एयरलाइन्स पर टूटा कोरोना का कहर, Vistara ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 31 मार्च तक किया रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोनावायरस का बुरा असर अब एयरलाइन्स पर भी दिखना शुरू हो गया है। कई बड़ी एयरलाइन्स कंपनियां अपने कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजने के साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर कुछ समय के लिए रोक लगा रही हैं। इसी कड़ी में अब Vistara भी शामिल हो गई है। Vistara ने 20 मार्च से 31 मार्च तक अपनी सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी है। एयरलाइन की तरफ से यह फैसला कोरोनावायरस के बढ़ते मामले को देखते हुए लिया गया है। माना जा रहा है कि कोरोनावायरस से एयरलाइन्स को बड़ा नुकसान हुआ है। ऐसे में देश की सभी एयरलाइन्स साल की पहली तिमाही में कारोबार में हुए जबरदस्त नुकसान को रिपोर्ट कर सकती हैं।
विस्तारा, Tata SIA एयरलाइंस लिमिटेड द्वारा संचालित की जाने वाली एयरलाइन है। विस्तारा का इस मामले पर कहना है कि मांग में आई कमी को देखते हुए कुछ समय के लिए (मार्च और अप्रैल) घरेलू उड़ानों को समायोजित किया गया है।
GoAir ने कर्मचारियों को भेजा छुट्टी पर
कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए GoAir अपने कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज रही है। कर्मचारियों को रोटेशन के आधार पर छुट्टी दी जा रही है। हालांकि, इस दौरान कर्मचारियों को बिना वेतन अवकाश मिलेगा। दरअसल कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए कंपनी ने अपने ऑपरेशन्स को भी सीमित किया है।
GoAir की तरफ से बताया गया है कि कोरोनोवायरस महामारी के बढ़ते हुए खतरे को देखते हुए कंपनी ने मंगलवार से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी है। एयरलाइन ने अपनी सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 17 मार्च से 15 अप्रैल तक के लिए रोक दिया है।
IndiGo के पायलट नहीं करेंगे ओवरटाइम
कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए इंडिगो ने पायलटों को एक्सट्रा टाइम काम करने से मना कर दिया है। ऐसे में अब इंडिगो छुट्टी के बदले पैसे देने के प्रोत्साहन को वापस ले रही है।
कोरोना का कहर
कोरोनावायरस या COVID-19 महामारी दुनिया के 160 देशों में फैल चुकी है। भारत में अब तक इसके 151 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि अब तक 14 मरीज इस बिमारी से पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। हालांकि, इस वायरस से तीन लोगों की अब तक भारत में मौत हो चुकी है। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक दुनियाभर में अब तक कोरोनावायरस से 8,092 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 3,422 लोगों की यूरोप में मौते हुई हैं। वहीं, एशिया में 3,384 लोगों की इस वायरस से मौतें हुई हैं। पिछले 24 घंटों में 684 नए मौत के मामले सामने आए हैं। कोरोनावायरस से अब तक दुनियाभर में दो लाख लोग प्रभावित हो चुके हैं।