SBI सहित इन बैंकों ने दी खुशखबरी, होम व अन्य लोन पर घटाई ब्याज दरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक सहित दो अन्य बैंकों ने अपने सभी तरह के लोन पर ब्याज दरों को घटा दिया है। एसबीआई ने सभी तरह की बेंचमार्क लेंडिंग दर में 0.05 फीसदी की कटौती कर दी है।
वहीं इलाहाबाद बैंक ने सभी अवधि की लेंडिंग दर (एमसीएलआर) में 0.15 फीसदी की कमी की है। कर्नाटक बैंक ने भी एक साल के लिए बेंचमार्क लेंडिंग दरों में 0.10 फीसदी की कटौती करने का ऐलान किया है।
पढ़ें- दिसंबर में सस्ती हो सकती है आपके लोन की EMI, आरबीआई घटा सकता है रेपो रेट
आज से लागू हुई नई दरें
एसबीआई की वेबसाइट के अनुसार नई दर एक नवंबर से लागू हो जाएगी। इस फैसले के बाद एक दिन के लिए लिए गए कर्ज पर एमसीएलआर अब 7.75 फीसदी के बजाय 7.70 फीसदी हो जाएगा।
वहीं तीन साल की अवधि के लिए कर्ज दर 8.15 फीसदी से घटकर 8.10 फीसदी हो जाएगी। इसी तरह बैंक ने एक महीने, तीन महीने, छह महीने और दो साल की अवधि के लिए भी कर्ज दर घट जाएगी। इस कटौती से एक साल के लिए एमसीएलआर 8 फीसदी से घटकर 7.95 फीसदी रह गई है।
एसबीआई के इस कदम से दूसरे कर्जदाता बैंक भी ब्याज दरों में कटौती कर सकते हैं। इससे पहले बैंक ने दस महीने पहले यानी एक जनवरी को ब्याज दर में कटौती की थी।
इलाहाबाद बैंक ने इतना किया बदलाव
इलाहाबाद बैंक ने अपने एक साल के एमसीएलआर में 8.45 फीसदी से घटाकर के 8.30 कर दिया गया है। वहीं दो साल की अवधि के लिए एमसीएलआर 8.50 फीसदी, तीन साल के लिए 8.55 फीसदी, एक दिन के लिए 7.80 फीसदी, तीन महीने के लिए 8.10 फीसदी और छह महीने के लिए 8.20 फीसदी तय किया है।
कर्नाटक बैंक से 75 लाख का लोन हुआ सस्ता
कर्नाटक बैंक ने 75 लाख तक का लोन लेने वालों के लिए एमसीएलआर को 8.50 फीसदी कर दिया है। वहीं कार लोन के लिए ब्याज दर 9.80 फीसदी कर दिया गया है। बैंक ने अपने सामान्य ब्याज दर के एमसीएलआर को 8.85 फीसदी से घटाकर के 8.75 फीसदी कर दिया है।
छह महीने के लोन के लिए एमसीएलआर 8.40 फीसदी, तीन महीने के लिए 8.35 फीसदी और एक महीने के लिए 8.30 फीसदी एमसीएलआर फिक्स किया है।