भारत से बोरिया-बिस्तर समेटने की तैयारी में है यह अमेरिकी बाइक कंपनी, बनाती है क्रूजर बाइक्स!
ऑटो सेक्टर में छाई सुस्ती का असर दोपहिया निर्माता कंपनियों पर भी दिखाई दे रहा है। 2016 में भारतीय बाजार में एंट्री करने वाली अमेरिकन बाइक कंपनी UM Motorcycle अब भारतीय बाजार को अलविदा कहने के लिए तैयार है। UM मोटरसाइकिल ने क्रूजर लुक वाली रेनिगेड स्पोर्ट और क्लासिक बाइक की लॉन्चिंग के साथ भारतीय बाजार में प्रवेश किया था। जनरल मोटर्स और फिएट के बाद ऑटो सेक्टर से जुड़ी यूएम मोटरसाइकिल तीसरी ऐसी कंपनी होगी, जो पिछले दो सालों में भारत को अलविदा कहने की तैयारी कर रही है।
डीलर हो रहे परेशान
कंपनी ने भारतीय बाजार में प्रवेश करने के लिए लोहिया ऑटो के साथ संयुक्त उद्यम लगाने की साझेदारी की थी, लेकिन आपसी झगड़ों की वजह से कंपनी ने देश में अपने आपरेशंस बंद कर दिए। ईटी की खबर के मुताबिक इन कंपनियों से जुड़े कई लागों ने माना है कि दोनों में कोई भी पार्टी ब्रांड को पुनर्जीवित करने का प्रयास नहीं कर रही है, जिसके चलते देशभर में मौजूद कंपनी के डीलर्स की जमापूंजी फंस गई है। अधिकाश डीलरों का कहना है कि संयुक्त उपक्रम में शामिल कोई भी साझेदार उनकी समस्याओं को हल करने के लिए आगे नहीं आ रहा है। अधिकांश डीलरों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए हैं या फिर बिकी हुई बाइक्स के लिए सर्विसिंग सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।
उत्पादन शुरू होने के आसार नहीं
एक डीलर का कहना है कि कंपनी ने बड़े जोश के साथ उत्तराखंड के काशीपुर में स्थित प्लांट में मई, 2016 से कॉमार्शियल प्रोडक्शन शुरू किया था, लेकिन अब वहां उत्पादन बंद कर दिया गया है। उनका कहना है कि कंपनी हर दो महीने में संकेत देती है कि कंपनी जल्द ही उत्पादन शुरू करने वाली है लेकिन ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है। वहीं दिल्ली के तिलक नगर स्थित एक डीलर ने भी कंपनी की नीतियों से परेशान हो कर किसी और कंपनी की डीलरशिप ले ली है।
यूएम की तरफ से कोई सपोर्ट नहीं
कई डीलरों को कहना है कि कंपनी नए लॉन्च को लेकर भी उत्पादन शुरू नहीं करने वाली है और न ही ऐसी कोई योजना बना रही है। वहीं लोहिया ऑटो के सीईओ आयुश लोहिया का कहना है कि कंपनी के जल्द आपरेशन शुरू होने की कोई उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है क्योंकि यूएम की तरफ से कोई सपोर्ट नहीं मिल रहा है।
अमेरिका में यूएम को बड़ा नुकसान
इससे पहले अगस्त में कई जगहों पर खबरें आई थीं कि कंपनी जल्द ही नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करने की योजना बना रही है और उन्हें दिवाली के आसपास लॉन्च किया जाएगा। लोहिया का कहना है कि अमेरिका में यूएम को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है, जिसके चलते वह वित्तीय संकट में घिर गई है। वहीं डीलर्स ने 90 लाख से एक करोड़ रुपये खर्च करके कंपनी की डीलरशिप ली थी, लेकिन इसके चलते वे बड़ी परेशानी में आ गए हैं।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
लोहिया का कहना है कि हालांकि कंपनी कुछ डीलर्स को सपोर्ट कर रही है, लेकिन ज्वाइंट वेंचर एकतरफा नहीं चल सकता है। अगर वे इच्छुक नहीं हैं, तो एकतरफा सभी फैसले नहीं लिए जा सकते। वहीं कुछ डीलर इस ज्वाइंट वेंचर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का मन बना रहे हैं। डीलरों का कहना है कि कंपनी में उनके सवालों का जवाब देने के लिए अब कोई कर्मचारी भी नहीं बचा है।
कमांडो क्रूजर हुई कई बार रिकॉल
माना जा रहा है कि लगातार गाड़िया रिकॉल करने और लोहिया और यूएम मोटरसाइकिल के बीच कुछ ऐसे विवाद थे जिनके चलते आपरेशन को बंद कर दिया गया। डीलर्स का कहना है कि कमांडो क्रूजर को कई बार रिकॉल किया गया, क्योंकि उसके गियरप्लेट और फ्यूल पंप में खराबी थी।
कीमत 1.59 लाख से 1.95 लाख रुपये तक
लोहिया और यूएम ने 2014 में ज्वाइंट वेंचर करके यूएम लोहिया टूव्हीलर्स बनाई थी। जिसके तहत उत्तराखंड में हर साल एक लाख बाइक्स का प्रोडक्शन होना था। कंपनी ने क्रूजर लुक वाली रेनिगेड कमांडो स्पोर्ट और रेनिगेड कमांडो मोजेव, कमांडो क्लासिक जैसी बाइक्स लॉन्च की थीं, जिनकी एक्स-शोरूम कीमत 1.59 लाख रुपये से 1.95 लाख रुपये तक थी।