RIL Results Q3 2022: रिलायंस को तीसरी तिमाही में रिकॉर्डतोड़ 37.9 फीसदी का मुनाफा, आय भी 52.2 फीसदी बढ़ी
बता दें कि दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 43 फीसदी बढ़कर 13,680 करोड़ रुपये पहुंच गया था। उस दौरान कंपनी ने बताया था कि सभी कारोबारों के अच्छे प्रदर्शन के चलते वित्तीय वर्ष 2021 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 43 फीसदी बढ़ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के तीसरी तिमाही के नतीजे आज शाम (21 जनवरी) घोषित कर दिए हैं। कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने बताया कि मार्केट कैप के हिसाब से देश की सबसे बड़ी कंपनी को दिसंबर तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा 20,539 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटिड शुद्ध लाभ हुआ। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज का रेवेन्यू भी उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और 52.2 फीसदी बढ़कर 2,09,823 करोड़ रुपये हो गया। O2C और E&P बिजनेस में भी काफी तेजी देखने को मिली तो जियो और रिटेल बिजनेस ने भी शानदार तिमाही नतीजे पेश किए। ये जियो और रिटेल के अब तक के सबसे बेहतरीन नतीजे हैं।
O2C बिजनेस में काफी सुधार
कंपनी के नतीजों पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि रिलायंस का O2C बिजनेस, जिसे परंपरागत रूप से कंपनी के मुनाफे की रीढ़ माना जाता था, उसमें काफी सुधार हुआ। O2C बिजनेस का EBITDA 38.7 फीसदी (YoY) बढ़कर 13,530 करोड़ जा पहुंचा। बेहतर मूल्य निर्धारण और उत्पादन में सुधार के दम पर E&P व्यवसाय ने भी उच्चतम EBITDA 2,033 करोड़ रुपये दर्ज किया। दिसंबर '21 तिमाही के दौरान उत्पादन 53.3 बिलियन क्यूबिक फुट रहा, जबकि औसत KGD6 प्राकृतिक गैस की कीमत एक साल पहले की अवधि से 74% ऊपर थी।
डिजिटल सेवाओं के कारोबार में भी मुनाफा
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के तहत डिजिटल सेवाओं के कारोबार ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। दिसंबर '21 तिमाही के दौरान उसका EBITDA 10,008 करोड़ था, जो 18.1 फीसदी (YoY) ज्यादा था। EBITDA में यह बढ़ोतरी ग्राहकों की संख्या में लगातार इजाफे और प्रति उपभोक्ता रेवेन्यू में सुधार के दम पर हुई। जियो का ग्राहक आधार तीसरी तिमाही की समाप्ति पर 42 करोड़ 10 लाख हो गया था। पिछले 12 महीनों के दौरान जियो नेटवर्क से एक करोड़ ग्राहक जुड़े। प्रति उपयोगकर्ता मासिक औसत राजस्व (ARPU) बढ़कर 151.6 रुपये हो गया, जो बेहतर ग्राहक मिश्रण और एक दिसंबर 2021 से प्रभावी 20 फीसदी टैरिफ वृद्धि के कारण हुआ।
एक हजार शहरों में 5जी का ट्रायल
प्रति यूजर प्रति माह डेटा और कॉलिंग में इजाफा हुआ। जियो नेटवर्क पर डाटा खपत 18.4 जीबी और वॉयस ट्रैफिक 901 मिनट हो गई, जिनमें क्रमशः 42.6 फीसदी और 13.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। जियो की फिक्डलाइन ब्रॉडबैंड सर्विस जियोफाइबर के भी 50 लाख ग्राहक हो गए हैं। देश भर के लगभग एक हजार शहरों में 5G के ट्रायल की योजना को जियो ने आगे बढ़ाया है। कंपनी अब अपने 5G नेटवर्क पर हेल्थकेयर और इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन का टेस्ट कर रही है। रिलायंस रिटेल ने दिसंबर 2021 की तिमाही के दौरान अपना अब तक का सबसे अधिक राजस्व जुटाया। दिसंबर '21 तिमाही के लिए रिलायंस रिटेल का सकल राजस्व 52.5 फीसदी बढ़कर 57,714 करोड़ हो गया, जबकि EBITDA में 23.8% (YoY) का उछाल आया। शेल गैस में रिलायंस ने अपनी हिस्सेदारी बेच दी है, जिसके परिणामस्वरूप शुद्ध लाभ 2,872 करोड़ रुपये बढ़ गया।