बुजुर्ग महिला से पेंशन के रुपये छीनकर भागा लुटेरा, सड़क पर गिरकर रोती रही बेबस महिला; वीडियो वायरल
Viral Video: सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग महिला से लूट का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में लाल टीशर्ट पहने एक शख्स महिला का बैग छीनने की कोशिश करता दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि बैग में महिला की पेंशन के 4000 रुपये थे। बैग बचाने की कोशिश में महिला सड़क पर गिर जाती है, लेकिन लुटेरा पैसे लेकर फरार हो जाता है।
विस्तार
कहते हैं कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। किसी जरूरतमंद को मुसीबत में देखकर उसकी मदद करना ही इंसान होने की पहचान है। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिन्हें दूसरों की परेशानी से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्हें बस अपने फायदे की चिंता होती है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। वीडियो में एक बुजुर्ग महिला से बैग छीनने के लिए एक शख्स उसे धक्का देता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि महिला के बैग में पेंशन के 4000 रुपये थे, जिन्हें लेकर लुटेरा फरार हो गया।
बुजुर्ग महिला के पेंशन के पैसों पर भी नहीं आया तरस
वीडियो में एक बुजुर्ग महिला दिखाई दे रही है, जिसके हाथ में एक पुराना और फटा हुआ थैला है। दावा किया जा रहा है कि इस थैले में महिला की पेंशन के पैसे रखे थे। पेंशन की रकम कई बुजुर्गों के लिए घर का खर्च चलाने और अपनी जरूरतें पूरी करने का सहारा होती है। ऐसे में अगर किसी से ये पैसे छिन जाएं तो उसके लिए मुश्किल बढ़ सकती है। वीडियो में आगे एक लाल टीशर्ट पहने शख्स महिला के पास आता है और उसका बैग छीनने लगता है। महिला भी अपना बैग बचाने की पूरी कोशिश करती है। दोनों के बीच खींचतान होती है, लेकिन शख्स बैग छीनने के लिए महिला को धक्का दे देता है। इसके चलते बुजुर्ग महिला सड़क पर गिर जाती है।
Maharashtra: A minor allegedly pushed an elderly woman to the ground while attempting to snatch her bag containing ₹4,000 in pension money in Chhatrapati Sambhajinagar. The incident was captured on CCTV. https://t.co/hfSOv87O3q
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) October 26, 2026
बैग बचाने की कोशिश करती रही महिला, पैसे लेकर भागा लुटेरा
महिला के गिरने के बावजूद शख्स उसका बैग नहीं छोड़ता। वह आखिरकार बैग छीनने में कामयाब हो जाता है और वहां से भाग जाता है। महिला सड़क पर ही रह जाती है। वीडियो में वह रोते हुए आने-जाने वाले लोगों से मदद मांगती और आरोपी को पकड़ने की गुहार लगाती दिखाई देती है।
लोगों ने जताई नाराजगी
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना एक सुनसान गली में हुई और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। हालांकि, वीडियो के साथ किए जा रहे दावों के आधार पर ही पैसों की रकम और पेंशन से जुड़ी जानकारी सामने आई है। घटना की जगह, समय और आरोपी की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना का वीडियो देखकर लोगों के मन में यही सवाल उठ रहा है कि आखिर कोई व्यक्ति एक बुजुर्ग महिला के साथ ऐसी हरकत कैसे कर सकता है। जिस उम्र में लोगों को सहारे की जरूरत होती है, उस उम्र में उनके साथ इस तरह की घटना होना बेहद दुखद है।
वायरल वीडियो: खुर्जा में महिला बाउंसरों की दबंगई! महिला को घेरकर बरसाए लात-घूंसे, पास खड़ी रही पुलिस