Viral Video: पापा के नाम पर बेटी से 18 हजार ठगने वाला था स्कैमर, फिर हुआ कुछ ऐसा कि लोगों की फटी रह गई आंखें
Phone Scammer Video: अब हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की स्कैमर को चकमा दे देती है। आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर कभी-कभी ऐसे वीडियोज वायरल होते हैं, जिसे देख हम खुद हैरान रह जाते हैं और यह सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि आज की दुनिया में जीने के लिए हमें काफी समझदारी की जरूरत है। सोशल मीडिया के इस डिजिटल दौर में चीजें जितनी आसानी से हमारे लिए उपलब्ध है, उतनी ही आसानी से हमारे साथ स्कैम होने का भी खतरा बढ़ जाता है। अगर किस्मत साथ दे तो इन चीजों से तुरंत बचा भी जा सकता है। हालांकि, कभी-कभी किस्मत नहीं, दिमाग काम आता है। और जब दिमाग तेज हो, तो सामने चाहे कितना भी शातिर स्कैमर क्यों न हो, बच नहीं सकता। अब इसी क्रम में अब हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की स्कैमर को चकमा दे देती है। आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की कहानी एक कॉल से शुरू होती है, एक अनजान नंबर से, जिसे एक लड़की उठाती है। फोन उठाते ही एक आदमी की आवाज आती है, जो खुद को लड़की के पिता का दोस्त बताता है। बड़ी सफाई से वह कहता है कि उसने गलती से 12 हजार रुपये लड़की के नंबर पर UPI के जरिए ट्रांसफर कर दिए हैं।
Kalesh prevented by girl while talking to Scammer pic.twitter.com/d8sNRwjASy
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) April 13, 2025
लड़की ने दिखाई सूझबूझ
लड़की चौंकती नहीं, उल्टा बेहद नॉर्मल तरीके से जवाब देती है कि मुझे तो पापा ने कुछ नहीं बताया। जवाब में स्कैमर कहता है कि वो शायद बिजी होंगे। अब खेल शुरू होता है। भरोसा जमाने के लिए स्कैमर पहले 10 रुपये ट्रांसफर करता है। लड़की के फोन पर नोटिफिकेशन आता है, लेकिन यहीं उसकी नजरों से एक झूठ पकड़ में आ जाता है। नोटिफिकेशन फर्जी था। इसके बाद वो बड़ी चालाकी से अगला पैंतरा खेलता है। कहता है कि उसने गलती से 20 हजार रुपये भेज दिए, जबकि भेजने थे सिर्फ दो हजार रुपये। अब वो लड़की से कहता है कि 18 हजार रुपये वापस भेज दे।
लड़की ने स्कैमर को फंसाया जाल में
लड़की बिना घबराए मुस्कुराती है। वो स्कैमर से UPI नंबर लेती है और फिर करती है असली मास्टरस्ट्रोक। लड़की ने फटाफट एक नकली बैंक मैसेज तैयार किया, जिसमें लिखा था कि 18 हजार रुपये ट्रांसफर हो चुके हैं। वो स्क्रीनशॉट स्कैमर को भेजा गया। फोन पर कुछ सेकंड का सन्नाटा रहा और फिर स्कैमर की आवाज आती है कि मिल गए पैसे। मान गया आपको।
लोग कर रहे है लड़की की तारीफ
अब ये वीडियो इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है। इस वीडियो को अब तक इसे दो लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कमेंट सेक्शन में लोग तारीफों की बरसात कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “इसका दिमाग तो रॉकेट साइंस जैसा है।” दूसरे यूजर ने लिखा, “UPI स्कैमर्स अब रिटायरमेंट ले लें।” वहीं, एक और यूजर ने लिखा, “ऐसी लड़कियों से स्कैम करना पड़ेगा छोड़ना।” कुछ यूजर्स ने बताया कि उन्हें भी ऐसे कॉल आ चुके हैं। एक ने लिखा,“मुझे ये कॉल दो बार आया, लेकिन मैं तो डर के पैसे वापस भेजने वाला था!”