यह बैंक देगा 59 मिनट में होम व पर्सनल लोन, जल्द शुरू होगी योजना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जल्द ही आम लोगों को घर व अन्य जरूरतों की वस्तुएं खरीदने के लिए 59 मिनट में लोन मिल सकेगा। सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन ओवरसीज बैंक ने घोषणा की है, कि वो रिटेल ग्राहकों को भी 59 मिनट लोन पोर्टल पर इस सुविधा को शुरू करेगा। वहीं छोटे कारोबारियों को अभी मिल रहे एक करोड़ के लोन की सीमा को बढ़ाकर के पांच करोड़ रुपये किया जाएगा।
बैंक ने घटाया एमसीएलआर
बैंक ने अपना एमसीएलआर भी 10 से लेकर के 15 बीपीएस तक घटा दिया है। आईओबी ने कहा है कि वो एमसीएलआर में होम लोन लेने वाले रिटेल ग्राहकों के लिए भी एक्सटर्नल बेंचमार्क रेपो रेट से लिंक करने जा रहा है।
बैंकों ने दिया था सरकार को प्रस्ताव
सरकारी बैंकों के चेयरमैन, एमडी और सीईओ के साथ बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को रिटेल ग्राहकों को भी इतने कम समय में लोन अप्रूव करने के लिए योजना को शुरू करने का प्रस्ताव मिला है। वित्त मंत्रालय इस प्रस्ताव पर गौर कर रहा है। इस बैठक में वित्त सचिव राजीव कुमार भी मौजूद थे। फिलहाल इस तरह की सुविधा केवल छोटे कारोबारियों को मिलती है, जो psbloansin59minutes.com से आसानी से एक से पांच करोड़ रुपये तक का लोन लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कार, घर खरीदने के लिए लोन
बैंकों ने प्रस्ताव दिया है कि इस तरह का एक पोर्टल रिटेल ग्राहकों के लिए भी शुरू किया जाए, जिससे उनको आसानी से घर, कार, टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन खरीदने के लिए लोन मिल सके। ऐसा करने से अर्थव्यवस्था को रफ्तार मिलेगी और मांग बढ़ने से कई सेक्टर जैसे कि ऑटो, रियल इस्टेट और इलेक्ट्रोनिक्स को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।
योजना का दायरा बढ़ाने के लिए एसबीआई, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, कॉरपोरेशन बैंक और आंध्र बैंक ने करार किया है। लोन इन 59 मिनट पोर्टल पर इन बैंकों का चुनाव करने वाले कारोबारियों को अब योजना के तहत पांच करोड़ की राशि का लोन एक घंटे में पास हो जाएगा। इस तरह के कर्ज पर ब्याज की शुरुआत 8.5 फीसदी से होती है।
अब तक हजारों को हुआ लाभ
योजना की शुरुआत के महज पांच महीने में ही 50 हजार से ज्यादा लोन को इस पोर्टल से स्वीकृति मिल चुकी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2019 तक लोन इन 59 मिनट पोर्टल पर 50,706 आवेदनों को सैद्धांतिक मंजूरी दी जा चुकी है। इसमें से 27,893 आवेदनकर्ताओें को कर्ज की राशि का भुगतान भी हो चुका है।
छोटे कारोबारियों को मिलेगी मदद
एसबीआई के सीजीएम (एमएसएमई) देवी शंकर मिश्रा ने बताया कि हमारे इस कदम से उद्योगों को लोन मिलने में पारदर्शिता आएगी और छोटे कारोबारियों को विस्तार करने में मदद मिलेगी।