होम लोन और कार लोन लेने वालों के लिए आए अच्छे दिन, जानिए कैसे
त्योहारी मौसम से पहले ही होम लोन और कार लोन लेने वालों के लिए अच्छे दिन आ गए हैं। इनके लिए जिस तरह की छूट दशहरा-दीपावली के दिनों में मिलती है, वैसी छूट अभी से ही मिलनी शुरू हो गई है।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने इस तरह के ग्राहकों के लिए अपफ्रंट फीस/प्रोसेसिंग फीस और डॉक्युमेंटेशन फीस में शत प्रतिशत छूट दे दी है, जबकि कुछ और सरकारी बैंक इस तरह के ऑफर लाने की तैयारी में हैं।
आमतौर पर त्योहार के समय होम लोन और कार लोन पर इस तरह से शुल्क में छूट का ऑफर दिया जाता है। लेकिन इस बार पंजाब नेशनल बैंक ने अभी से ही सभी प्रकार के शुल्कों को माफ करने की घोषणा कर दी है।
कितना लगता था शुल्क
बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि होम लोन लेने वालों से इस समय अपफ्रंट फी/प्रोसेसिंग फी के नाम पर लोन ली जाने वाली राशि का आधा फीसदी चार्ज किया जाता है।
इसके साथ ही डोक्युमेंटेशन फी के नाम पर भी 1350 रुपये जमा कराये जाते हैं। इन दोनों को माफ कर दिया गया है। इसी तरह कार लोन लेने वालों से भी शुल्क के रूप में लोन ली जाने वाली राशि पर एक फीसदी का फी लिया जाता है।
मानसून बोनांजा आफर के नाम से शुरू की गई योजना एक जून 2015 से शुरू हो रही है और 31 दिसंबर 2015 तक यह जारी रहेगा।
कार लोन के लिए आने वाला है ऑफर
सरकारी क्षेत्र के ही सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इस समय कार लोन के लिए ऑफर लाने की तैयारी की जा रही है।
उम्मीद है कि आगामी कुछ सप्ताह में इस बारे में घोषणा कर दी जाएगी। इसी तरह पंजाब एंड सिंध बैंक के अधिकारी भी इस तरह के ऑफर की तैयारी कर रहे हैं।
हालांकि निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक इस तरह की कोई योजना नहीं ला रही है। बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक भारत के कुल ऑटो लोन बाजार में उनकी हिस्सेदारी 35 फीसदी है।
यह उपलब्धि ऐसे ही नहीं मिली है बल्कि ऑटो लोन को आकर्षक बनाने के लिए काफी तैयारी की गई है। ग्राहकों को उनकी सेवा सस्ती पड़ती है, इसलिए कोई और ऑफर लाने की आवश्यकता नहीं है।