{"_id":"60e95c0b955ff9473f5c59b3","slug":"paytm-president-amit-nayyar-and-other-top-executives-quit-ahead-of-ipo","type":"story","status":"publish","title_hn":"पेटीएम: आईपीओ से पहले उथल-पुथल जारी, प्रेजिडेंट सहित कई शीर्ष अधिकारियों ने दिया इस्तीफा","category":{"title":"Corporate","title_hn":"कॉरपोरेट","slug":"corporate"}}
पेटीएम: आईपीओ से पहले उथल-पुथल जारी, प्रेजिडेंट सहित कई शीर्ष अधिकारियों ने दिया इस्तीफा
Sat, 10 Jul 2021 02:06 PM IST
डिंपल अलावाधी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: डिंपल अलावाधी
Updated Sat, 10 Jul 2021 02:06 PM IST
सार
पेटीएम अपनी आरंभिक शेयर बिक्री के जरिए 16,600 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 12 जुलाई को शेयरधारकों की मंजूरी ले सकती है।
विज्ञापन
paytm
- फोटो : amarujala
विस्तार
2.3 अरब डॉलर के प्रारंभिक सार्वजिनक बिक्री (आईपीओ) से पहले डिजिटल पेमेंट्स कंपनी पेटीएम में उथल-पुथल जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नोएडा की इस कंपनी के प्रेजिडेंट अमित नय्यर समेत कई शीर्ष अधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। इनमें कंपनी के चीफ एचआर ऑफिसर रोहित ठाकुर भी शामिल हैं। नय्यर साल 2019 में पेटीएम बोर्ड से जुड़े थे। उन्होंने इस स्टार्टअप कंपनी की फाइनेंशियल सर्विसेज आर्म का जिम्मा सौंपा गया था। उन्होंने कंपनी के इंश्योरेंस और लेंडिंग वर्टिकल्स को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। सूत्र के मुताबिक अब कंपनी में केवल मधुर देवड़ा के पास ही प्रेजिडेंट का पद है और कई वरिष्ठ अधिकारी एक साल पहले ही कंपनी छोड़ चुके हैं।
विज्ञापन
अक्तूबर-दिसंबर तिमाही में पेश हो सकता है आईपीओ
हाल ही में पेटीएम के निदेशक मंडल से सभी चीनी नागरिक हट गए थे तथा उनकी जगह अमेरिकी और भारतीय नागरिकों ने ली थी। इससे कंपनी के मौजूदा शेयरधारिता में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस साल अक्तूबर-दिसंबर की तिमाही में कंपनी का आईपीओ पेश हो सकता है। पेटीएम अपनी आरंभिक शेयर बिक्री के जरिए 16,600 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 12 जुलाई को शेयरधारकों की मंजूरी ले सकती है।
विज्ञापन
पेटीएम के निदेशक मंडल में अब कोई चीनी नागरिक नहीं
इस संदर्भ में कंपनी ने नियामकीय सूचना में कहा था कि अलीपे के प्रतिनिधि जिंग जियानडोंग, एंट फाइनेंशियल के गुओमिंग चेंग और अलीबाबा के प्रतिनिधि माइकल यूएन जेन याओ (अमेरिकी नागरिक) और टिंग होंग केनी हो कंपनी के अब निदेशक नहीं हैं। सूत्र के अनुसार पेटीएम के निदेशक मंडल में अब कोई भी चीनी नागरिक नहीं है।
विज्ञापन
पेटीएम के शेयरधारकों में अलीबाबा के एंट ग्रुप (29.71 फीसदी), सॉफ्टबैंक विजन फंड (19.63 फीसदी), सैफ पार्टनर्स (18.56 फीसदी) और विजय शेखर शर्मा (14.67 फीसदी) शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी में एजीएच होल्डिंग, टी रो प्राइस, डिस्कवरी कैपिटल और बर्कशायर हैथवे की 10-10 फीसदी से भी कम हिस्सेदारी है।