प्याज के बाद अब रुलाने लगा टमाटर का दाम, पहुंचा 80 के पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्याज के करीब एक महीने तक रुलाने के बाद अब टमाटर के खुदरा दाम भी 80 रुपये किलो के पार पहुंच गए हैं। टमाटर उत्पादक राज्यों में बाढ़ से फसल को नुकसान पहुंचने के कारण इसकी आपूर्ति में गिरावट आई है और बुधवार को राजधानी दिल्ली में टमाटर 80 रुपये के भाव पहुंच गया।
कारोबारियों के मुताबिक, पिछले सप्ताह की तुलना में अब प्याज की कीमतों में नरमी आई है और यह 60 रुपये प्रति किलो के आसपास बनी हुई है। दूसरी ओर, कर्नाटक जैसे बड़े टमाटर उत्पादक राज्यों में भारी बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसका असर टमाटर की आपूर्ति पर दिखा और बाजार में उपलब्धता कम हो गई, जिससे पिछले कुछ दिनों में इसकी कीमतों में बड़ा उछाल आया। मदर डेयरी के सफल आउटलेट पर टमाटर 58 रुपये किलो बिक रहा, जबकि बाजार में खुदरा विक्रेता 60 से 80 रुपये किलो में बेच रहे हैं। आजादपुर मंडी के एक थोक विक्रेता ने कहा कि पिछले दिनों कर्नाटक, तेलंगाना सहित दक्षिण के कई राज्यों और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश से टमाटर की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
सरकारी केंद्रों पर भी बढ़े दाम
केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 1 अक्तूबर को टमाटर की कीमत 45 रुपये किलो थी, जो बुधवार को बढ़कर 54 रुपये किलो हो गई। इसके अलावा कोलकाता में 60 रुपये किलो, मुंबई में 54 रुपये किलो और चेन्नई में 40 रुपये किलो के भाव पर पहुंच गया है। पिछले दिनों प्याज कीमतों में उछाल आने पर सरकार ने निर्यात प्रतिबंध सहित कई कदम उठाए, जिसके असर से इस सप्ताह कीमतों में 20-30 रुपये की नरमी आई है।