Business Updates: विदेशी निवेश की निगरानी के लिए एक मैनेजर रखें फंड हाउस, बायजू में निवेश पर हेराफेरी के आरोप
वित्त मंत्री ने 2023-24 के बजट में वित्तीय क्षेत्र में प्रतिभागियों के लिए अनुपालन की लागत को सरल बनाने और लागत कम करने का सुझाव दिया था। इसके बाद सेबी ने मसौदा जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाजार नियामक सेबी ने म्यूचुअल फंड हाउसों को कमोडिटी और विदेशी निवेश की निगरानी के लिए एक ही फंड मैनेजर रखने की मंजूरी देने का प्रस्ताव किया है। इस उपाय से फंड के प्रबंधन की लागत में कमी आएगी। सेबी का कहना है कि इस तरीके से म्यूचुअल फंडों के लिए व्यापार करने में आसानी होगी।
वित्त मंत्री ने 2023-24 के बजट में वित्तीय क्षेत्र में प्रतिभागियों के लिए अनुपालन की लागत को सरल बनाने और लागत कम करने का सुझाव दिया था। इसके बाद सेबी ने मसौदा जारी किया है। इसमें कहा गया है कि घरेलू और विदेशी व कमोडिटी फंडों के लिए एक ही फंड मैनेजर नियुक्त करने, संयुक्तधारकों के लिए नामांकन की जरूरत में छूट दिए जाने का प्रस्ताव है। बाजार नियामक सेबी ने पाया कि एसेट मैनेजमेंट कंपनियां (एएमसी) पहले से ही प्रत्येक क्षेत्र स्तर पर एसेट क्लास पर नजर रखने वाले अनुसंधान विश्लेषकों को नियुक्त करती हैं, चाहे वह घरेलू या विदेशी निवेश ही क्यों न हो।
बायजू के निवेशकों ने 53.3 करोड़ डॉलर की हेराफेरी का लगाया आरोप
बायजू के निवेशकों ने कंपनी पर अमेरिका में एक अस्पष्ट हेज फंड में 53.3 करोड़ डॉलर की हेराफेरी करने के साथ 20 करोड़ डॉलर के राइट्स इश्यू पर रोक लगाने की मंगलवार को अपील की। राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने निवेशकों की इस याचिका पर बायजू को तीन दिन में लिखित जवाब देने को कहा और अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। बायजू का संचालन करने वाली कंपनी थिंक एंड लर्न का राइट्स इश्यू बुधवार को बंद होने वाला है।
इसे आगे बढ़ाने को लेकर दोनों ही पक्षों ने अपनी दलीलें पेश कीं। हालांकि, बायजू ने एनसीएलटी की बंगलूरू पीठ में चार शेयरधारकों के आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की। करीबी सूत्रों ने कहा कि एनसीएलटी की ओर से रोक नहीं लगाए जाने पर राइट्स इश्यू पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को बंद हो जाएगा।