DGCA Action: ड्रग परीक्षण में प्रमुख एयरलाइन का पायलट रहा असफल, डीजीसीए ने हटाया
DGCA Action: डीजीसीए ने दो पायलट्स के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें एक एयरलाइन पायलट को ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने पर उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया है जबकि एक हेलिकॉप्ट पायलट के लाइसेंस को छह महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
विस्तार
डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि एक प्रमुख एयरलाइन के पायलट को ड्रग परीक्षण में विफल होने के बाद उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है। बता दें कि बीते 31 जनवरी से साइकोएक्टिव पदार्थों के सेवन के लिए विमानन कर्मियों की जांच की प्रक्रिया लागू होने के बाद से वह ड्रग परीक्षण में विफल होने वाले चौथे पायलट हैं। उड़ान चालक दल और एटीसी से जुड़े कर्मचारियों का यह परीक्षण रैंडम आधार पर किया जाता है।
डीजीसीए के एक अधिकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में एक प्रमुख एयरलाइन के एक पायलट का ड्रग परीक्षण किया गया जिसमें वे असफल रहे। उसके बाद उन्हें उनकी ड्यूटी से हटाने की कार्रवाई की गई। वह जांच के बाद बीते 23 अगस्त को कंफर्मेटरी टेस्ट रिपोर्ट में पॉजिटव पाए गए थे।
हेलिकॉप्टर पायलट का लाइसेंस छह महीने के लिए किया निलंबित
इसके साथ ही डीजीसीए ने एक हेलिकॉप्टर पायलट का लाइसेंस भी छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ यह कार्रवाई मुंबई के समुद्र तटीय इलाके में हेलिकॉप्टर उतारने के मामले में की गई। डीजीसीए के एक सीनियर अधिकारी के अनुसार हेलीडेक पर उतरने के दौरान हेलीकॉप्टर वांछित उड़ान पथ से नीचे उतर गया था।