दिवाली से पहले मिल सकता है सस्ते कर्ज का तोहफा, रेपो दर में कटौती पर RBI लेगा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अर्थव्यवस्था पर मंथन करने के लिए आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिवसीय बैठक मंगलवार को शुरू हो गई। गवर्नर शक्तिकांत दास की अगुवाई में छह सदस्यीय समिति मौद्रिक नीतियों पर चर्चा के साथ कर्ज की आधार ब्याज दर (रेपो दर) में कटौती पर भी फैसला करेंगे, जिससे दिवाली से पहले उपभोक्ताओं को सस्ते कर्ज का तोहफा मिल सकता है।
शक्तिकांत दास ने पिछले दिनों संकेत दिए थे कि खुदरा महंगाई अनुमान के मुताबिक काबू में होने से रेपो रेट में एक और कटौती की गुंजाइश बनी हुई है। इससे पहले सरकार भी लगातार सात चरणों में अर्थव्यवस्था और बाजार को राहत दे चुकी है।
ऐसे में पहली तिमाही छह साल के निचले स्तर पर पहुंच चुकी विकास दर को बढ़ाने के लिए रिजर्व बैंक मौद्रिक नीतियों पर नरम रुख बरकरार रख सकता है। रेपो रेट कटौती पर फैसला 4 अक्तूबर शुक्रवार को होगा, जबकि 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के मौके पर बैठक नहीं होगी। रिजर्व बैंक ने पिछले एमपीसी बैठक में सबको चौंकाते हुए रेपो रेट 35 आधार अंक कम कर दिया था, जिससे मौजूदा ब्याज दर 5.40 फीसदी हो गई थी।
आरबीआई 0.20 फीसदी घटा सकता है रेपो रेट: डीबीएस
रिजर्व बैंक शुक्रवार को समाप्त होने वाली एमपीसी की बैठक में एक बार फिर रेपो रेट में कटौती कर सकता है। सिंगापुर के डीबीएस बैंक ने मंगलवार को कहा कि इस सप्ताह 0.20 फीसदी की कटौती हो सकती है, जो इस तिमाही के 0.40 फीसदी के अनुमान का आधा ह्रै।
डीबीएस ने कहा, रेपो रेट में कटौती का फैसला बाद में आरबीआई के जीडीपी वृद्धि मूल्यांकन में बड़ी भूमिका निभाएगा, जो इस साल के लिए 6.9 फीसदी रहने का अनुमान है। हालांकि, बाजार के अनुसार 5.8-6.5 फीसदी वृद्धि दर हो सकती है।
लिहाजा इस बात की पूरी उम्मीद है कि आरबीआई इस सप्ताह 0.20 फीसदी रेपो घटा सकता है, जबकि दिसंबर में भी इतनी ही कटौती की संभावना है। गौरतलब है कि रिजर्व बैंक इस साल अभी तक रेपो रेट में 1.10 फीसदी कटौती कर चुका है।