Convertible Car: सामान्य कार से अलग होती हैं कन्वर्टिबल कारें...जानें इसके फीचर्स, प्रकार और 5 जरूरी बातें
Convertible Car: कन्वर्टिबल कार एक खास प्रकार की कार होती है जिसकी छत को जरूरत के अनुसार खोला या बंद किया जा सकता है। यह खुली छत के साथ ड्राइविंग का अनोखा अनुभव देती है और स्टाइल व लग्जरी का प्रतीक मानी जाती है। इनमें रिट्रैक्टेबल रूफ, मजबूत बॉडी, एडवांस सेफ्टी फीचर्स और प्रीमियम डिजाइन जैसे खास फीचर्स होते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कार लोग अलग-अलग जरूरत और शौक के अनुसार खरीदते हैं। कुछ लोग रोजाना एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए कार लेते हैं। जबकि कुछ लोग सिर्फ अपने शौक और खास अनुभव के लिए कार खरीदते हैं। ऐसी ही शौक से खरीदी जाने वाली खास कारों में कन्वर्टिबल कारें शामिल होती हैं। ये कारें आम कारों से अलग होती हैं। इनकी छत को खोला और बंद किया जा सकता है जिससे ये खुली जीप की तरह का अनुभव देती हैं। ये कारें ड्राइविंग को एक यादगार अनुभव बना देती हैं। जब कन्वर्टिबल कार की छत खुली होती है तो ड्राइव करते समय ठंडी हवा सीधे महसूस होती है और आसपास का नजारा साफ दिखाई देता है। यही चीज इसे सामान्य कारों से अलग बनाती है। इसी वजह से कन्वर्टिबल कारों को स्टाइल और लग्जरी का प्रतीक भी माना जाता है। लेकिन कन्वर्टिबल कार सिर्फ दिखने में ही खास नहीं होती, इसमें ऐसी खास डिजाइन और तकनीक भी होती है। इस लेख में हम आपको बताने वाले हैं कि कन्वर्टिबल कार कैसी होती है और ये कैसे सामान्य कारों से अगल हैं?
कन्वर्टिबल कार क्या होती है?
कन्वर्टिबल कार ऐसी कार होती है जिसकी छत को जरूरत के अनुसार खोला या बंद किया जा सकता है। यानी आप इसे सामान्य बंद छत वाली कार की तरह भी चला सकते हैं और चाहें तो खुली छत के साथ भी ड्राइव कर सकते हैं। आजकल की कन्वर्टिबल कारों में ऑटोमैटिक रूफ सिस्टम होता है जिसे एक बटन दबाकर कुछ ही सेकंड में खोला या बंद किया जा सकता है। जब छत बंद रहती है तो यह बिल्कुल सामान्य कार की तरह काम करती है। लेकिन जब छत खुल जाती है तो ड्राइविंग का अनुभव ज्यादा खुला और अलग महसूस होता है, साथ ही आसपास का नजारा भी बेहतर दिखाई देता है।
कन्वर्टिबल कारों के मुख्य फीचर्स
कन्वर्टिबल कारों में कुछ खास डिजाइन और तकनीकी फीचर्स होते हैं, जो इन्हें सामान्य कारों से अलग बनाते हैं।
1. रिट्रैक्टेबल रूफ (खुलने और बंद होने वाली छत)
यह कन्वर्टिबल कार का सबसे खास और मुख्य फीचर होता है। इसकी छत को जरूरत के अनुसार आसानी से खोला या बंद किया जा सकता है। ज्यादातर कारों में यह काम एक बटन दबाकर ही हो जाता है जिससे आप चाहें तो खुली छत के साथ ड्राइव का मजा ले सकते हैं या जरूरत पड़ने पर छत बंद कर सकते हैं।
2. मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर
कन्वर्टिबल कार में छत खुल और बंद होती है इसलिए कार को मजबूत बनाने के लिए इसमें खास तरह का मजबूत चेसिस और बॉडी दी जाती है। इससे कार चलाते समय स्थिर रहती है और ड्राइवर व यात्रियों की सुरक्षा भी बनी रहती है।
3. बेहतर इंसुलेशन और वेदर प्रोटेक्शन
आज की कन्वर्टिबल कारों में ऐसी खास सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बाहर की हवा की आवाज कम सुनाई देती है। साथ ही यह बारिश के पानी और धूल को भी अंदर आने से रोकती है, जिससे कार के अंदर आरामदायक माहौल बना रहता है।
4. एडवांस सेफ्टी फीचर्स
कन्वर्टिबल कारों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई आधुनिक सेफ्टी फीचर्स दिए जाते हैं। इनमें मजबूत विंडशील्ड, एयरबैग और रोलओवर प्रोटेक्शन जैसे सिस्टम शामिल होते हैं जो दुर्घटना की स्थिति में लोगों को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं।
5. स्टाइल और प्रीमियम अनुभव
कन्वर्टिबल कारों को खास तौर पर स्टाइलिश और प्रीमियम बनाने पर ध्यान दिया जाता है। इनमें आकर्षक डिजाइन, शानदार इंटीरियर और ऐसा ड्राइविंग अनुभव मिलता है जो सामान्य कारों से ज्यादा खास और आरामदायक होता है।
कन्वर्टिबल कार के प्रकार
कन्वर्टिबल कारें मुख्य रूप से तीन प्रकार की होती हैं:
1. सॉफ्ट-टॉप कन्वर्टिबल
इस तरह की कारों में कपड़े (फैब्रिक) की छत होती है जिसे पीछे की तरफ आसानी से मोड़ा जा सकता है। ये कारें वजन में हल्की होती हैं और क्लासिक कन्वर्टिबल लुक देती हैं। हालांकि इनमें मेटल वाली छत के मुकाबले बाहर की आवाज थोड़ी ज्यादा सुनाई दे सकती है।
2. हार्ड-टॉप कन्वर्टिबल
इस तरह की कारों में मेटल की छत होती है जो बटन दबाने पर अपने आप पीछे की ओर फोल्ड हो जाती है। जब छत बंद होती है तो यह बिल्कुल सामान्य कार जैसी दिखती और महसूस होती है। ये कारें ज्यादा मजबूत और सुरक्षित होती हैं लेकिन इनका वजन थोड़ा ज्यादा होता है और बूट (डिक्की) में सामान रखने की जगह थोड़ी कम हो सकती है।
3. टारगा या सेमी-कन्वर्टिबल
इस तरह की कारों में पूरी छत नहीं खुलती, बल्कि सिर्फ आगे बैठने वाले लोगों के ऊपर का हिस्सा ही खुलता या हटाया जा सकता है। इससे आपको खुली छत का कुछ अनुभव मिलता है और साथ ही कार की मजबूती भी बनी रहती है।
कन्वर्टिबल कार खरीदने से पहले इन 5 बातों का ध्यान रखना पड़ता है
1. रोजमर्रा में थोड़ी कम उपयोगी
कन्वर्टिबल कार खास तौर पर बेहतर ड्राइविंग अनुभव के लिए बनाई जाती है। लेकिन इसमें पीछे बैठने की जगह और सामान रखने की जगह (बूट स्पेस) सामान्य कारों के मुकाबले कम हो सकती है। इसलिए यह रोजमर्रा के ज्यादा उपयोग के बजाय अनुभव और शौक के लिए ज्यादा उपयुक्त होती है।
2. मेंटेनेंस थोड़ा ज्यादा हो सकता है
कन्वर्टिबल कार की छत खुलने और बंद होने के लिए मोटर और कई चलने वाले पार्ट्स का इस्तेमाल होता है। इन पार्ट्स को सही तरीके से काम करने के लिए समय-समय पर सर्विस और देखभाल की जरूरत होती है जिससे मेंटेनेंस सामान्य कार के मुकाबले थोड़ा ज्यादा हो सकता है।
3. मौसम का असर पड़ता है
कन्वर्टिबल कार का असली मजा तब आता है जब मौसम अच्छा हो। लेकिन बहुत ज्यादा गर्मी, तेज बारिश या ज्यादा धूल वाले इलाकों में आप छत खोलकर ज्यादा ड्राइव नहीं कर पाएंगे। इसलिए कन्वर्टिबल कार खरीदने से पहले अपने इलाके के मौसम के बारे में जरूर सोच लें।
4. आधुनिक कन्वर्टिबल कारें सुरक्षित होती हैं
आज की कन्वर्टिबल कारों में मजबूत बॉडी, एयरबैग और रोलओवर प्रोटेक्शन जैसे कई सेफ्टी फीचर्स दिए जाते हैं। इनकी वजह से ये कारें सुरक्षा के मामले में सामान्य कारों जितनी ही सुरक्षित मानी जाती हैं।
5. रीसेल वैल्यू ब्रांड और कंडीशन पर निर्भर करती है
कन्वर्टिबल कार की दोबारा बिक्री की कीमत उसके ब्रांड और उसकी हालत पर निर्भर करती है। अच्छे ब्रांड और सही तरीके से मेंटेन की गई कार की रीसेल वैल्यू अच्छी मिलती है। लेकिन अगर छत या अन्य पार्ट्स की हालत खराब हो, तो कार की कीमत कम हो सकती है।
लोग कन्वर्टिबल कार क्यों पसंद करते हैं?
कन्वर्टिबल कार सिर्फ एक कार नहीं बल्कि एक खास तरह का ड्राइविंग अनुभव देती है। जब आप खुली छत के साथ ड्राइव करते हैं तो ठंडी हवा और खुला माहौल सफर को और ज्यादा मजेदार बना देता है, खासकर अच्छे मौसम में। कई लोगों के लिए कन्वर्टिबल कार सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाने का साधन नहीं होती बल्कि ड्राइव का पूरा आनंद लेने का तरीका होती है। यही वजह है कि इसे आजादी, स्टाइल और खास अनुभव का प्रतीक माना जाता है।