{"_id":"671f84d9f4081a666a08496f","slug":"ambuja-cements-q2-fy25-profit-down-adani-power-net-profit-falls-50-to-rs-3-298-crore-second-quarter-results-2024-10-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Q2 Results: अंबुजा सीमेंट्स का लाभ घटकर 472.89 करोड़ रुपये, अदाणी पावर का मुनाफा भी आधा हुआ","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
Q2 Results: अंबुजा सीमेंट्स का लाभ घटकर 472.89 करोड़ रुपये, अदाणी पावर का मुनाफा भी आधा हुआ
Mon, 28 Oct 2024 06:04 PM IST
कुमार विवेक
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: कुमार विवेक
Updated Mon, 28 Oct 2024 06:04 PM IST
सार
Q2 Results: कंपनियों की दूसरी तिमाही के नतीजे आने जारी हैं। सोमवार को अदाणी समूह की की दो कंपनियों अंबुजा सीमेंट और अदाणी पावर ने नतीजे जारी किए। दोनों की कंपनियों ने मुनाफे में गिरावट की जानकारी दी है। आइए जानते हैं इन कंपनियों के वित्तीय परिणाम क्या कहते हैं।
विज्ञापन
वित्तीय वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही के नतीजे
- फोटो : amarujala.com
विस्तार
अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स का चालू वित्त वर्ष 2024-25 की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ घटकर 472.89 करोड़ रुपये रह गया है। कंपनी का पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) का शुद्ध लाभ 987.24 करोड़ रुपये था।
विज्ञापन
अंबुजा सीमेंट्स लि. (एसीएल) ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी परिचालन आय 7,516.11 करोड़ रुपये रही, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 7,423.95 करोड़ रुपये था। एसीएल की कुल आय (जिसमें अन्य आय भी शामिल है) दूसरी तिमाही में 7,890.14 करोड़ रुपये रही। समीक्षाधीन तिमाही में कुल व्यय 7,023.49 करोड़ रुपये रहा।
विज्ञापन
अंबुजा सीमेंट्स ने एकल आधार पर जुलाई-सितंबर तिमाही में 500.66 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। एक साल पहले समान तिमाही में यह 643.84 करोड़ रुपये था।
विज्ञापन
वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में एकल परिचालन आय 4,213.24 करोड़ रुपये थी। कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अजय कपूर ने परिणामों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एसीएल ने अपने ‘‘वृद्धि खाके के अनुरूप तथा कार्यकुशलता में नए मानक स्थापित करते हुए’’ एक और सतत प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा, "पूरे देश में अपनी मजबूत पकड़ के साथ हम अपने दृष्टिकोण के अनुरूप नए भौगोलिक क्षेत्रों में भी अपनी उपस्थिति का विस्तार कर रहे हैं। ओरिएंट सीमेंट सौदे के सफल समापन के बाद हम चालू वित्त वर्ष के अंत तक 10 करोड़ टन से अधिक की क्षमता हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर) में एसीएल का परिचालन राजस्व 15,827.5 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 1,256.07 करोड़ रुपये रहा। पिछले पांच वर्षों में पहली छमाही में इसकी बिक्री मात्रा सर्वाधिक 3.01 करोड़ टन दर्ज की गई।
अदाणी पावर का दूसरी तिमाही में मुनाफा 50 प्रतिशत घटकर 3,297.52 करोड़ रुपये
अदाणी पावर चालू वित्त वर्ष 2024-25 की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 50 प्रतिशत घटकर 3,297.52 करोड़ रुपये रह गया। इसकी मुख्य वजह कम आय के साथ-साथ कर का अधिक भार है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 6,594.17 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
अदाणी पावर ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, पिछले वर्ष सभी प्रमुख विनियामक मामलों के निपटान तथा डिस्कॉम (बिजली वितरण कंपनियों) से बकाया राशि की वसूली के बाद वित्त वर्ष 2024-25 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2024) में एकमुश्त राजस्व 1,020 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही में यह 9,278 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय घटकर 14,062.84 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले समान तिमाही में 14,935.68 करोड़ रुपये थी।
अदाणी पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस बी ख्यालिया ने बयान में कहा, ‘‘ अदाणी पावर ने अपनी विकास यात्रा के अगले चरण की शुरुआत कर दी है। तेजी से क्षमता विस्तार के लक्ष्य हासिल कर रही है और दीर्घकालिक राजस्व स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए बिजली आपूर्ति समझौते हासिल कर रही है।’’
निदेशक मंडल ने सुरक्षित, रेटेड, सूचीबद्ध, प्रतिदेय, गैर-परिवर्तनीय ऋणपत्र के जरिये 5,000 करोड़ रुपये तक की धनराशि जुटाने को मंजूरी दे दी है। इसमें एक या एक से अधिक किस्तों में सार्वजनिक निर्गम के जरिये 2,500 करोड़ रुपये और निजी नियोजन के माध्यम से 2,500 करोड़ रुपये तक की धनराशि शामिल है। निदेशक मंडल ने प्रबंधन समिति को अन्य बातों के अलावा इस मुद्दे से संबंधित गतिविधियों को अनुमोदित करने, कार्यान्वित करने और संचालित करने की शक्तियां भी दीं।