Rozgar Mela: कल 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे पीएम मोदी, देशभर में 45 जगहों पर लगेगा रोजगार मेला
Rozgar Mela: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51 हजार से ज्यादा भर्ती किए गए लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि रोजगार मेला देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51 हजार से ज्यादा भर्ती किए गए लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि रोजगार मेला देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) रोजगार मेला के आयोजन से विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) जैसे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), असम राइफल्स, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के साथ-साथ दिल्ली पुलिस में कर्मियों की भर्ती कर रहा है।
बयान में कहा गया है कि पीएम मोदी मोदी 28 अगस्त, 2023 को सुबह 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नए भर्ती किए गए लोगों को 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर नियुक्त लोगों को संबोधित भी करेंगे। इसमें कहा गया है कि देशभर से चुने गए नए रंगरूट गृह मंत्रालय के तहत विभिन्न संगठनों में कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी), उप-निरीक्षक (सामान्य ड्यूटी) और गैर सामान्य ड्यूटी कैडर पदों जैसे विभिन्न पदों पर शामिल होंगे।
बयान में कहा गया है कि सीएपीएफ के साथ-साथ दिल्ली पुलिस को मजबूत करने से इन बलों को आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद का मुकाबला करने, उग्रवाद, वामपंथी उग्रवाद का मुकाबला करने और राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने में सहायता करने जैसी अपनी बहुआयामी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभाने में मदद मिलेगी।
इसमें कहा गया है कि रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। बयान में कहा गया है कि रोजगार मेले से रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में काम करने और युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करने की उम्मीद है।
इसमें कहा गया है कि नवनियुक्त लोगों को आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर एक ऑनलाइन मॉड्यूल कर्मयोगी आरंभ के जरिए खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिल रहा है, जहां 673 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम 'एनीव्हेर एनी डिवाइस' लर्निंग फॉर्मेट के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।