अगर आपको भी है पैसों की जरूरत, तो घर बैठे इस सरकारी योजना से लें 10 लाख तक का लोन
मुद्रा लोन योजना केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना के जरिए सरकार लोगों के सपनों को साकार कर रही है। इस योजना के तहत बैंक 10 लाख रुपये तक का कर्ज देते हैं। जानकारी के मुताबिक, इस योजना के तहत मोदी सरकार करोड़ों रुपये का कर्ज दे चुकी है। आसान भाषा में कहें तो मुद्रा योजना छोटे उद्यमियों को आसानी से कर्ज उपलब्ध कराने वाली योजना है। इसका पूरा नाम माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट एंड रीफाइनेंसिंग एजेंसी है। बता दें कि इसे प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम से भी जाना जाता है।
सरकार ने इस योजना की शुरुआत छोटे व्यापारियों और मझोले उद्योगों को मजबूती देने के लिए की। वैसे तो छोटे व्यापारियों को वित्तीय मदद मुहैया कराने के लिए कई सरकारी योजनाएं चल रही हैं लेकिन इनमें मुद्रा योजना बेहद अहम है।
जानिए किसे मिलेगा मुद्रा लोन
इस योजना के तहत कर्ज लेने वालों को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें व्यवसाय शुरू करने वालें मध्यम स्थिति में कर्ज की चाहत वाले और विकास के अगले स्तर पर जाने की चाहत रखने वाले लोग शामिल हैं। इन तीन हिस्सों की जरूरतों को पूरा करने के लिए मुद्रा बैंक ने तीन कर्ज उपकरणों की शुरुआत की है।
शिशु : इसके दायरे में 50 हजार रुपये तक के कर्ज आते हैं।
किशोर : इसके दायरे में 50 हजार से पांच लाख रुपये तक के कर्ज आते हैं।
तरुण : इसके दायरे में पांच लाख से 10 लाख रुपये तक के कर्ज आते हैं।
नजदीकी बैंक से करें संपर्क
अगर कोई व्यक्ति व्यापार के लिए कर्ज चाहता है तो वह अपने नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क कर सकता है। इसके लिए आपको मकान के मालिकाना हक या किराये के दस्तावेज, काम से जुड़ी जानकारी, आधार, पैन नंबर सहित कई अन्य दस्तावेज देने होंगे और बैंक मैनेजर को कामकाज से बारे में बताना होगा।
यह भी पढ़ें: कल से मोदी सरकार सस्ते में बेचेगी सोना, मोटे मुनाफे के लिए आप भी उठाएं लाभ
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
- ऑनलाइन लोन लेने के लिए आपको https://www.udyamimitra.in/MudraLoan पर जाना होगा, जहां आपको 'Click here to apply' का विकल्प मिलेगा।
- अब आपके समक्ष एक नया पेज खुलेगा जहां आपको लोन की राशि, नाम और अन्य जानकारी डालकर रजिस्टर करना होगा।
- रजिस्ट्रेशन के बाद आप लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। आपकी एप्लीकेशन ऋण दाता देखेंगे। आप चाहें तो अपनी इच्छानुसार किसी ऋण दाता का चयन भी कर सकते हैं।
- अगर आपको एप्लीकेशन फाइल करने में कोई दिक्कत आ रही है, तो उद्यमी मित्र पोर्टल आपको सही एजेंसी या व्यक्ति से संपर्क कराएगा ताकि आप लोन के लिए अप्लाई कर सकें। हालांकि इसके लिए आपको फीस देनी होगी और उद्यमी मित्र पोर्टल पर अपनी पर्सनल डीटेल भरकर एजेंसी/व्यक्ति के लिए रिक्वेस्ट करना होगा।