Inflation: यूरोप के 19 देशों में महंगाई से अर्थव्यवस्था सुस्त, मुद्रास्फीति 10.7 प्रतिशत के रिकॉर्ड स्तर पर
Inflation: यूरोस्टैट के अनुसार रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण प्राकृतिक गैस (Natural Gas) की कीमतों में हुई वृद्धि और बिजली के भाव बढ़ने से मुद्रास्फीति में तेजी आई है। ऊर्जा संसाधनों पर खर्च बढ़ने से उपभोक्ताओं का अन्य जरूरी चीजों पर व्यय घट गया है।
विस्तार
यूरो मुद्रा का इस्तेमाल करने वाले 19 यूरोपीय देशों में मुद्रास्फीति की दर अक्तूबर महीने में रिकॉर्ड 10.7 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गई है। प्राकृतिक गैस और बिजली की आसमान छूती कीमतों ने इन देशों की अर्थव्यवस्था की रफ्तार को भी सुस्त कर दिया है।
यूरोपीय संघ (ईयू) के सांख्यिकी संगठन 'यूरोस्टैट' ने सोमवार को अक्टूबर महीने के जो आंकड़े जारी किए हैं उनके अनुसार एक साल पहले की तुलना में इस महीने मुद्रास्फीति की दर बढ़कर 10.7 प्रतिशत पर पहुंच गई। बता दें कि सितंबर महीने में मुद्रास्फीति की दर 9.9 प्रतिशत रही थी। यूरोजोन के लिए 1997 में आंकड़ों का संकलन शुरू होने के बाद यह मुद्रास्फीति का उच्चतम स्तर है। यूरोपीय संघ के कुल 28 में से 19 देशों में यूरो का इस्तेमाल किया जाता है। इन देशों को सामूहिक तौर पर यूरोजोन कहा जाता है।
यूरोस्टैट के अनुसार रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण प्राकृतिक गैस (Natural Gas) की कीमतों में हुई वृद्धि और बिजली के भाव बढ़ने से मुद्रास्फीति में तेजी आई है। ऊर्जा संसाधनों पर खर्च बढ़ने से उपभोक्ताओं का अन्य जरूरी चीजों पर व्यय घट गया है। यूरोस्टैट के आंकड़ों के मुताबिक खाद्य उत्पाद, शराब और तंबाकू उत्पादों के भाव 13.1 प्रतिशत बढ़े हैं जबकि ऊर्जा संसाधनों की कीमतों में 41.9 प्रतिशत का उछाल आया है।
इस बीच कोविड-19 महामारी के दुष्प्रभावों से उबरने की कोशिश में जुटे यूरोपीय देशों की अर्थव्यवस्थाएं जुलाई-सितंबर तिमाही में 0.2 प्रतिशत की ही वृद्धि दर हासिल कर पाई है। इसके पहले अप्रैल-जून तिमाही में वृद्धि दर 0.8 प्रतिशत रही थी।
बता दें कि यूरोपीय केंद्रीय बैंक ने पिछले हफ्ते एक अनुमान में कहा था कि अगले साल मुद्रास्फीति की दर 5.8 प्रतिशत रह सकती है। वहीं, तीन महीने पहले लगाए गए अनुमान में इसके 3.6 प्रतिशत रहने की बात कही गई थी। यूरोप समेत दुनिया के तमाम हिस्सों में इस वर्ष बेतहाशा मुद्रास्फीति दिखी है। अमेरिका और ब्रिटेन में भी मुद्रास्फीति ने पिछले 40 वर्षों के उच्चतम स्तर को छू लिया है।