Biz Update: एक अक्तूबर से एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय सेवाएं होंगी बहाल; अहमदाबाद हादसे के बाद लगा था विराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अहमदाबाद हादसे के बाद रोक दी गई एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय सेवाएं एक अक्तूबर से बहाल हो जाएंगी। विमान कंपनी ने बुधवार को यह एलान किया। एअर इंडिया के सीईओ कैम्पबेल विल्सन ने कहा कि एक अक्तूबर 2025 से सभी अंतरराष्ट्रीय सेवाएं पूरी तरह से बहाल कर दी जाएंगी। ये फैसला जून में अहमदाबाद प्लेन हादसे के बाद रोकी गई सेवाओं की समीक्षा के बाद लिया गया है।
एअर इंडिया के सीईओ कैम्पबेल विल्सन ने बुधवार को कहा कि हमने एक अगस्त 2025 से अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की बहाली शुरू कर दी है और हमारा लक्ष्य एक अक्तूबर 2025 से इन सेवाओं को पूरी तरह से बहाल करना है। उन्होंने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि एयरलाइन आंतरिक व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी है। कंपनी भविष्य में यात्रियों को बिना रुकावट बेहतर अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि उड़ानों की बहाली एक चरणबद्ध प्रक्रिया के तहत की जा रही है। बता दें कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए एक दुखद विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने अपनी सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी थीं।
एसबीआई 5,583 जूनियर एसोसिएट्स की करेगा भर्ती
एसबीआई देशभर में 5,583 रिक्त पदों के लिए जूनियर एसोसिएट्स (ग्राहक सेवा और सहायता) की भर्ती शुरू करेगा। आवेदन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण विंडो 6 से 26 अगस्त, 2025 तक खुली रहेगी।
चालू वित्त वर्ष के लिए यह नई भर्ती बैंक की ओर से पिछले महीनों में 505 प्रोबेशनरी ऑफिसर्स और 13,455 जूनियर एसोसिएट्स की भर्ती के अतिरिक्त है। एसबीआई चेयरमैन सीएस शेट्टी ने कहा, नई प्रतिभा वाले लोगों को शामिल करने, कार्यात्मक और तकनीकी जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रमों को लागू करने से बैंक को मजबूती मिलेगी।
महिंद्रा समूह के प्रमुख आनंद महिंद्रा ने कहा है कि अमेरिकी टैरिफ के बीच भारत को इस स्थिति को अवसर में बदलना होगा। दिग्गज उद्योगपति महिंद्रा ने एक्स पर लंबे पोस्ट में कहा, अमेरिका की ओर से छेड़ी गई मौजूदा टैरिफ जंग में अनचाहे नतीजों का नियम भी छिपे तौर पर काम कर रहा है।
इन हालात की 1991 के विदेशी मुद्रा संकट से तुलना करते हुए महिंद्रा ने कहा कि उस समय भारत में बड़े सुधार शुरू हुए थे। लेकिन क्या आज टैरिफ पर वैश्विक मंथन से हमारे लिए कुछ अमृत निकलेगा। महिंद्रा ने दो मजबूत कदमों का सुझाव दिया है। पहला देश में कारोबार करने को बेहद आसान बनाना। दूसरा विदेशी मुद्रा जुटाने के लिए पर्यटन की ताकत पर जोर देना। महिंद्रा ने कहा कि अपने देश को आगे रखने के लिए हम दूसरों की गलती नहीं निकाल सकते, लेकिन अपने देश को हमें पहले से ज्यादा महान बनाने के लिए कदम बढ़ाने होंगे। भारत में कारोबार करने को आसान बनाने के लिए एकल खिड़की से मंजूरी की प्रक्रिया को मजबूत करना होगा। साथ ही पर्यटन क्षेत्र पर अब तक पूरा ध्यान नहीं दिया गया है। इसके लिए हमें वीजा प्रक्रिया समेत सभी क्षेत्रों में काम करना होगा।
अकासा ने उड़ान के पूरे किए तीन साल
अकासा एयर ने उड़ान के तीन साल पूरे कर लिए हैं। एयरलाइन ने बताया कि अगले कुछ वर्षों में सार्क और आसियान क्षेत्रों के लिए उड़ानें शुरू की जाएगी। इसके अलावा एयरलाइन नवी मुंबई और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का लाभ उठाकर व्यापक नेटवर्क विकसित करेगी। वर्तमान में एयरलाइन के पास 30 विमान हैं।
भारत सहित आठ देश दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) का हिस्सा हैं। अन्य देश अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका हैं।वहीं दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) में 10 देश शामिल हैं: इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई दारुस्सलाम, वियतनाम, लाओ पीडीआर, म्यांमार और कंबोडिया।
जाइडस को धूम्रपान निवारण सहायता के लिए हेल्थ कनाडा से मिली एनओसी
जायडस लाइफसाइंसेज को धूम्रपान छोड़ने में सहायक दवा के लिए हेल्थ कनाडा से 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) प्राप्त हुआ है। कंपनी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कंपनी को यह मंजूरी जाइडस लाइफसाइंसेज टैबलेट (0.5 और 1 मिलीग्राम) के लिए मिली है। वैरेनिकलाइन का उपयोग धूम्रपान छोड़ने में सहायक के रूप में किया जाता है। यह मस्तिष्क में निकोटिन के प्रभाव को आंशिक रूप से सक्रिय करते हुए उसके स्थानों पर खुद को स्थापित कर देती है, जिससे व्यक्ति की निकोटिन की तलब कम हो जाती है। दवा निर्माता कंपनी ने कहा कि जेडडीएस-वैरेनिकलाइन टैबलेट का उत्पादन अहमदाबाद के एसईजेड स्थित जाइडस लाइफसाइंस लिमिटेड में किया जाएगा।
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक को यूनिवर्सल बैंक बनने की मंजूरी
आरबीआई ने एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक को सार्वभौमिक बैंक में परिवर्तन के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। एयूएसएफबी ने 3 सितंबर, 2024 को एक छोटे वित्त बैंक से सार्वभौमिक बैंक में स्वैच्छिक संक्रमण के लिए मंजूरी मांगते हुए केंद्रीय बैंक को एक आवेदन प्रस्तुत किया था। नवंबर 2014 में, आरबीआई ने निजी क्षेत्र में लघु वित्त बैंकों (एसएफबी) के लाइसेंस के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे।