Biz Updates: अदाणी टोटल गैस और जियो बीपी में करार, देश में ईंधन से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाना लक्ष्य
भारत में ईंधन से जुड़ी सेवाओं का अनुभव बनाने के लिए अदाणी टोटल गैस लिमिटेड और जियो बीपी ने करार किया है। इसके लिए एक रणनीतिक समझौते की घोषणा की गई है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाला ईंधन और सुविधा प्रदान करना है। यह साझेदारी देश में ऑटो फ्यूल रिटेल का परिदृश्य बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां एक-दूसरे के उत्पादों को अपने चुनिंदा आउटलेट्स पर उपलब्ध कराएंगी। इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर बेहतर और विविध ईंधन विकल्प देना है। इस ईंधन में हाई-परफॉर्मेंस पेट्रोल-डीजल से लेकर सीएनजी तक शामिल है।
उद्योग मंत्री ने पीएलाई योजना पर समीक्षा बैठक की
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पीएलआई योजना में शामिल प्रमुख क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंत्रालायों को मात्रा पर ध्यान देने के बजाए गुणवत्तापूर्ण कुशल जनशक्ति बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्हें राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (एनआईसीडीसी) के साथ मिलकर बुनियादी ढांचे की बाधाओं को दूर करना चाहिए। मंत्री ने निवेश और संवितरण दोनों पर अगले पांच वर्षों के लिए रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया। प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना का उद्देश्य घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और निर्यात बढ़ाना है।
एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज के आईपीओ को बोली के पहले दिन 37% सब्सक्रिप्शन मिला
एचडीएफसी बैंक की सहायक कंपनी एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को बोली के पहले दिन 37 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आरंभिक शेयर बिक्री में 13,04,42,855 शेयरों के मुकाबले 4,85,98,380 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 76 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के लिए कोटा 30 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ। योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए कोटा 1 प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ। एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज ने एंकर निवेशकों से 3,369 करोड़ रुपये जुटाए।
12,500 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 27 जून को समाप्त होगा। पेशकश के लिए मूल्य दायरा 700-740 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। मूल्य बैंड के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्य लगभग 61,400 करोड़ रुपये है।
थॉमस कुक इंडिया की क्रिसिल रेटिंग को बढ़कर किया गया स्टेबल
ट्रैवल सर्विसेज कंपनी थॉमस कुक (इंडिया) लिमिटेड को क्रेडिट रेटिंग एजेंसी क्रिसिल से बड़ी राहत मिली है। एजेंसी ने कंपनी की दीर्घकालिक और कॉरपोरेट क्रेडिट रेटिंग को पॉजिटिव से बढ़ाकर स्टेबल कर दिया है। साथ ही, शॉर्ट-टर्म रेटिंग को क्रिसिल ए1+ पर बरकरार रखा गया है। यह रेटिंग अपग्रेड थॉमस कुक के मजबूत वित्तयी प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में 11 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि दर्ज की। कंपनी 8,251 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया। यह पिछले साल 7,405 करोड़ था।
थॉमस कुक (इंडिया) लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ महेश अय्यर ने कहा कि क्रिसिल की यह अपग्रेडेड रेटिंग में एए/स्टेबल की यह वृद्धि थॉमस कुक इंडिया के इतिहास में सर्वोच्च क्रेडिट रेटिंग है।