परेशान हैं। बहुत कम कमा पा रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा धान की कीमत छत्तीसगढ़ में ही मिल रही है। गन्ना, मक्का, कोदो, रागी, तिलहनी इनके किसानों का अतिरिक्त लाभ मिल रहा है। मिलेट्स को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर तारीफ की। 

पीएम पर साधा निशाना
उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मैंने सुना कि पीएम मोदी यहां पर आकर धान खरीदने का श्रेय लेते हैं, मैं यूपी से आती हूं और उनसे पूछना चाहती हूं कि यदि मोदी की सरकार छत्तीसगढ़ का धान खरीद रही है, तो उत्तर प्रदेश के किसान धान अपना 1200 से 1400 रु में क्यों बेच रहे हैं। वहां पर तो बीजेपी की सरकार है। आवारा मवेशियों से लोग परेशान हैं। उत्तर भारत में जहां-जहां हम जाते हैं लोग परेशान हैं। पूरी रात महिलाएं जगकर मवेशियों की निगरानी करती हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में जो गौठान की स्कीम है, उसके जरिए समस्या ही खत्म हो गई है। इसकी मिसाल हर चुनाव में हम हर प्रदेश में देते हैं। उत्तर प्रदेश में मैंने यह गांव-गांव में कहा और छत्तीसगढ़ के काम की तारीफ की। भूपेश सरकार की योजनाओं की जमकर तारीफ की। 


चुनाव से पहले जनता से अपील
उन्होंने चुनाव से पहले जनता से अपील करते हुए कहा कि चुनाव आने वाला है। चुनाव के समय सब नेता आपके सामने आकर वोट मांगते हैं। मैं सिर्फ यही कहना चाहती हूं कि आप जागरूक रहिए, जो कहानी मैंने आप सभी को बताई। उसे महिला की तरह आप सभी जागरूक रहें। वो जाति, धर्म, संप्रदाय के आधार पर वोट मांगते हैं, उनको अपनी सच्चाई दिखाओ। अपने अनुभवों पर उतरें और उनसे पूछो कि आपने हमारे लिए क्या किया? और ये सवाल जब छत्तीसगढ़ सरकार से पूछेंगे तो उसका जवाब आपको हर जगह मिलेगा। अपने भविष्य को मजबूत बनाने के लिए अपना कीमती वोट दीजिए। 

प्रियंका गांधी ने उद्बोधन से पहले विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। नर्तक दलों से भेंट मुलाकात की। स्व सहायता समूह की महिलाओं से भेंट मुलाकात की। माना एयरपोर्ट पर सीएम भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने उनकी अगवानी की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed