दिवाली से पहले करदाताओं को सरकार देगी बड़ा तोहफा, घट सकते हैं टैक्स स्लैब
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार दिवाली से पहले करदाताओं के लिए बड़ी घोषणा कर सकती है। सरकार द्वारा दिवाली से पहले इनकम टैक्स की दरों में कटौती की जा सकती है।
इतना हो सकता है टैक्स
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार, पांच लाख से 10 लाख रुपये तक की आय पर सरकार टैक्स 10 फीसदी लगाने की घोषणा कर सकती है। मौजूदा समय में यह दर 20 फीसदी है। वहीं 10 लाख रुपये से ज्यादा कमाई पर टैक्स 25 फीसदी हो सकता है। अभी यह दर 30 फीसदी है।
होगा इतना मुनाफा
पांच लाख की आय पर 50 हजार रुपये के स्टैंडर्ड डिडक्शन के बाद बाकी 4.5 लाख पर अभी मौजूदा समय में 20 फीसदी यानी 90 हजार रुपये टैक्स लगता है। अगर यह दर घटकर 10 फीसदी हो जाती है, तो यह रकम 45 हजार रुपये हो जाएगी। यानि आपको 45,000 रुपये का फायदा होगा। यह गणना टैक्स छूट के लिए निवेश के विकल्पों और सेस के बिना है।
सेस और सरचार्ज भी हटा सकती है सरकार
इतना ही नहीं, केंद्र सरकार सेस और सरचार्ज हटाने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। इसके अतिरिक्त, कर में छूट के कुछ अन्य विकल्प भी सरकार खत्म कर सकती है।
फैसला लेते वक्त सरकार डायरेक्ट टैक्स कोड ( DTC ) की सिफारिशों को ध्यान में रखेगी। 19 अगस्त को डीटीसी ने सरकार को रिपोर्ट सौंपी थी। पैनल ने सुझाव दिया है कि पांच लाख रुपये से 10 लाख रुपये तक की आय पर 10 फीसदी टैक्स लगाया जा सकता है, जो अभी 20 फीसदी है। 10 लाख से 20 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स 30 फीसदी से घटकर 20 फीसदी किया जा सकता है। 20 लाख रुपये से दो करोड़ की आय पर टैक्स 30 फीसदी किया जा सकता है।
सरकार ने घटाया था कॉर्पोरेट टैक्स
बता दें कि हाल ही में सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स में कटौती की थी, जिसके मुताबिक घरेलू कंपनियों पर बिना किसी छूट के इनकम टैक्स 22 फीसदी हो गया है। जबकि सरचार्ज और सेस जोड़कर प्रभावी दर 25.17 फीसदी होगी। पहले यह दर 30 फीसदी थी। साथ ही सरकार ने कैपिटल गेन पर भी सरचार्ज खत्म करने की घोषणा की थी।