12वीं के बाद कोर्स करना है, तो हो जाएं सतर्क
आपने इस बार अगर 12वीं की परीक्षा पास की है और रोजगारपरक कोर्स करना चाहते हैं, तो जरा सतर्क हो जाएं। पिछले शैक्षणिक सत्र में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई ऐसे संस्थान रहे हैं, जिनमें कोर्स की मान्यता और फीस को लेकर विवाद हुआ हैं।
इनमें एफडीडीआई जैसे कुछ प्रमुख मुद्दे रहे हैं। कहीं पर कोर्स की मान्यता ही नहीं थी, तो कई संस्थानों में मानक से आधे शिक्षक भी नहीं थे। इन समस्याओं से छात्रों को बचाने के लिए अमर उजाला ने एकेटीयू के पूर्व कुलपति प्रो. आरके खांडल से बातचीत की। पेश से उनसे बातचीत के प्रमुख अंश :
कॉलेज के नाम पर न जाएं
प्रोफेसर खांडल ने बताया कि छात्र इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी कॉलेज के नाम पर न जाएं। क्याेंकि कई बार कुछ कॉलेज दिखावा ज्यादा करते हैं, जबकि असल में उतना होता नहीं है।
एआईसीटीई और कॉलेज की वेबसाइट से लें जानकारी
जिस कॉलेज में दाखिला लेना है, उसमें छात्र स्वयं जाएं और उसके बारे में बारीकी से जानकारी हासिल करें। आपको चार से पांच साल का समय वहां पर बिताना है। कोर्स और कॉलेज के चुनाव में अभिभावक भी बच्चों का साथ दें।
एआईसीटीई और कॉलेज की वेबसाइट से लें जानकारी
उन्होंने बताया कि एआईसीटीई की वेबसाइट पर जाकर कॉलेज की मान्यता से लेकर कोर्स आदि के बारे में जानकारी लें। इसके अलावा कॉलेज की वेबसाइट पर फैकल्टी और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली जा सकती है।
फीस के बारे में भी लें पुख्ता जानकारी
प्रोफेसर खांडल बताते हैं कि जब भी कॉलेज में दाखिले की तैयारी कर रहे हों तो सबसे पहले कोर्स और उसके बाद फीस के बारे में गंभीरता से जानकारी हासिल करें। कुछ कॉलेज दाखिले के समय फीस स्ट्रक्चर अलग रखते हैं और बाद में कुछ कर देते हैं। इसलिए फीस स्ट्रक्चर की रसीद अपने पास अवश्य रखें। इस समय हर ऐसी बात का ध्यान रखना होगा, जिससे भविष्य में कॉलेज में कोई परेशानी न आए।