कोरोना का डर: RBI ने की अपील, ग्राहक 24 घंटे उठा सकते हैं इन बैंकिंग सुविधाओं का लाभ
कोरोना वायरस से बचाव के लिए भारत सरकार ने कई कदम उठाए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक ( RBI ) ने भी अहम फैसला लेते हुए लोगों से अपील की है की वे पेमेंट करने के लिए डिजिटल जरिया अपनाएं।
विस्तार
आरबीआई ने कहा है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लोगों को भुगतान के लिए डिजिटल मोड का इस्तेमाल करना चाहिए। आरबीआई ने कहा कि देश में आम जनता के लिए एनईएफटी, आईएमपीएस, यूपीआई और बीबीपीएस फंड ट्रांसफर, सामान खरीदने/ सेवाओं की खरीद, भुगतान की सुविधा 24 घंटे मिलेंगी।
पैसे निकालने के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें
मामले में केंद्रीय बैंक ने कहा है कि लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, कार्ड, इत्यादि जैसे डिजिटल पेमेंट मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्हें पैसे निकालने या बिल का पेमेंट करने के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए।
संक्रमित मरीजों की संख्या 127
मालूम हो कि देश में आज कोरोना वायरस के 13 नए मामले सामने आए हैं। 15 राज्यों में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 127 हो गई है। महाराष्ट्र में 39 लोग संक्रमित हैं जो कि देश में सबसे ज्यादा है। भारत ने अफगानिस्तान, फिलीपींस और मलयेशिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
देशभर में स्कूल, कॉलेज, मॉल, स्वीमिंग पूल आदि 31 मार्च तक बंद
सरकार ने जानलेवा कोरोना वायरस से बचाव के लिए देशभर में स्कूल, कॉलेज, मॉल, स्वीमिंग पूल आदि को 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव लव अग्रवाल ने सोमवार को कहा, सामाजिक दूरी कोरोना से बचाव का एकमात्र विकल्प है। कर्मचारियों को घर से ही काम करने की छूट दी जानी चाहिए। साथ ही सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कम से कम हो।
क्या है NEFT ?
NEFT का मतलब है नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड्स ट्रांसफर। इंटरनेट के जरिये दो लाख रुपये तक के लेन-देन के लिए एनईएफटी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके जरिये किसी भी शाखा के किसी भी बैंक खाते से किसी भी शाखा के बैंक खाते को पैसा भेजा जा सकता है।
क्या है यूपीआई ?
यूपीआई यानी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस एक अंतर बैंक फंड ट्रांसफर की सुविधा है, जिसके जरिए स्मार्टफोन पर फोन नंबर और वर्चुअल आईडी की मदद से पेमेंट की जा सकती है। यह इंटरनेट बैंक फंड ट्रांसफर के मकैनिज्म पर आधारित है।
क्या है आईएमपीएस ?
बता दें कि आईएमपीएस के जरिए ग्राहकों को तत्काल भुगतान सेवा मिलती है। यह सुविधा मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग की मदद से इंटर-बैंक लेनदेन की सुविधा प्रदान करता है। इसके जरिए ग्राहक एक दिन में दो लाख रुपये तक भेज सकते हैं।