सीजी: कोरबा में तेज रफ्तार भारी वाहन ने ली युवक की जान, पत्नी और छह साल के बेटे को छोड़ गया
कोरबा के बलगी क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान के पास अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार 28 वर्षीय शिव प्रसाद की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उसकी तलाश कर रही है।
विस्तार
कोरबा जिले के बलगी क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से जान गंवाने वाले युवक की पहचान दीपका निवासी 28 वर्षीय शिव प्रसाद के रूप में हुई है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, दीपका निवासी शिव प्रसाद पिता रामस्वरूप बजाज पल्सर बाइक क्रमांक CG 07 BQ 2167 से बलगी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान शराब दुकान के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पढ़ें: राजनांदगांव गो-हत्या मामले में मुख्य आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, अब तक 14 पकड़े गए
बताया जा रहा है कि शिव प्रसाद शादीशुदा था और एक निजी कंपनी में काम करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और छह साल के बेटे को छोड़ गया है। जवान बेटे की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, जांच और वाहन की पहचान के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बलगी शराब दुकान के पास भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही बनी रहती है। इससे यहां दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।