CG: जेन जी का असर; कांग्रेस को घेरने और जवाब देने के लिये सोशल मीडिया पर एक्टिव हुई बीजेपी, ली वर्चुअल मीटिंग
CG Politics: देश-प्रदेश में जेन जी आंदोलन का व्यापक असर हुआ है। कई राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति में अहम बदलाव किये हैं। इस क्रम में छत्तीसगढ़ बीजेपी विपक्ष में बैठी कांग्रेस के नैरेटिव को लेकर जवाब देने के लिये सोशल मीडिया पर पूरी तरह से एक्टिव हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
CG Politics: देश-प्रदेश में जेन जी आंदोलन का व्यापक असर हुआ है। कई राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति में अहम बदलाव किये हैं। इस क्रम में छत्तीसगढ़ बीजेपी विपक्ष में बैठी कांग्रेस के नैरेटिव को लेकर जवाब देने के लिये सोशल मीडिया पर पूरी तरह से एक्टिव हो गई है। रायपुर में बीजेपी नेताओं की वर्चुअल मीटिंग हुई। इसमें भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक उपलब्धियों और विकास कार्यों के पुख्ता आंकड़े प्रचार माध्यमों के जरिए जनता के बीच मजबूती से रखे जाएं।
सोनी ने कहा कि पार्टी के सभी जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी एवं प्रवक्तागण जिले से लेकर मंडल स्तर तक निरंतर सक्रिय रहकर सरकार की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। जनता के बीच विपक्ष के नकारात्मक प्रचार को विफल कर सकारात्मक और तथ्यपरक बातचीत करें।
'नैरेटिव और दुष्प्रचार फैला रही कांग्रेस'
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल माध्यमों पर विपक्षी दलों के जनता को भ्रमित करने के लिए लगातार झूठे नैरेटिव और दुष्प्रचार फैलाए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में जिले के प्रवक्ताओं और जिला मीडिया प्रभारी एवं सह प्रभारियों का दायित्व बढ़ जाता है कि वे विपक्ष के हर भ्रामक दावे का पूरे तथ्यों, साक्ष्यों और आक्रामकता के साथ मुंहतोड़ जवाब दें। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर विपक्ष के दुष्प्रचार की तुरंत पहचान कर वास्तविक तथ्यों के साथ तुरंत खंडन करें।
साय के जनहितैषी निर्णयों से कांग्रेस हताश: पंकज झा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कहा कि सीएम साय के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार की ओर से प्रदेश में किए जा रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों और जनहितैषी निर्णयों से कांग्रेस पूरी तरह हताश और मुद्दाविहीन है। अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए कांग्रेस लगातार झूठे, मनगढ़ंत और आधारहीन नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास कर रही है। टीवी डिबेट्स, प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कांग्रेस के भ्रामक दावों को आंकड़ों के साथ तुरंत खारिज किया जाए।
पार्टी संदेश को बेहतर ढंग करें पेश: हेमन्त पाणिग्रही
भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमन्त पाणिग्रही ने मीडिया विभाग की कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं और संगठन की नीतियों व जनहितैषी योजनाओं को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। पाणिग्रही ने मीडिया प्रबन्धन को अधिक सशक्त, और पारदर्शी बनाने के साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं को लेकर भी गहन चर्चा की। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के माध्यम से पार्टी के संदेश को बेहतर ढंग से पेश करने की बात कही।
वर्चुअल बैठक में ये रहे मौजूद
वर्चुअल बैठक में रायपुर जिला मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिले के प्रवक्ता, मोर्चा के मीडिया प्रभारी, सह मीडिया प्रभारी एवं मोर्चा के प्रवक्ता शामिल हुए।