{"_id":"62738f2959603835fa192c6b","slug":"icici-bank-and-bank-of-baroda-hike-interest-rates-of-repo-rate-linked-loans-after-rbi-decision","type":"story","status":"publish","title_hn":"आईसीआईसीआई बैंक ने दिया झटका: ईबीएलआर में किया 40 बीपीएस का इजाफा, महंगा होगा होम-ऑटो लोन","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
आईसीआईसीआई बैंक ने दिया झटका: ईबीएलआर में किया 40 बीपीएस का इजाफा, महंगा होगा होम-ऑटो लोन
Thu, 05 May 2022 02:20 PM IST
दीपक चतुर्वेदी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: दीपक चतुर्वेदी
Updated Thu, 05 May 2022 02:20 PM IST
सार
निजी क्षेत्र के ऋणदाता आईसीआईसीआई बैंक ने अपनी बाहरी बेंचमार्क उधार दर (ईबीएलआर) में बढ़ोतरी की घोषणा की। बैंक ने इसे 40 बेसिस प्वाइंट बढ़ाकर 8.10 फीसदी कर दिया है। नई दरें चार मई 2022 से प्रभावी मानी जाएंगी।
विज्ञापन
आईसीआईसीआई बैंक
- फोटो : amarujala
विस्तार
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को आनन-फानन में एक बैठक बुलाई और मई 2020 से सर्वकालिक निचले स्तर पर स्थिर नीतिगत ब्याज दरों में इजाफा कर दिया। आरबीआई ने रेपो दरों में 40 बेसिस प्वाइंट की वृद्धि करते हुए इसे चार फीसदी से 4.40 फीसदी कर दिया। इस झटके से अभी आम आदमी उबरा भी नहीं था, कि आईसीआईसीआई बैंक ने भी बाहरी बेंचमार्क उधार दर यानी ईबीएलआर में वृद्धि कर लोन महंगा कर दिया।
विज्ञापन
नई दरें चार मई 2022 से लागू
जी हां, केंद्रीय बैंक की घोषणा के बाद सबसे पहले निजी क्षेत्र के ऋणदाता आईसीआईसीआई बैंक ने अपनी बाहरी बेंचमार्क उधार दर (ईबीएलआर) में बढ़ोतरी की घोषणा की। बैंक ने इसे 40 बेसिस प्वाइंट बढ़ाकर 8.10 फीसदी कर दिया है। नई दरें चार मई 2022 से प्रभावी मानी जाएंगी। दरों में बढ़ोतरी की जानकारी बैंक ने अपनी वेबसाइट पर साझा की है। यहां बता दें कि बाहरी बेंचमार्क उधार दरें रेपो दर जैसे बाहरी बेंचमार्क के आधार पर बैंकों द्वारा निर्धारित उधार दरें हैं, यह न्यूनतम ब्याज दर है जिस पर वाणिज्यिक बैंक उधार दे सकते हैं। होम-ऑटो समेत अन्य लोन देते समय बैंक ईबीएलआर और आरएलएलआर पर क्रेडिट जोखिम प्रीमियम (सीआरपी) जोड़ते हैं।
विज्ञापन
बैंक ऑफ बड़ौदा ने बढ़ाई दरें
आईसीआईसीआई के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी अपनी ब्याज दरों को बढ़ाते हुए रिटेल लोन लेने वाले ग्राहकों पर बोझ बढ़ा दिया है। बैंक की ओर से कहा गया कि बड़ौदा रेपो लिंक्ड रेट (बीआरएलएलआर) को बढ़ाकर 6.90 फीसदी कर दिया गया है। बैंक की ओर से इस संबंध में बताया गया किइसमें भारतीय रिजर्व बैंक का रेपो रेट 4.40 और मार्कअप 2.50, एसपीओ .25 फीसदी शामिल है। यहां बता दें कि आरबीआई के चौंकाने वाले फैसले के बाद आईसीआईसीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा के बाद और भी बैंकों के इस तरह के कदम उठाने की संभावना है।
विज्ञापन
एसबीआई में ईबीएलआर 6.65 फीसदी
गौरतलब है कि बुधवार को रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई थी, इसमें समिति के अन्य सभी सदस्य शामिल हुए। बैठक के दौरान बढ़ती महंगाई और रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते पैदा हुए भू-राजनैतिक हालातों के प्रभाव पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से महंगाई को काबू में करने के रेपो दरों में इजाफे का निर्णय लिया गया और आरबीआई ने इसमें 40 बेसिस प्वाइंट सीआरआर में 50 बीपीएस की वृद्धि कर दी। यहां बता दें कि जिस ईबीएलआर में आईसीआईसीआई ने बढ़ोतरी की है, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की यह दर 6.65 फीसदी है।
कोटक महिंद्रा : जमा पर 0.35% ज्यादा ब्याज
कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने खुदरा ग्राहकों के लिए विभिन्न अवधि वाली फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर ब्याज दरों में 0.35 फीसदी तक की वृद्धि की है। बैंक ने बृहस्पतिवार को कहा कि आरबीआई के रेपो दर में 0.40 फीसदी की बढ़ोतरी की घोषणा के बाद एफडी की ब्याज दरों में वृद्धि की गई है। नई दरें 6 मई, 2022 से प्रभावी हैं। यह वृद्धि दो करोड़ रुपये से कम वाली एफडी के लिए है। बैंक के अनुसार 390 दिनों की अवधि के लिए एफडी पर ब्याज दर 0.30 फीसदी बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दी गई है।