Kia Carens: दुर्घटनाग्रस्त हुई नई किआ कैरेंस, बाल-बाल बची ड्राइवर की जान, सामने आई चौंकाने वाली ये जानकारी
वीडियो में वह शख्स बता रहा है कि इस जबरदस्त टक्कर में आगे का बंपर और लाइट्स बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं ड्राइवर साइड के 16 इंच के डायमंड कट अलॉय व्हील के रिम के अलावा गाड़ी के अगले टायर को भी काफी नुकसान पहुंचा है...
विस्तार
Kia की 6-7 सीटर एमपीवी Kia Carens को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। हाल ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें किआ कैरेंस का एक्सीडेंट हुआ है। माना जा रहा है कि अभी तक बिक चुकीं किआ कैरेंस का यह संभवतया पहला एक्सीडेंट है। इस वीडियो के आने के बाद Kia Carens के सेफ्टी फीचर्स की सच्चाई सामने आ गई है। फरवरी माह में Kia Carens की 18 हजार यूनिट्स की डिलीवरी हो चुकी है। Kia Carens को इस साल फरवरी में ही लॉन्च किया गया था। अभी तक किआ कैरेंस की 50 हजार से ज्यादा गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी हैं।
चैसिस को कोई नुकसान नहीं
हाल ही में कैरेंस को लेकर जो वीडियो जारी हुआ है, वह एक यूट्यूबर ने किया है। वीडियो को 20 मार्च को अपलोड किया गया है। वीडियो बना रहे शख्स का कहना है कि उसने दो दिन पहले ही शोरूम पर गाड़ी की नंबर प्लेट लगवाई थी। उस शख्स का कहना है कि होली त्योहार वाले दिन एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में किआ कैरेंस का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। जिसके बाद कैरेंस के ड्राइवर साइड का अगला हिस्सा पूर्णतया क्षतिग्रस्त हो गया।
वीडियो में वह शख्स बता रहा है कि इस जबरदस्त टक्कर में आगे का बंपर और लाइट्स बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं ड्राइवर साइड के 16 इंच के डायमंड कट अलॉय व्हील के रिम को भी काफी नुकसान पहुंचा है। गाड़ी के अगले टायर को भी इस हादसे में काफी नुकसान पहुंचा है। लेकिन अच्छी बात यह रही कि गाड़ी की चैसिस को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं फेंडर्स और ड्राइवर साइड डोर को भी इस दुर्घटना में नुकसान पहुंचा है।
सेफ्टी फीचर्स ने बचाई जान
वहीं वीडियो में यह शख्स कहता दिख रहा है कि किआ कैरेंस में आने वाले 6-एयरबैग्स और सेफ्टी फीचर्स ने उसकी जान बचाई है। हादसे में गाड़ी के दोनों फ्रंट एयरबैग्स खुल गए। पीड़ित शख्स बता रहा है कि वह सीट बेल्ट पहने 40 से 50 किमी प्रति घंटा की स्पीड पर ड्राइव कर रहा था और जैसे ही हादसा हुआ आगे के दोनों एयरबैग्स खुल गए। वहीं पीछे बैठे लोगों को कोई नुकसान नहीं हुआ। इस सेगमेंट में किआ कैरेंस अकेली कार है जिसमें स्टैंडर्ड 6-एयरबैग्स का सेफ्टी फीचर मिलता है।
Kia Carens सेफ्टी फीचर्स
किआ कैरेंस के सभी ट्रिम में स्टैंडर्ड रूप से 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल (ESC), व्हीकल स्टैबिलिटी मैनेजमेंट (VSM), हिल-असिस्ट कंट्रोल (HAC), डाउनहिल ब्रेक कंट्रोल (DBC), ब्रेक असिस्ट सिस्टम (BAS), एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), रिअर पार्किंग सेंसर्स, हाईलाइन TPMS और ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक्स शामिल हैं। ESC कार को ट्रैक्शन से होने वाले नुकसान से बचाता है, HAC और DBC ड्राइवर को चढ़ाई और ढलान वाली सड़कों पर आत्मविश्वास के साथ वाहन चलाने की आजादी देते हैं। इसके अलावा, जब ड्राइवर अचानक ब्रेक लगाता या मुड़ता है तब VSM कार को स्थिरिता प्रदान करके अतिरिक्त सुरक्षा सुनिश्चित करता है। सुरक्षा पर अपने ध्यान को बनाए रखते हुए, कंपनी ने कार के साथ फ्रंट-पार्किंग सेंसर्स, हाईलाइन TPMS, और रेन-सेंसिंग वाइपर्स भी पेश किए हैं।