Biz Updates: सरकार बोली- कृषि और MSME को कर्ज देने में बैंक तेजी लाएं; तेजी से उभर रहा NSE बिजली वायदा अनुबंध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मूल्य निर्धारण के लिए तेजी से उभर रहा एनएसई का बिजली वायदा अनुबंध
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) के बिजली वायदा अनुबंध देश के बिजली बाजार में मूल्य निर्धारण के लिए एक बेंचमार्क संदर्भ के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। यह ऊर्जा व्यापार तंत्र की बढ़ती परिपक्वता और एकीकरण को रेखांकित करता है। बाजार प्रतिभागी तेजी से इसका उपयोग कर रहे हैं। एनएसई ने बताया, 5 नवंबर से 30 नवंबर के बीच आपूर्ति के लिए 5 करोड़ यूनिट 24 घंटे बिजली की खरीद के लिए रिवर्स नीलामी में टर्म अहेड मार्केट में कीमतें 3,231 से 3,233 रुपये प्रति मेगावॉट घंटा के बीच थीं। ये दरें एनएसई इलेक्ट्रिसिटी मंथली फ्यूचर्स नवंबर, 2025 अनुबंध के अनुरूप थीं।
अशोक लीलैंड का सितंबर तिमाही में मुनाफा सात फीसदी बढ़कर 820 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी ने बुधवार को बताया, राजस्व 11,142 करोड़ से बढ़कर 12,577 करोड़ रुपये पहुंच गया। अशोक लीलैंड के बोर्ड ने एक रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश देने की सिफारिश की है। एमएचसीवी सेगमेंट की बिक्री तीन फीसदी बढ़कर 26,307 इकाई हो गई।
एशियन पेंट्स को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 1,018.23 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में यह 46.8 फीसदी अधिक है। राजस्व 6.38 फीसदी बढ़कर 8,513.70 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बुधवार को बताया, कुल खर्च बढ़कर 7,376.69 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी के बोर्ड ने प्रति शेयर 4.50 रुपये के अंतरिम लाभांश के भुगतान को मंजूरी दे दी है।
स्पाइसजेट को सितंबर तिमाही में 635.42 करोड़ का घाटा हुआ है। एक साल पहले इसे 447 करोड़ का घाटा हुआ था। विदेशी मुद्रा हानि, खड़े किए गए और फिर से शामिल विमानों से संबंधित अतिरिक्त खर्च और हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध सहित कई कारकों से घाटा बढ़ गया। उड़ान से रोके गए विमानों के बेड़े पर 120 करोड़ का खर्च आया। वापस लौटे विमानों पर 30 करोड़ रुपये का खर्च आया।
कर्ज में डूबी वोडाफोन आइडिया के सीईओ अभिजीत किशोर ने कहा, कंपनी 78,500 करोड़ रुपये के समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) बकाये पर सरकार के साथ काम कर रही है। उसे उम्मीद है कि वह इस मामले में दीर्घकालिक समाधान निकाल लेगी। सीईओ ने कहा, कंपनी धन जुटाने के लिए बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों सहित कई स्रोतों से संपर्क कर रही है। हम उस समाधान की तलाश में हैं, जो सरकार के दीर्घकालिक दृष्टिकोण के अनुरूप हो।
वेलस्पन लिविंग को सितंबर तिमाही में 14.86 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। टैरिफ युद्ध के कारण निर्यात प्रभावित होने से एक साल पहले की तुलना में फायदा 93 फीसदी घट गया है। राजस्व 2,441 करोड़ रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 2,873 करोड़ रुपये था। कपड़ा व्यवसाय का राजस्व 14.4 फीसदी घटकर 2,322 करोड़ रहा। खर्च घटकर 2,431 करोड़ रुपये रहा।
वाणिज्य मंत्रालय की इकाई डीजीटीआर ने चीन से आयातित हेलो आइसोब्यूटेन और आइसोप्रीन रबर की डंपिंग-रोधी जांच शुरू की है। इसका इस्तेमाल वाहनों में होता है। डीजीटीआर ने कहा, घरेलू विनिर्माता रिलायंस सिबुर इलास्टोमर्स ने चीन से रबर आयात पर डंपिंग-रोधी शुल्क लगाने का अनुरोध किया है। अगर डंपिंग से घरेलू उत्पादक को क्षति साबित होती है, तो आयात शुल्क लगाने की सिफारिश की जाएगी।
टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स के शेयर बुधवार को 28 फीसदी और ग्रो के शेयर 14 फीसदी अधिक भाव पर सूचीबद्ध हुए। टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स कारोबार की लिस्टिंग टाटा मोटर्स के विभाजन के पूरा होने और कंपनी के दो स्वतंत्र सूचीबद्ध संस्थाओं में विभाजित होने के बाद हुई है। यह विभाजन एक अक्तूबर से प्रभावी हुआ है। टाटा मोटर्स की वाणिज्यिक वाहन का शेयर एनएसई पर मूल्य से 28.48 फीसदी ऊपर 335 रुपये पर खुला। बाजार पूंजी 1,22,345 करोड़ रुपये रही। विभाजन के तहत वाणिज्यिक वाहन व्यवसाय और संबंधित निवेशों को एक कंपनी में स्थानांतरित कर दिया गया। यात्री वाहन व्यवसाय को दूसरी इकाई में स्थानांतरित कर दिया गया।
एसी-एलईडी PLI में 1914 करोड़ के 13 निवेश प्रस्ताव
उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट्स जैसे श्वेत वस्तुओं के लिए चौरे दौर में कुल 13 कंपनियों ने 1,914 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। यह जानकारी वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस बयान में दी गई।
15 सितंबर से 10 नवंबर 2025 तक खुले रहे आवेदन विंडो का संचालन उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) ने किया। मंत्रालय के अनुसार, नए आवेदकों में से अधिकांश एमएसएमई हैं। इससे संकेत मिलता है कि छोटे निर्माता भी एसी और एलईडी कंपोनेंट सप्लाई चेन में तेजी से जुड़ने के इच्छुक हैं।
13 प्रस्तावकों में से एक कंपनी पहले से ही पीएलआई श्वेत वस्तुओं की लाभार्थी है, जिसने इस बार 15 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश का प्रस्ताव दिया है।
महाराष्ट्र में डायरेक्ट सेलिंग कंपनियों की निगरानी के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में काम कर रहीं डायरेक्ट सेलिंग कंपनियों और उनके प्रतिनिधियों की निगरानी के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है। यह फैसला गुरुवार को जारी सरकारी संकल्प (जीआर) के जरिए लिया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी जीआर के अनुसार, समिति उपभोक्ता संरक्षण (प्रत्यक्ष बिक्री) नियम, 2021 के तहत काम करेगी। अधिकारियों ने बताया कि अब तक महाराष्ट्र में डायरेक्ट सेलिंग कंपनियों और उनके सेल्स एजेंटों की निगरानी के लिए कोई विशेष दिशा-निर्देश या अधिसूचना मौजूद नहीं थी। डायरेक्ट सेलिंग कंपनियां पारंपरिक रिटेल मॉडल से अलग उपभोक्ताओं को सीधे उत्पाद या सेवाएं बेचती हैं। इसके लिए वे स्वतंत्र सेल्स प्रतिनिधियों का नेटवर्क इस्तेमाल करती हैं।
190 करोड़ रुपये का कस्टम ड्यूटी घोटाला, ईडी की मुंबई में छापेमारी
ईडी ने मुंबई में एक कारोबारी और उसके कर्मचारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। उन पर 190 करोड़ रुपये के सीमा शुल्क की चोरी का आरोप है। एजेंसी का कहना है कि संबंधित व्यक्तियों ने फर्जी निर्यात दस्तावेज तैयार कर सामान को नेपाल और बांग्लादेश भेजे जाने के रूप में दिखाया, जबकि वास्तव में इन्हें घरेलू बाजार में बेच दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई टाइटन सी एंड एयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और अन्य के खिलाफ की गई एफआईआर के आधार पर की गई, जिसे सीबीआई ने दिल्ली में दर्ज किया था। ईडी ने मामले के प्रमुख आरोपियों में से एक विकास गर्ग और उसके कर्मचारियों के आवासीय तथा व्यावसायिक परिसरों पर तलाशी ली। एजेंसी का कहना है कि गर्ग इस बड़े सीमा शुल्क घोटाले में मुख्य भूमिका निभाने वालों में शामिल है।