Tejas Crash: दुबई एयर शो हादसे के बाद एचएएल के शेयरों में भारी गिरावट, कंपनी ने सफाई में कही यह बात
Tejas Crash: दुबई एयर शो में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की ओर से बने तेजस लड़ाकू विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना कंपनी के लिए सोमवार को महंगा पड़ा। शेयर बाजार में कंपनी के शेयर टूट गए। एचएएल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि दुबई एयर शो में हुआ हादसा एक 'अलग तरह की घटना' है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दुबई एयर शो में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की ओर से बने तेजस लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सोमवार को शेयर बाजार में कंपनी के शेयर टूट गए। बीएसई पर दिन के कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 8.48 प्रतिशत गिरकर 4,205.25 रुपये पर आ गया। बाद में, कंपनी के शेयरों ने शुरुआती गिरावट में कुछ सुधार किया और पिछले बंद भाव से 3.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,443 रुपये पर बंद हुआ।
एनएसई पर शेयर 4.13 फीसदी गिरकर 4,405 रुपये के दिन के निचले स्तर पर आ गया। अंत में यह 3.26 फीसदी की गिरावट के साथ 4,445.10 रुपये पर बंद हुआ।
एचएएल के शेयरों में यह गिरावट उस घटना के बाद आई है जिसमें दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नमांश स्याल की तेजस विमान दुर्घटना में मौत हो गई। एचएएल ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करता है। कंपनी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान साहसी भारतीय वायुसेना पायलट के निधन पर एचएएल को गहरा दुख हुआ है। एचएएल शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है।”
पिछले 20 महीनों में यह दूसरी बार है जब एचएएल द्वारा निर्मित विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इससे पहले मार्च 2024 में राजस्थान के जैसलमेर में एक हादसा हुआ था, जिसमें पायलट सुरक्षित बच गए थे।
इस बीच, एचएएल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि दुबई एयर शो में हुआ हादसा एक “अलग तरह की घटना” है और इसका कंपनी के व्यवसाय, वित्तीय प्रदर्शन या भविष्य की डिलीवरी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कंपनी ने कहा, “हम आपको आश्वस्त करना चाहते हैं कि यह घटना असाधारण परिस्थितियों में हुई है। कंपनी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रही है और किसी भी महत्वपूर्ण विकास की जानकारी हितधारकों को देती रहेगी।”