ताज मानसिंह होगा नीलाम, ली मेरिडियन का लाइसेंस किया कैंसिल
दिल्ली के दिल में बसे ताज मानसिंह होटल के नीलाम होने का रास्ता साफ हो गया है। नई दिल्ली नगर पालिका (एनडीएमसी) की गुरुवार को हुई बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया है।
इसके साथ ही एनडीएमसी ने अशोका रोड पर बने ली मेरिडियन होटल का लाइसेंस भी कैंसिल कर दिया है। इससे ली मेरिडियन के बंद होने का रास्ता खुल गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद ट्विट करके इस बात की जानकारी दी। इन फैसलों को जारी करने से पहले एनडीएमसी ने एक स्पेशल बैठक बुलाई थी, जिसमें केजरीवाल भी शरीक हुए थे।
मानसिंह को नीलामी से बचाने के लिए खटखटाया था कोर्ट का दरवाजा
टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली इंडियन होटल कंपनी लिमिटेड ने ताज मानसिंह को नीलामी से बचाने के लिए पहले हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
हाईकोर्ट ने नवंबर 2016 में ताज मानसिंह को नीलाम करने का आदेश दिया था। टाटा ग्रुप ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी कि ऐसा करना जरूरी नहीं है, क्योंकि वो एनडीएमसी के लिए अच्छी खासी रकम जुटाता है। हालांकि ग्रुप को सुप्रीम कोर्ट से भी किसी प्रकार की कोई राहत नहीं मिली थी।
ली मेरिडियन की लाइसेंस फीस पर हुआ था विवाद
ली मेरिडियन की लाइसेंस फीस पर काफी विवाद हुआ था। तब एनडीएमसी पर आरोप लगा था कि वो इस 5 स्टार होटल से टैक्स वसूली में काफी ढुलमुल रवैया अपना रही है।
पिछले साल एनडीएमसी ने होटल की लाइसेंस फीस में 3 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की थी। तब आरोप लगा था कि एनडीएमसी ने लाइसेंस फीस को 150 करोड़ रुपये में जारी कर दिया था, जिससे खजाने को 400 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।