First Republic Bank: जेपी मॉर्गन खरीदेगा फर्स्ट रिपब्लिक बैंक, जमाकर्ताओं को मिलेगा पूरा पैसा
संकट में फंसे अमेरिकी बैंक फर्स्ट रिपब्लिक बैंक का जेपी मॉर्गन चेस अधिग्रहण करेगा। इसमें अधिकांश संपत्तियां और सारे जमा भी शामिल हैं। बैंकिंग क्षेत्र में मची उथल-पुथल से निपटने के लिए अमेरिकी नियामक ने सोमवार तड़के फर्स्ट रिपब्लिक को अपने कब्जे में ले लिया।
विस्तार
बैंकिंग कार्यों में नाकाम रहने के बाद अमेरिका के 14वें सबसे बड़े फर्स्ट रिपब्लिक बैंक का अधिग्रहण कर लिया गया है। बैंक के अधिग्रहण के लिए बोली को जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी ने जीता। जेपी मॉर्गन फर्स्ट रिपब्लिक की संपत्ति का अधिग्रहण करेगा, जिसमें लगभग 173 बिलियन डॉलर के ऋण (लोन) और 30 बिलियन डॉलर की प्रतिभूतियां (सिक्योरिटीज), साथ ही जमा (डिपॉजिट) में 92 बिलियन डॉलर शामिल हैं।
एजेंसी ने सोमवार तड़के एक बयान में कहा कि जेपी मॉर्गन और फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कॉर्प वाणिज्यिक ऋणों (कॉमर्शियल लोन) पर नुकसान के बोझ के साथ-साथ किसी भी वसूली को साझा करने के लिए सहमत हुए। उन्होंने कहा, हमारी वित्तीय ताकत, क्षमताओं व बिजनेस मॉडल ने बोली को हासिल करने की अनुमति दी।
11 अमेरिकी बैंकों ने की थी फर्स्ट रिपब्लिक को बचाने की कोशिश
प्री मार्केट ट्रेडिंग के दौरान न्यूयॉर्क में सुबह 4:06 बजे तक फर्स्ट रिपब्लिक के शेयर 33% से अधिक टूट गए, जिससे यह इस साल की 97% की गिरावट की ओर बढने के रास्ते पर आ गया। जेपी मॉर्गन के शेयर में 3.8% की तेजी आई। 11 अमेरिकी बैंकों ने 16 मार्च को 30 अरब डॉलर की नई जमा राशि गिरवी रखकर फर्स्ट रिपब्लिक को बचाए रखने की कोशिश की थी, जिसमें जेपी मॉर्गन, बैंक ऑफ अमेरिका कॉर्प, सिटीग्रुप इंक और वेल्स फार्गो एंड कंपनी भी शामिल थे।
गोल्डमैन सैक्स ग्रुप इंक और मॉर्गन स्टेनली और अन्य बैंकों ने अमेरिकी नियामकों के साथ तैयार की गई योजना के हिस्से के रूप में छोटी राशि की पेशकश की थी। लेकिन यह काफी नहीं था। मार्च 2022 में 170 अरब डॉलर से ऊपर रहने वाला शेयर अप्रैल के अंत तक पांच अरब डॉलर से नीचे आ गया।
कई बार बेचा-खरीदा जा चुका फर्स्ट रिपब्लिक बैंक
फर्स्ट रिपब्लिक बैंक को वर्षों में कई बार खरीदा और बेचा गया है। मेरिल लिंच एंड कंपनी ने 2007 में फर्स्ट रिपब्लिक का अधिग्रहण करने के लिए 1.8 बिलियन डॉलर का भुगतान किया था। इसके बाद इसका स्वामित्व बैंक ऑफ अमेरिका के पास चला गया जब उसने 2009 में मेरिल लिंच को खरीदा। 2010 के मध्य में फिर जनरल अटलांटिक और कॉलोनी कैपिटल सहित निवेश फर्मों ने 1.86 बिलियन डॉलर में फर्स्ट रिपब्लिक खरीदा और फिर इसे सार्वजनिक कर दिया।