10 दिसंबर से शुरू होगा SBI योनो फेस्टिवल, प्रोसेसिंग फीस पर मिलेगी 50 फीसदी की छूट
एसबीआई अपने ग्राहकों के लिए 10 दिसंबर से दूसरा योनो फेस्टिवल शुरू करने वाला है। इसमें एसबीआई के डिजिटल प्लेटफॉर्म योनो से खरीदारी करने पर ग्राहकों को अतिरिक्त छूट और कैशबैक ऑफर की सुविधा मिलेगी। खास बात है कि 14 दिसंबर तक चलने वाले इस फेस्टिवल में बैंक ने होम और ऑटो लोन पर भी विशेष छूट देने की घोषणा की है।
एसबीआई के एमडी (खुदरा एवं डिजिटल बैंकिंग) पीके गुप्ता ने एक बयान में कहा कि 31 दिसंबर, 2019 तक ऑटो लोन पर जीरो प्रोसेसिंग फी लगेगा, जबकि होम लोन पर लगने वाले प्रोसेसिंग फी पर 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। साथ ही तत्काल इन प्रिंसिपल अप्रूवल मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस फेस्टिवल में ग्राहकों को इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन, गिफ्ट, आभूषण, फर्नीचर, यात्रा संबंधी खरीदारी और होटल बुकिंग पर पांच से 50 फीसदी तक छूट मिलेगी। साथ ही कुछ शर्तों के साथ 10 फीसदी कैशबैक भी मिलेगा।
इसके लिए अमेजन, लाइफस्टाइल स्टोर, थॉमस कूक, इजीमाई ट्रिप, ओयो, पेपरफ्राई और अन्य कंपनियों से करार किया गया है। योनो एसबीआई का डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस एप के जरिए एसबीआई वित्तीय उत्पादों में निवेश, बैंकिंग सेवा और खरीदारी की सुविधा देता है। इसे दो साल पहले लॉन्च किया गया था।
कॉरपोरेट क्षेत्र से कर्ज की मांग घटी
एसबीआई के एमडी अरिजीत बासु ने कहा कि कॉरपोरेट क्षेत्र में विकास सुस्त पड़ा है। इसलिए इस क्षेत्र से कर्ज की मांग भी घटी है। हालांकि, खुदरा क्षेत्र की मांग एक समान दर से बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि कॉरपोरेट ऋण की वृद्धि दर 2-3 फीसदी है। इससे जाहिर है कि कॉरपोरेट ऋण की मांग में कमी देखने को मिल रही है।
हालांकि, खुदरा कर्ज (होम लोन और पर्सनल लोन) में 18 फीसदी की तेजी देखी जा रही है। एसबीआई परचेजिंग मैनेजर इंडेक्स पिछले महीने पहली बार 50 फीसदी के स्तर को पार कर गया। इससे पता चलता है कि धारणा में कुछ सुधार हुआ है। एनपीए के सवाल पर उन्होंने कहा कि 30 सितंबर में एनपीए 1.5 फीसदी घटकर 7.2 फीसदी रह गया है। बैंक ने प्रोविजन कवरेज रेश्यो (पीसीआर) 60 फीसदी से बढ़ाकर 82 फीसदी कर दिया है।