{"_id":"61926bc00a87cc57ad4c2293","slug":"govt-allows-sii-to-export-5-crore-doses-of-covid-19-vaccine-covovax-to-indonesia","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोवोवैक्स निर्यात: सीरम को पांच करोड़ खुराक इंडोनेशिया भेजने की इजाजत, भारत में अभी नहीं मिली है इस टीके को अनुमति","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
कोवोवैक्स निर्यात: सीरम को पांच करोड़ खुराक इंडोनेशिया भेजने की इजाजत, भारत में अभी नहीं मिली है इस टीके को अनुमति
Mon, 15 Nov 2021 07:46 PM IST
सुरेंद्र जोशी
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Mon, 15 Nov 2021 07:46 PM IST
सार
केंद्र सरकार ने सोमवार को देश की अग्रणी टीका निर्माता कंपनी पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट को उसकी नई वैक्सीन के निर्यात की छूट दे दी।
विज्ञापन
भारतीय सीरम संस्थान
- फोटो : पीटीआई (फाइल)
विस्तार
भारत सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया (SII) को पांच करोड़ कोवोवैक्स (Covovax ) खुराक के इंडोनेशिया को निर्यात की इजाजत दे दी। इस कोविड-19 रोधी वैक्सीन का उत्पादन भारत में हो रहा है, लेकिन इसे फिलहाल देश में आपात इस्तेमाल की मंजूरी नहीं दी गई है।
विज्ञापन
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दवा कंपनी एसआईआई को कोवोवैक्स के 50 लाख वायल्स यानी पांच करोड़ खुराक के इंडोनेशिया निर्यात की इजाजत दी गई है। सूत्रों का कहना है कि सीरम ने भारत के ड्रग कंट्रोलर जनरल (DCGI) के समक्ष कोवोवैक्स के आपात इस्तेमाल की अर्जी 21 मई को ही दे दी थी, लेकिन उसे ड्रग नियामक की मंजूरी का अब भी इंतजार है।
विज्ञापन
हाल ही में सीरम के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने डीसीजीआई को पत्र लिखकर इंडोनेशिया को 50 लाख कोवोवैक्स वायल के निर्यात के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र देने का आग्रह किया था। उन्होंने यह भी लिखा था कि कंपनी द्वारा तैयार किए गए कोवोवैक्स के एक करोड़ डोज इस साल दिसंबर तक खराब (expire) हो जाएंगे।
विज्ञापन
अपनी अर्जी में सीरम ने सरकार को बताया था कि इंडोनेशिया की मेसर्स पीटी इंडोफार्मा टीबीके उक्त टीके खरीदना चाहती है और उसने हमें 50 लाख वायल्स का आर्डर दे दिया है। यदि हम इनका निर्यात नहीं करेंगे तो यह महामारी के दौर में जान बचाने वाले कोविड रोधी टीकों की अंतरराष्ट्रीय बर्बादी होगी।
प्रकाश कुमार सिंह ने पत्र में लिखा था कि कोवोवैक्स के करीब एक करोड़ डोज दिसंबर 2021 में एक्सपायर हो जाएंगे। उन्होंने यह भी लिखा कि इस निर्यात से भारत में कोविशील्ड टीके की आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि कंपनी के पास घरेलू जरूरत की पूर्ति के लिए पर्याप्त स्टॉक है।
इस पत्र को डीसीजीआई ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को मंजूरी के लिए भेज दिया था। मंत्रालय से निर्यात की मंजूरी मिलने के बाद दवा नियामक ने सीरम को भारत की आपात मंजूरी के बगैर इस टीके के निर्यात की एनओसी जारी कर दी।