Adani: अदाणी के शेयरों का मार्केट कैप दो दिन में ₹1.78 लाख करोड़ बढ़ा, समूह के मुखिया बोले- संकट के बादल छंटे
सेबी द्वारा हिंडनबर्ग मामले में क्लीन चिट दिए जाने के बाद अदाणी समूह के शेयरों में दो दिनों में भारी उछाल देखने को मिला। बीएसई पर अदाणी पावर के शेयर 19.99 प्रतिशत उछलकर 170.15 रुपये प्रति शेयर की ऊपरी सर्किट सीमा पर पहुंच गए। कंपनियों ने दो दिनों में कुल मिलाकर बाजार मूल्यांकन में 1,78,598.41 करोड़ रुपये जोड़े।
विस्तार
अदाणी ग्रुप के शेयर सोमवार को तेजी दिखाते रहे। इससे केवल दो दिनों में ग्रुप की बाजार पूंजीकरण में 1.78 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। यह उछाल सेबी द्वारा हिंडनबर्ग मामले में क्लीन चिट दिए जाने के बाद सूचीबद्ध कंपनियों में भारी खरीदारी के चलते आया।
सेबी ने दी क्लीन चीट
नियामक के आदेश में स्टॉक में हेरफेर और संबंधित पक्ष के दुरुपयोग के आरोपों को खारिज किया गया था। इसने निवेशकों की धारणा को आशावादी बना दिया है, जिससे अदाणी के शेयरों में लगातार दूसरे दिन तेजी आई है।
बीएसई पर 19.99 प्रतिशत का उछाल
बीएसई पर अदाणी पावर के शेयर 19.99 प्रतिशत उछलकर 170.15 रुपये प्रति शेयर की ऊपरी सर्किट सीमा पर पहुंच गए। अदाणी टोटल गैस का शेयर 19.87 प्रतिशत, अदाणी ग्रीन एनर्जी का 11.75 प्रतिशत, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का 6.94 प्रतिशत, अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड का 4.24 प्रतिशत, अंबुजा सीमेंट्स का 1.43 प्रतिशत, अदाणीपोर्ट्स का 1.17 प्रतिशत, एनडीटीवी का 1.12 प्रतिशत और एसीसी का 0.30 प्रतिशत बढ़ा। इन कंपनियों ने दो दिनों में कुल मिलाकर बाजार मूल्यांकन में 1,78,598.41 करोड़ रुपये जोड़े।
शेयरों में यह तेजी गुरुवार को सेबी द्वारा अपनी जांच पूरी करने के बाद आई, जिसमें कहा गया कि उसे 2023 की शुरुआत में अमेरिका स्थित शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की ओर से लगाए गए आरोपों का समर्थन करने के लिए कोई सबूत नहीं मिला। शुक्रवार को भी अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी रही और अदाणी पावर में 12 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई।
दो साल से मंडरा रहे संकट के बादल छंट गए: गौतम अदाणी
समूह के शेयरों में तेजी लौटने के बीच अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने कहा कि दो साल से ज्यादा समय से हम पर मंडरा रहा एक संकट का बादल छंट गया है। सेबी की व्यापक जांच जनवरी 2023 की हिंडनबर्ग रिपोर्ट में शामिल सभी आरोपों को खारिज करते हुए पूरी हो गई है। यह आपका अटूट विश्वास, आपकी शक्ति और कंपनी में आपका विश्वास ही था जिसने इस पूरे दौर में हमें सहारा दिया। यह परिणाम न केवल अदाणी समूह का है, बल्कि व्यक्तिगत रूप से आप सभी का भी है जो हमारे साथ खड़े रहे और इस समर्थन के लिए मैं तहे दिल से आभारी हूं।