Hyundai ने मई में विदेशी बाजार में बेचीं 5,000 'मेक इन इंडिया' कारें, 21 सालों में 30 लाख गाड़ियां निर्यात
Hyundai ने मई 2020 में ‘मेक इन इंडिया’ यानी भारत में निर्मित पांच हजार कारें विदेशी बाजार को निर्यात की हैं। कंपनी ने इस महीने मई में कामकाज शुरू किया था। कंपनी ने 1999 में निर्यात शुरू किया था, तब से अभी तक कंपनी 88 देशों को 30 लाख कारें निर्यात कर चुकी है।
आर्थिक सुधारों के प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण
शनिवार को कंपनी की तऱफ से विज्ञप्ति में बताया गया है कि वह सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके तहत मई महीने में पांच हजार कारें निर्यात की गईं। ह्यूंदै मोटर इंडिया लिमिटेड के एमडी और सीईओ एसएस किम ने कहा कि हमने एक बार फिर मई में 5,000 यूनिट्स का निर्यात करके सामान्य हालात की तरफ लौटने की तरफ शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह स्थानीयकरण और आर्थिक सुधारों के प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
वेन्यू और क्रेटा समेत 10 मॉडल का निर्यात
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में 1,81,200 यूनिट्स का निर्यात किया था। कंपनी के मुताबिक 2019 में भारत से यात्री कारों के कुल निर्यात में 26 फीसदी की बाजार हिस्सेदारी के साथ, कंपनी ने भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कंपनी वर्तमान में वेन्यू और क्रेटा समेत 10 मॉडल का निर्यात करती है।
चार हजार से ज्यादा इंक्वारी
55 दिनों के लॉकडाउन के बाद कंपनी ने इस महीने की शुरुआत में चेन्नई के नजदीक श्रीपेरंबुदुर प्लांट में प्रोडक्शन शुरू किया था। कंपनी की अभी तक 255 से ज्यादा डीलरशिप और वर्कशॉप खुल चुकी हैं। ऑपरेशन शुरू करने के बाद से अभी तक कंपनी को चार हजार से ज्यादा लोग गाड़ियों को लेकर पूछताछ कर चुके हैं। 500 से ज्यादा बुकिंग्स और 170 गाड़ियां बिक चुकी हैं।