सड़क पर उतरी बिना ड्राइवर वाली ल्यूसिड ग्रेविटी रोबोटैक्सी: उबर-नूरो ने शुरू की टेस्टिंग, कब से मिलेगी राइड?
- उबर और नूरो ने शुरू की टेस्टिंग।
- ल्यूसिड ग्रेविटी SUV बनेग रोबोटैक्सी।
- सैन फ्रांसिस्को में बिना ड्राइवर टेस्टिंग हुई।
- कर्मचारियों को जल्द मिलेगी ड्राइवरलेस राइड।
- 2027 की पहली तिमाही में शुरू होगी सर्विस।
विस्तार
ऑटोनॉमस यानी बिना ड्राइवर वाली कारों की दुनिया में उबर (Uber) और नूरो (Nuro) ने एक बड़ा कदम उठाया है। दोनों कंपनियों ने सैन फ्रांसिस्को बे एरिया की सड़कों पर बिना किसी मानव सुरक्षा ड्राइवर के 'ल्यूसिड ग्रेविटी' (Lucid Gravity) एसयूवी की टेस्टिंग शुरू कर दी है। कंपनियों को यह परमिट छह महीने से भी पहले मिल गया था। कहा जा रहा है कि कंपनियां 2027 की पहली तिमाही में आम जनता के लिए कमर्शियल रोबोटैक्सी सर्विस शुरू कर सकती हैं।
सैन फ्रांसिस्को की सड़कों पर शुरू हुई बिना ड्राइवर टेस्टिंग
- उबर और नूरो ने ल्यूसिड ग्रेविटी रोबोटैक्सी की सैन फ्रांसिस्को बे एरिया की सार्वजनिक सड़कों पर टेस्टिंग शुरू कर दी है। इस टेस्टिंग की सबसे खास बात यह है कि अब गाड़ी में किसी मानव सुरक्षा ड्राइवर की मौजूदगी जरूरी नहीं है।
- दोनों कंपनियों को इसके लिए छह महीने से भी पहले जरूरी परमिट मिल गया था। अब वे जल्द ही अपने कर्मचारियों को बिना ड्राइवर वाली राइड देना शुरू करेंगी।
- यह टेस्टिंग इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकिन कंपनियां 2027 की पहली तिमाही में आम लोगों के लिए कमर्शियल रोबोटैक्सी सर्विस शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।
कब शुरू होगी उबर की प्रीमियम रोबोटैक्सी सर्विस?
उबर ने करीब 16 महीने पहले एक बड़ी योजना का एलान किया था। इसमें कंपनी ल्यूसिड की इलेक्ट्रिक एसयूवी और नूरो की ऑटोनॉमस ड्राइविंग तकनीक का इस्तेमाल करके प्रीमियम रोबोटैक्सी सर्विस शुरू करना चाहती है। इस योजना में तीनों कंपनियों की अलग-अलग जिम्मा संभालेंगे।
- उबर: रोबोटैक्सी बेड़े का मालिकाना हक और संचालन संभालेगी।
- ल्यूसिड: इलेक्ट्रिक एसयूवी उपलब्ध कराएगी।
- नूरो : गाड़ियों के लिए ऑटोनॉमस ड्राइविंग तकनीक देगी। अब सार्वजनिक सड़कों पर बिना ड्राइवर टेस्टिंग शुरू होना इस योजना को हकीकत के करीब ले आया है।
- इस रोबोटैक्सी प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए उबर ने दोनों कंपनियों में बड़ा निवेश किया है। शुरुआत में उबर ने ल्यूसिड में 300 मिलियन डॉलर निवेश करने पर सहमति जताई थी। बाद में यह रकम बढ़कर 500 मिलियन डॉलर हो गई।
- इसके अलावा, टेकक्रंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस सौदे से जुड़े सूत्रों ने बताया कि उबर ने नूरो में भी करीब 500 मिलियन डॉलर निवेश करने पर सहमति जताई थी। इस साझेदारी से ल्यूसिड और नूरो को आर्थिक मदद के साथ अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का मौका भी मिला।
- रिपोर्ट्स के अनुसार उबर ने अगले छह वर्षों में ल्यूसिड से कम से कम 20 हजार एसयूवी खरीदने का वादा किया था। बाद में इस संख्या को बढ़ाकर कम से कम 35 हजार वाहन कर दिया गया।
- यह समझौता Lucid के लिए काफी अहम है। इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली इस कंपनी को इससे अपनी गाड़ियों की बिक्री का एक निश्चित जरिया मिल गया।
- वहीं, नूरो ने भी अपनी कारोबारी रणनीति में बड़ा बदलाव किया। कंपनी पहले बिना ड्राइवर वाले डिलीवरी वाहन बनाने पर काम कर रही थी, लेकिन अब उसने अपनी ऑटोनॉमस तकनीक दूसरी वाहन निर्माता कंपनियों और मोबिलिटी कंपनियों को लाइसेंस देने का फैसला किया है।
- बिना ड्राइवर टेस्टिंग शुरू करने से पहले भी नूरो करीब एक साल तक ल्यूसिड ग्रेविटी रोबोटैक्सी को सैन फ्रांसिस्को बे एरिया की सार्वजनिक सड़कों पर चला चुकी है। हालांकि, उस दौरान गाड़ी में एक मानव सुरक्षा ऑपरेटर मौजूद रहता था।
- इसके बाद कैलिफोर्निया डिपार्टमेंट ऑफ मोटर व्हीकल्स (DMV) ने मई 2026 में नूरो को बिना ड्राइवर वाले ऑटोनॉमस वाहनों को चलाने का परमिट दिया कैलिफोर्निया में ऑटोनॉमस वाहनों की टेस्टिंग और उन्हें सड़कों पर उतारने से जुड़े नियमों की निगरानी यही विभाग करता है। इस परमिट के मिलने के बाद कंपनियों के लिए बिना मानव सुरक्षा ड्राइवर के टेस्टिंग शुरू करने का रास्ता साफ हुआ।
The driver is officially out. Our Lucid Gravity robotaxis driven by @Nuro are now testing fully driverless on public roads in the San Francisco Bay Area. Employee rides are next. The future of mobility is getting closer—coming to @Uber in early 2027. Read more: https://t.co/gdIRcgzwf4
— Lucid Motors (@LucidMotors) November 24, 2026
ह्यूस्टन में भी चल रही है ऑटोनॉमस कारों की टेस्टिंग
उबर और नूरो केवल सैन फ्रांसिस्को तक ही सीमित नहीं हैं। दोनों कंपनियां अमेरिका के ह्यूस्टन की सार्वजनिक सड़कों पर भी ऑटोनॉमस वाहनों की टेस्टिंग कर रही हैं। हालांकि, वहां गाड़ियों में मानव सुरक्षा ऑपरेटर मौजूद रहते हैं। आम लोगों के लिए रोबोटैक्सी सर्विस शुरू करने से पहले नूरो अपने सेल्फ-ड्राइविंग सिस्टम की कई स्तरों पर जांच कर रही है।
इसके लिए कंपनी तीन तरह से काम कर रही है...
- सार्वजनिक सड़कों पर टेस्टिंग।
- बंद रास्तों यानी क्लोज्ड-कोर्स पर जांच।
- सिमुलेशन के जरिए सिस्टम की टेस्टिंग।
किन तकनीकों से लैस है रोबोटैक्सी?
- जनवरी 2026 में लॉन्च की गई ल्यूसिड ग्रेविटी राेबोटैक्सी में कई आधुनिक सेंसर और कैमरे दिए गए हैं। इनमें हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, सॉलिड-स्टेट LiDAR सेंसर और रडार शामिल हैं। ये सभी तकनीकें मिलकर गाड़ी के सेल्फ-ड्राइविंग सिस्टम को आसपास के माहौल को समझने में मदद करती हैं।
- इनकी मदद से वाहन सड़क, आसपास की चीजों और वास्तविक परिस्थितियों को पहचानकर उसी के अनुसार काम कर सकता है। इस तरह गाड़ी को चलाने के लिए हर समय किसी इंसानी ड्राइवर की जरूरत नहीं रहती।
यात्रियों के अनुभव पर भी उबर का फोकस
- इस रोबोटैक्सी प्रोजेक्ट में उबर केवल गाड़ी की ड्राइविंग तकनीक पर ही ध्यान नहीं दे रही है। कंपनी ने SUV के केबिन के अंदर यात्रियों को मिलने वाले अनुभव पर भी खास काम किया है।
- चूंकि उबर इस रोबोटैक्सी बेड़े का मालिकाना हक और संचालन संभालेगी, इसलिए कंपनी यह भी तय कर रही है कि यात्री बिना ड्राइवर वाली गाड़ी के साथ किस तरह बातचीत करेंगे और उनके सफर का अनुभव कैसा होगा।
- यानी इस प्रोजेक्ट का मकसद सिर्फ बिना ड्राइवर कार चलाना नहीं, बल्कि यात्रियों को एक अलग तरह की प्रीमियम राइड उपलब्ध कराना भी है।
2027 की पहली तिमाही पर टिकी नजरें
उबर, ल्यूसिड और नूरो की साझेदारी अब टेस्टिंग के अगले चरण में पहुंच गई है। साथ ही सैन फ्रांसिस्को में बिना मानव सुरक्षा ड्राइवर के सार्वजनिक सड़कों पर गाड़ी चलना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अब कंपनियों का अगला लक्ष्य कर्मचारियों को ड्राइवरलेस राइड देना और 2027 की पहली तिमाही में कमर्शियल रोबोटैक्सी सर्विस शुरू करना है। हालांकि, आम लोगों के लिए सेवा शुरू होने से पहले ऑटोनॉमस सिस्टम की जांच और जरूरी तैयारियां पूरी करनी होंगी।
