एक्सिस बैंक के सर्राफा कारोबारियों और ज्वैलर्स के खातों पर रोक
एक्सिस बैंक लिमिटेड ने कुछ सर्राफा कारोबारियों और ज्वैलर्स के बैंक अकाउंट सस्पेंड कर दिए हैं। एक्सिस बैंक गोल्ड का आयात करने वाला सबसे बड़ा बैंक है। नोटबंदी से संबंधित गड़बड़ी के आरोप में एक्सिस बैंक के दो बड़े अधिकारी गिरफ्तार हुए थे। इसके बाद ही बैंक ने यह कदम उठाया है। हालांकि बैंक ने कहा है कि छानबीन के बाद इन खातों को चालू किया जा सकता है।
बैंक ने ई-मेल से दिए एक जवाब में कहा है कि फिलहाल उसके यहां के कुछ चालू खातों पर रोक लगा दी गई है। इन खातों में नोटबंदी के बाद हुए लेनदेन की जांच की जा रही है। देश में सोने के आयात कम करने के लिए एक्सिस बैंक ने यह कदम उठाया है। आयात कम होने से दस महीने के न्यूनतम स्तर पर चल रहे सोने के भाव पर असर दिख सकता है।
बैंक ने ई-मेल से दिए एक जवाब में कहा है कि फिलहाल उसके यहां के कुछ चालू खातों पर रोक लगा दी गई है। इन खातों में नोटबंदी के बाद हुए लेनदेन की जांच की जा रही है। ऐसी खबरें थीं कि नोटबंदी के बाद लोगों ने पुराने 500 और 1000 के नोटों से डेढ़ गुनी कीमत पर सोना खरीदा था।
एक्सिस ने अपने अधिकारियों की गिरफ्तारी का कोई सीधा जवाब नहीं दिया था। लेकिन प्रवर्तन निदेशालय का कहना था उसने लोगों को 500 और 1000 से पुराने नोटों से सोना खरीदने में मदद करने के आरोप में एक्सिस बैंक के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।
नाम न छापने की शर्त पर चेन्नई के एक सर्राफा कारोबारी ने बताया कि बैंक ने बगैर कारण बताए उसके खाते पर रोक लगा दी है। कोलकाता, मुंबई, अहमदाबाद और नई दिल्ली के भी कुछ सर्राफा कारोबारियों ने भी एक्सिस बैंक के अपने खातों पर रोक की पुष्टि की है।
एक्सिस बैंक का लाइसेंस रद्द करने का कदम नहीं उठाया : आरबीआई
भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि उसने एक्सिस बैंक का लाइसेंस रद्द करने का कोई कदम नहीं उठाया है। नए नोटों की चोरी-छिपे सप्लाई और पुराने नोटों को गलत ढंग से जमा करने के आरोप में एक्सिस बैंक के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद ऐसी खबरें फैली थीं कि आरबीआई ने एक्सिस बैंक का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, एक्सिस बैंक ने भी इन खबरों खंडन किया है कि उसका लाइसेंस रद्द किया जा रहा है। बैंक ने कहा है कि एक क्षेत्रीय अखबार ने इस तरह की झूठी और शरारतपूर्ण खबर छापी थी। बैंक ने कहा है कि उसकी व्यवस्था मजबूत है और वह आरबीआई के हर नियम का सख्ती से पालन करता है।