Biz Updates: 2029 तक 65 फीसदी पहुंच जाएगी 5G ग्राहकों की संख्या; सेबी करेगा संजीव भसीन पर लगे आरोपों की जांच
भारत में 5जी ग्राहकों की संख्या 2029 तक बढ़कर कुल मोबाइल कनेक्शन का 65 फीसदी पहुंच जाएगी। वर्तमान में कुल मोबाइल कनेक्शन में 5जी की हिस्सेदारी करीब 10 फीसदी है। स्वीडिश दूरसंचार उपकरण निर्माता एरिक्सन ने एक रिपोर्ट में कहा, 2023 अंत तक भारत में 11.9 करोड़ लोग 5जी सेवा का इस्तेमाल कर रहे थे। 2029 तक इन ग्राहकों की संख्या बढ़कर 84 करोड़ पहुंच जाएगी। वहीं, दुनियाभर में 5जी सेवा का इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या बढ़कर करीब 60 फीसदी पहुंच जाएगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने बड़े पैमाने पर मिड-बैंड की तैनाती की है। इससे 2023 अंत तक 90 फीसदी से अधिक आबादी तक इंटरनेट पहुंच गया।
संजीव भसीन पर हेराफेरी का आरोप सेबी जांच में जुटा
दिग्गज निवेशक संजीव भसीन जांच के घेरे में हैं। सेबी बाजार में उनके हेरफेर में भूमिका की जांच कर रहा है। भसीन आईआईएफएल सिक्योरिटीज से जुड़े रहे हैं।
आरोप है कि भसीन एक निजी कंपनी को कुछ खास शेयर खरीदने के लिए कहते थे। फिर टीवी पर आकर उन शेयरों की सिफारिश करते थे। जब आम निवेशक इन शेयरों में निवेश करते थे और दाम बढ़ जाते थे तो कंपनी शेयर बेच देती थी। सेबी भसीन व कंपनी के बीच संबंधों की भी जांच रहा है।
पी-नोट्स के जरिये 1.49 लाख करोड़ रुपये का निवेश
पार्टिसिपेटरी-नोट्स के जरिये भारतीय शेयर बाजार में इस साल मार्च तक 1.49 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। मार्च, 2023 तक यह 88,600 करोड़ रुपये था। घरेलू अर्थव्यवस्था के कारण पी-नोट्स के जरिये निवेश में तेजी आई है। बाजार नियामक सेबी के आंकड़ों के मुताबिक, 1.49 लाख करोड़ में से 1.28 लाख करोड़ का निवेश इक्विटी में बाकी डेट और हाइब्रिड प्रतिभूतियों में किया गया है।
एलएंडटी में 45,000 मजदूरों-इंजीनियर की कमी
एलएंडटी समूह को 45,000 से अधिक मजदूरों और इंजीनियरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी के चेयरमैन एसएन सुब्रमण्यन ने कहा कि प्रमुख इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण कारोबार 25,000 से 30,000 मजदूरों-इंजीनियरों की कमी से जूझ रहा है।
एसबीआई ने बॉन्ड्स से जुटाए 10,000 करोड़
एसबीआई ने पांचवें इन्फ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड्स से 10,000 करोड़ जुटाए हैं। इस राशि को 7.36 फीसदी ब्याज पर जुटाया गया है। इस बॉन्ड के लिए निवेशकों ने 19,884 करोड़ रुपये की 143 निविदा जमाा कराया था, जबकि मूल आकार 5,000 करोड़ रुपये था।
बीगास का 1.10 लाख रुपये का दोपहिया ईवी
आरआर ग्लोबल के प्रवर्तकों ने बीगास के नए ईवी मॉडल आरयूवी 350 को लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती कीमत 1.10 लाख रुपये है। कंपनी के एमडी हेमंत काबरा ने कहा, उन्नत सुविधाओं और बेहतर डिजाइन वाला यह ई-वाहन जुलाई से बाजार में उपलब्ध होगा।
कोलकाता: जून में एक करोड़ लेन-देन का लक्ष्य हासिल करेगा ओएनडीसी
ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी), जिसे देश के ई-कॉमर्स इकोसिस्टम को लोकतांत्रिक बनाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया था, जून में यह एक करोड़ लेनदेन के निशान को छूने के लिए तैयार है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
ओएनडीसी सीबीओ और अध्यक्ष (नेटवर्क विस्तार) शिरीश जोशी ने कहा, "ओपन नेटवर्क में महीने-दर-महीने आधार पर 10 लाख लेनदेन हो रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हम जून महीने में एक करोड़ लेनदेन को छू लेंगे। हम मजबूत हो रहे हैं, महीने-दर-महीने लगभग दस लाख लेनदेन जोड़ रहे हैं।"
जोशी बंगाल चैंबर द्वारा आयोजित 'विश्व एमएसएमई दिवस' के तीसरे संस्करण से इतर कोलकाता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि दो निजी ऋणदाताओं के साथ ऋण व वित्तीय सेवाओं का परीक्षण भी शुरू हो गया है और नेटवर्क जल्द ही बीमा पेशकश भी शुरू करेगा। जोशी ने कहा, 'एक बार इन दोनों श्रेणियों में पूरी व्यवस्था हो जाए तो इसमें म्यूचुअल फंड भी शामिल होंगे।"
अधिकारी ने उम्मीद जताई कि ओएनडीसी भविष्य में फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसे प्रमुख ई-कॉमर्स दिग्गजों को पार कर जाएगा। उन्होंने कहा, वर्तमान में ओएनडीसी पर लेनदेन की संख्या छोटी है, लेकिन यह पिछले डेढ़ साल में लगातार और तेजी से बढ़ रही है।