Kabirdham: वितरित किये गये बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र, थाना और पुलिस चौकी में रखी गई गोपनीय सामग्री
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वी और 12वीं की वार्षिक परीक्षा अगले माह मार्च से शुरू होने वाली हैं। इन दोनों कक्षा के सभी विषय के प्रश्न पत्र व गोपनीय सामग्री को शनिवार को वितरण कर दिया गया है।
विस्तार
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वी और 12वीं की वार्षिक परीक्षा अगले माह मार्च से शुरू होने वाली हैं। इन दोनों कक्षा के सभी विषय के प्रश्न पत्र व गोपनीय सामग्री को शनिवार को वितरण कर दिया गया है। गोपनीय सामग्री का वितरण माशिमं के समन्वय केंद्र स्वामी करपात्री जी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल से किया गया।
इस दौरान कड़ी सुरक्षा रखी गई थी। मौके पर पुलिस बल तैनात थे। जिला शिक्षा अधिकारी एमके गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 10वीं व 12वीं में लगभग 20 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। शनिवार को प्रश्न पत्र को संबंधित परीक्षा केन्द्र के थाना-पुलिस चौकी में जमा किया जाएगा। जिस दिन संबंधित विषय की परीक्षा होगी, उसी दिन सुबह प्रश्न पत्र को थाना से परीक्षा केन्द्र तक लाया जाएगा।
कबीरधाम जिले में इस वर्ष दो परीक्षा केन्द्र बढ़ाए गए हैं, इसमें हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राम कामठी व ग्राम रामपुर(ठाठापुर) है। पूरे जिले में कुल 172 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है। इन्हीं केन्द्रों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। बोर्ड परीक्षा को देखते हुए विभाग द्वारा उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है, जो परीक्षा के दिन इन केन्द्रों में जाकर निरीक्षण करेगी।