{"_id":"6492a93e5bc5802d9f0c6687","slug":"chhattisgarh-elephant-attack-elephants-killed-young-man-in-ambikapur-2023-06-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाथियों ने युवक को पटक-पटक कर मार डाला: खेत में भिंडी तोड़ने के लिए गया था; 10 दिन पहले महिला की ली थी जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाथियों ने युवक को पटक-पटक कर मार डाला: खेत में भिंडी तोड़ने के लिए गया था; 10 दिन पहले महिला की ली थी जान
Wed, 21 Jun 2023 01:09 PM IST
मोहनीश श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अंबिकापुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अंबिकापुर
Published by: मोहनीश श्रीवास्तव
Updated Wed, 21 Jun 2023 01:09 PM IST
सार
हाथियों के विचरण की निगरानी का दावा करने वाले वनविभाग को तीन हाथियों के अंबिकापुर वनपरिक्षेत्र में घुस आने और कई किलोमीटर दूर परसा पहुंच जाने की भनक तक नहीं लगी। वनविभाग का अमला इसके कारण लोगों को सतर्क नहीं कर पाया।
विज्ञापन
सांकेतिक फोटो
- फोटो : Pixabay
विस्तार
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बुधवार तड़के हाथियों ने एक युवक की पटक-पटक कर जान ले ली। युवक अपने खेत में भिंडी तोड़ने के लिए गया था। इसी दौरान हाथियों ने उस पर हमला कर दिया। युवक का शव खेत में क्षत-विक्षत हालत में मिला है। बताया जा रहा है कि तीन हाथियों का दल कल्याणपुर क्षेत्र से मंगलवार रात अंबिकापुर वनपरिक्षेत्र में दाखिल हुआ है। हाथियों की लगातार निगरानी का दावा करने वाले वनविभाग को उनके क्षेत्र में पहुंचने की भनक तक नहीं लगी। हाथियों के इस दल ने 10 दिनों पहले कल्याणपुर में भी एक महिला की जान ले ली थी।
विज्ञापन
हाथियों ने घेरकर युवक को पकड़ा, पैर उखाड़ दिया
जानकारी के अनुसार, ग्राम परसा निवासी देव नारायण पैकरा (32) बुधवार तड़के करीब 4.30 बजे अपने खेत से भिंडी तोड़ने के लिए जा रहा था। परसा के कृषक अपनी फसल सुबह अंबिकापुर मंडी या बाजार तक लाते हैं। देव नारायण पैकरा खेत के पास पहुंचा ही था कि उसे वहां मौजूद हाथी दिखाई दिए। उन्हें देखकर देव नारायण भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन हाथियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और उठाकर कई बार पटका। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाथियों ने देव नारायण पैकरा को बुरी तरह से कुचल दिया और पैरों को उखाड़कर अलग कर दिया।
विज्ञापन
युवक को मारने के बाद जंगल की ओर गया दल
सुबह ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिल गई। जब वे खेत की ओर जाने लगे तो उन्हें देव नारायण पैकरा का क्षत विक्षत शव मिला। सूचना पर अंबिकापुर से एसडीओ फारेस्ट विजेंद्र ठाकुर, रेंजर संजय लकड़ा सहित वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। मौके पर शव का पंचनामा कर शव को पीएम के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवक की जान लेने के बाद हाथियों का दल गांव से दूर हटकर जंगल की ओर चला गया है। हालांकि इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। वह अपने खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं।
विज्ञापन
पहुंचा हाथियों का दल
हाथियों का दल करीब 20 दिनों से सूरजपुर वनपरिक्षेत्र के कल्याणपुर इलाके में विचरण कर रहा था। 11 जून की रात इसी दल ने एक महिला सुंदरी को पटक-पटककर मार डाला था। हाथियों के विचरण की निगरानी का दावा करने वाले वनविभाग को तीन हाथियों के अंबिकापुर वनपरिक्षेत्र में घुस आने और कई किलोमीटर दूर परसा पहुंच जाने की भनक तक नहीं लगी। वनविभाग का अमला इसके कारण लोगों को सतर्क नहीं कर पाया। हाथियों का दल अभी भी परसा से लगे वनक्षेत्र में मौजूद है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं।