मुहूर्त ट्रेडिंग: शेयर बाजार में संवत वर्ष 2076 की अच्छी शुरुआत, नए साल में क्या रहेगा हाल?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के शेयर बाजारों में नए संवत वर्ष 2076 की शुरुआत अच्छी रही। एक घंटे के विशेष मुहूर्त कारोबार में निवेशकों की खरीदारी अच्छी रही जिससे बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक 192 अंक चढ़कर 39,250.20 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 11,600 अंक से ऊपर रहा।
दीपावली के अवसर पर शेयर बाजार में हर साल विशेष मुहूर्त कारोबार होता है। इसी दिन नए संवत वर्ष की भी शुरुआत होती है। रविवार को संवत वर्ष 2076 की शुरुआत के मौके पर एक घंटे के विशेष मुहूर्त कारोबार में 30 शेयरों पर आधारित बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स मजबूती के साथ 39,397.37 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान और बढ़कर 39,402.23 अंक तक चढ़ा।
निवेशकों का वाहन कंपनियों, सूचना प्रौद्योगिकी और बैंकों के शेयरों में लिवाली का जोर रहा। कारोबार के दौरान बाजार के उच्चस्तर पर मुनाफा वसूली से सूचकांक कारोबार समाप्ति के समय कुछ नीचे आ गया। फिर भी यह पिछले दिन के मुकाबले 192.14 अंक यानी 0.49 फीसदी ऊंचा रहकर 39,250.20 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 43.25 अंक यानी 0.37 फीसदी बढ़कर 11,627.15 अंक पर बंद हुआ।
संवर्त वर्ष 2076 की शुरुआत पर निवेशकों में उत्साह
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से टाटा मोटर्स, येस बैंक, महिन्द्रा एण्ड महिन्दा, वेदांता, इन्फोसिस और टेक महिन्द्रा के शेयरों में अच्छा उछाल दर्ज किया गया। दूसरी तरफ मारुति लिमिटेड, भारती एयरटेल, टीसीएस और एचसीएल टेक के शेयर मूल्य में 0.78 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई।
शेयर ब्रोकरों ने कहा कि संवर्त वर्ष 2076 की शुरुआत के मौके पर निवेशकों में उत्साह रहा। खरीदारी का जोर रहने से एक घंटे के विशेष मुहूर्त कारोबार में तेजी का रुख रहा।
दूरसंचार और टिकाऊ उपभोक्ता सामानों को छोड़कर दूसरे क्षेत्रों के समूह सूचकांक में तेजी रही। पिछले संवत वर्ष 2075 में पूरे वर्ष के दौरान बीएसई सेंसेक्स 4,066.15 अंक यानी 11.62 फीसदी चढ़ा है जबकि निफ्टी सूचकांक 1,053.90 अंक यानी 10 फीसदी चढ़ा है।
बीएसई और एनएसई सोमवार 28 अक्टूबर को ‘दिवाली बलीप्रतिपदा’ के उपलक्ष्य में बंद रहेगा।
क्या है मुहूर्त ट्रेडिंग
दिवाली के मौके पर हर साल शेयर बाजार एक बिजनेस सेशन का आयोजन करता है, जिसे 'मुहूर्त ट्रेडिंग' कहा जाता है। इसे हिंदू लेखा वर्ष की शुरुआत के लिए शुभ मानते हैं। इसे संवत वर्ष कहा जाता है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज
1957 से मुहूर्त ट्रेडिंग आयोजित करता आ रहा बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज है। 1992 में नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में इसकी शुरुआत हुई। मुहूर्त ट्रेडिंग के दिन कारोबार सांकेतिक तौर पर होता है। माना जाता है कि इस दिन थोड़ी मात्रा में शेयर खरीदना शुभ होता है। लोग मानते हैं कि इससे पूरे वर्ष माता लक्ष्मी का आशीर्वाद बना रहता।