ये है दुनिया की सबसे महंगी चाय, कीमत 50 हजार रुपये प्रतिकिलो से ज्यादा
असम में दुनिया की सबसे महंगी चाय की पैदावार होती है। यहां पर एक गोल्ड वैरायिटी की चाय 50 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से नीलाम हुई है। पहली बार किसी चाय को इतनी कीमत पर नीलाम किया गया है।
गुवाहाटी में हुई नीलाम
चाय बोर्ड के गुवाहाटी नीलामी केंद्र पर मनोहारी चाय बागान की गोल्ड स्पेशल चाय को सौरभ टी टेड्रर्स ने 50 हजार रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा। इससे पहले भी इसी चाय बागान की 24 जुलाई, 2018 को 39,001 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से अपनी चाय की एक किस्म को बेचा था।
इससे पहले 2018 में अरुणाचल प्रदेश में पाई जाने वाली चाय की एक खास किस्म गुवाहाटी टी ऑक्शन सेंटर (जीटीएसी) में 40,000 रुपये प्रति किलोग्राम की विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने वाली कीमत पर बिकी थी।
2018 में बिकी थी महंगी चाय
गुवाहाटी टी ऑक्शन बायर्स एसोसिएशन की सचिव प्रियानुज दत्ता ने एक बयान में कहा कि अरुणाचल प्रदेश के डोनी-पोलो टी इस्टेट की खास किस्म की चाय गोल्डेन नीडल टी को अगस्त 2018 में 40,000 रुपये प्रति किलोग्राम की कीमत पर बिकी।
खास तरह की पत्तियां
मनोहारी टी इस्टेट के मालिक राजन लोहिया ने कहा की गोल्डन नीडल टी एक खास किस्म की चाय होती है, जिसमें छोटी कलियां होती है। जिन्हें बहुत ही सावधानी से तोड़ा जाता है। इस चाय की पत्तियों में सुनहरे रंग की परत होती है, जो काफी मुलायम व मखमली होती हैं।
केवल पांच किलो की पैदावार
इस बार मौसम खराब होने की वजह से केवल पांच किलो की पैदावार हुई है। अगर मौसम सही रहता तो फिर इस किस्म की ज्यादा पैदावार हो सकती थी। दुनिया में दार्जिलिंग, नीलगिरी और असम में पैदा हुई चाय की सबसे ज्यादा मांग रहती है।