खिलौना उद्योग: निगरानी के लिए मानक बनाएगा बीआईएस, पढ़े व्यापार जगत की पांच खबरें
देश में नकली और घटिया खिलौने बनाने और बेचने पर जल्द प्रतिबंध लगाया जा सकता है। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और खिलौना उद्योग पर नियंत्रण के लिए गाडलाइन बनाने पर जोर दिया है। बीआईएस ने बृहस्पतिवार को एक वेबिनार में कहा कि देशभर में गुणवत्ता वाले खिलौने बनाने के लिए मानक निर्धारित करने की जरूरत है।
खिलौनों में इस्तेमाल होने वाले पदार्थों का सुरक्षा के लिहाज से परीक्षण किया जाना बेहद जरूरी है। हालिया इनोवेशन और निर्यात की संभावनाओं को देखते हुए खिलौना उद्योग में विकास के बड़े अवसर हैं। चर्चा में खिलौना विनिर्माता, फिक्की के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।
इंडियन ऑयल ने दिया 2,424 करोड़ लाभांश
इंडियन ऑयल ने सरकार को 2,424 करोड़ रुपये का लाभांश दिया है। दीपम सचिव तुहिन कांत पांडेय ने बृहस्पतिवार को बताया कि 2021-22 में केंद्रीय कंपनियों से 20,222 करोड़ रुपये का लाभांश मिल चुका है।
सबसे ज्यादा 6,665 करोड़ का लाभांश बीपीसीएल ने दिया। कंपनी की नुमालीगढ़ रिफाइनरी में हिस्सेदारी बेचने से लाभांश में वृद्धि हुई। इसके अलावा एनएचपीसी, एमएमटीसी व सेल सहित दर्जनों कंपनियां अब तक लाभांश दे चुकी हैं।
गति शक्ति अभियान में 101 प्रोजेक्ट शामिल
केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा है कि पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान में 101 प्रोजेक्ट को चिन्हित किया गया है। इससे बंदरगाहों तक पहुंच बनाने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। देश के 111 जलमार्गों को राष्ट्रीय जलमार्ग घोषित किया जाएगा।
आईएलएंडएफएस ने 1,275 करोड़ चुकाए
इन्फ्रा क्षेत्र की सरकारी कंपनी आईएलएंडएफएस ने टेराकिस टेक्नोलॉजी में अपनी 52.26% हिस्सेदारी फिलीपींस की फाल्कन एसजी होल्डिंग्स को बेचकर 1,275 करोड़ का कर्ज चुकाया है। कंपनी अब तक कुल 52 हजार करोड़ का भुगतान कर चुकी है।
कपड़ा संघ पर गलत आंकड़े देने का आरोप
होजरी उद्योग की कंपनियों ने भारतीय कपड़ा उद्योग परिसंघ व कताई संघ पर सरकार को कपास पर गलत आंकड़े देने का आरोप लगाया है। परिसंघ ने कपड़ा उत्पादन लागत में कपास का 25% हिस्सा बताया था।