Biz Updates: क्वांट म्यूचुअल फंड से निवेशकों ने तीन दिन में निकाले 1,403 करोड़; HSBC पर 29.6 लाख का जुर्माना
सेबी की जांच शुरू होने के तीन दिन में क्वांट म्यूचुअल फंड से निवेशकों ने 1,403 करोड़ रुपये की निकासी की है। फंड हाउस से यह निकासी लगातार जारी है।
विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में फंड हाउस से और ज्यादा निकासी हो सकती है। क्वांट म्यूचुअल फंड के सीईओ संदीप टंडन ने बुधवार देर रात निवेशकों के साथ वीडियो कॉल में कहा, करीब 1.5 फीसदी रकम अब तक निवेशकों ने निकाली है। इसके कर्मचारियों की ओर से फ्रंट-रनिंग कारोबार की जानकारी आई थी। उसके बाद से सेबी फंड हाउस की जांच कर रहा है। ब्यूरो
आरोप...ग्रो के निवेशक नहीं निकाल पा रहे पैसे
ग्रो के निवेशकों ने शिकायत की है कि वे इस मंच से अपने पैसे नहीं निकाल पा रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक निवेशक ने आरोप लगाया कि ग्रो के जरिये किया निवेश नहीं निकाल पा रहा है, जबकि एप पर यह निवेश दिख रहा है।
बेसिक डीमैट खाते में अब निवेश सीमा 10 लाख सालाना
नई दिल्ली। बेसिक सर्विस डीमैट खाते में अब सालाना 10 लाख रुपये का निवेश किया जा सकता है। अभी यह सीमा दो लाख रुपये की है। सेबी ने शुक्रवार को सर्कुलर में कहा, एक सितंबर से नया नियम लागू हो जाएगा।
यह खाता सेबी ने साल 2012 में शुरू किया था, जिसका मकसद खुदरा निवेशकों को भी शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड जैसे विकल्पों की तरफ आकर्षित करना था। सेबी ने कहा, कुछ मानदंडों को जो निवेशक पूरा करते हैं, वे इसके लिए पात्र हैं।
एचएसबीसी पर 29.6 लाख रुपये का जुर्माना
क्रेडिट-डेबिट कार्ड से जुड़े निर्देशों के उल्लंघन के मामले में आरबीआई ने एचएसबीसी बैंक पर 29.6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। केंद्रीय बैंक ने 31 मार्च, 2022 तक बैंक का निरीक्षण किया था। इसी आधार पर बैंक को नोटिस भेजा गया था। इसके बाद जुर्माना लगाया गया।
एनपीएस में अब सौदे वाले दिन ही होगा निपटान
राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीए) में एक जुलाई से सौदे वाले दिन ही निपटान हो जाया करेगा। यानी अंशधारक जिस दिन निवेश करेंगे, उसी दिन का मूल्य उन्हें मिलेगा। पेंशन कोष विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने इसकी मंजूरी दे दी है। पेंशन नियामक ने कहा, सुबह 11 बजे तक ट्रस्टी बैंक में निवेश आने पर नेट एसेट वैल्यू यानी एनएवी उसी दिन का माना जाएगा। अभी तक यह अगले दिन होता था।
लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में बदलाव नहीं
सरकार ने पीपीएफ और अन्य लघु बचत योजनाओं पर चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के लिए ब्याज दरों में कोई भी बदलाव नहीं किया है। वित्त मंत्रालय ने कहा, एक जुलाई से 30 सितंबर तक के लिए इन योजनाओं पर पहले की तरह ही ब्याज मिलता रहेगा।
22 मुद्राओं में निर्यात व आयात प्रक्रिया होगी आसान
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड 22 मुद्राओं में निर्यात और आयात की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मुद्रा विनिमय दरों को प्रकाशित करने की ऑटोमैटिक प्रणाली शुरू करने वाला है। वित्त मंत्रालय ने कहा, ऑनलाइन विनिमय दर ऑटोमेशन मॉड्यूल 4 जुलाई को लॉन्च होगा।